’स्मार्ट स्नैकिंग’ से स्वस्थ रहेंगे दांत

                               ’स्मार्ट स्नैकिंग’ से स्वस्थ रहेंगे दांत

                                                                                                                                                डॉ0 दिव्याँशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

स्नैक्स आपके दांतों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। जरूरत से ज्यादा चीनी, नमक और वसा दांतों की सड़न का कारण बनते हैं। इन सभी समस्याओं का ’स्मार्ट स्नैकिंग’ विकल्प है।

                                                                                

दिन में तीन बार भोजन करने के बाद भी बीच में भूख महसूस होती है। ऐसे में लोग कुकीज, चिप्स या केंडी जैसे स्नैक्स खाते हैं। इनका जरूरत से ज्यादा सेवन दांतों को खराब कर सकता है। इसलिए चिकित्सक ’स्मार्ट स्नैकिंग’ की सलाह देते हैं। स्वस्थ स्नैक्स खाने से ध्यान केंद्रित रखने, ऊर्जा पाने और भूख पर नियंत्रण रखने में मदद मिलती हैं।

जब भूख लगे तो फल और सब्जियां या साबुत अनाज (जिनमें 3 ग्राम या अधिक फाइबर हो और प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ) आदि को ही चुनें। चीनी, नमक और वसा की अधिक मात्रा वाले स्नैक्स खाने से बचें। कैंडी, ’केक, कुकीज और अन्य शर्करायुक्त खाद्य पदार्थ दांतों की सड़न का कारण बन सकते हैं। जो लोग मीठे स्नैक्स खाते हैं, वे हर दिन कई अलग-अलग प्रकार की चीनी खाते हैं, जिनमें टेबल शुगर और कॉर्न स्वीटनर शामिल हैं।

स्टार्चयुक्त स्नैक्स भी मुंह में जाने के बाद शर्करा में बदल सकते हैं। बैक्टीरिया नामक अदृश्य कीटाणु हर समय मुंह में रहते हैं। इनमें से कुछ वैक्टीरिया दांतों की सतह पर एक चिपचिपा पदार्थ बनाते हैं, जिसे प्लाक कहते हैं। जब आप अपने मुंह में चीनी डालते हैं तो प्लाक में मौजूद बैक्टीरिया मीठी चीजों को निगल जाते हैं और उन्हें एसिड में बदल देते हैं। ये एसिड दांतों को ढकने वाले कठोर इनेमल को घोलने के लिए शक्तिशाली होती हैं।

                                                                               

ऐसे में अगर आप अधिक चीनी नहीं खाते हैं तो बैक्टीरिया उतनी एसिड उत्पन्न नहीं कर पाते, जो इनेमल को खा जाते हैं। इससे पहले कि आप स्नैक्स खाना शुरू करें, तो अपने आप से पूछें कि स्नैक्स में क्या है? यह भी सोचें कि आप कब और कितनी बार स्नैक्स खाते हैं। क्या आप दिनभर में कई बार मीठे स्नैक्स खाते हैं या क्या आप आमतौर पर रात के खाने के बाद सिर्फ मिठाई खाते हैं? जब भी स्नैक्स खाएं, उसके बाद अपने दांतों को टूथपेस्ट से अच्छी तरह से ब्रश करें।

कच्ची सब्जियां, ताजे फल या साबुत अनाज या कम वसा वाले खाद्य पदार्थ स्मार्ट विकल्प साबित हो सकते हैं। सही भोजन खाने से आपको दांतों की सड़न और अन्य बीमारियों से बचने में मदद मिल सकती है। ध्यान रखें, कुछ ताजे फल भी अगर अधिक मात्रा में खाए जाएं तो दांतों की सड़न को बढ़ावा दे सकते हैं। दांत संबंधी ज्यादा परेशानी हो तो दंत रोग चिकित्सक से परामर्श बेहद जरूरी है।

विटामिन डी और कैल्शियम

                                                                

खानपान बदलने से दांतों की समस्या भी बढ़ रही है, इसलिए ऐसे स्नैक्स खाएं, जो दांतों पर चिपकने वाले ने हो। ऑयली स्नैक्स खा रहे है तो दांतों को अच्छी तरह साफ करें। शरीर में विटामिन डी और कैल्शियम की कमी से भी दांत कमजोर होते हैं।

बहुत मीठे स्नैक्स न खाए। इनसे भी दांत खराब हो सकते हैं। हरे पत्ते वाली सब्जियां, पालक या मेथी ज्यादा खाएं। इनसे भरपूर न्यूट्रिएट्स होते है। विटामिन सी आपके मसूड़ों के लिए अच्छा होता है।

लेखकः डॉ0 दिव्याँशु सेंगर प्यारे लाल शर्मा जिला अस्पताल मेरठ, में मेडिकल ऑफिसर हैं।