प्रमोशन के लिए कैसे करें तैयारी ताकि मिले बेहतर परिणाम

               प्रमोशन के लिए कैसे करें तैयारी ताकि मिले बेहतर परिणाम

                                                                                                                                                                               डॉ0 आर. एस. सेंगर

यदि आप अच्छे पद की उम्मीद कर रहे हैं और आपको अच्छा वेतन चाहिए और इसके साथ ही आप जिम्मेदारी वाला पद भी चाहते हैं, लेकिन आपके बॉस ने यह संकेत नहीं दिया है कि आप जल्द ही आगे बढ़ेंगे तो आगे बढ़ने के लिए आपको अपने काम में कुछ जरूरी बदलाव करने की आवश्यकता है। पदोन्नति को सुनिश्चित करने के लिए कभी-कभी अतिरिक्त कौशल की आवश्यकता होती है। अतः नौकरी में पदोन्नति मांगने से पहले ऑफिस में उपयोग किए जाने वाले ऐसे जरूरी कौशलों को सीखें जो कि आपकी पदोन्नति के लिए बेहतर साबित हो सकते हैं।

                                                                                               

संस्थान में अपनी उपलब्धियों को करें उजागर

जब कभी भी आप पदोन्नति या वेतन वृद्धि की मांग करें, तो उसे दौरान अपनी उपलब्धियों को अवश्य स्पष्ट रूप उजागर करें। अपनी पिछली उपलब्धियों पर भी नजर रखकर आप अपनी एक अलग छवि बना सकते हैं जो ऑफिस में आपके प्रदर्शन को उजागर करके आपके बॉस को संकेत देता है कि आप किसी भी कर को करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस प्रकार से आप स्वयं को साबित करके पदोन्नति के प्रबल दावेदार हो सकते हैं।

एक नेतृत्वकर्ता की तरह करें कार्य

                                                                             

किसी भी संस्थान में बॉस ऐसे कर्मचारियों की पदोन्नति प्रदान करते हैं जो अच्छे नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन कर सकने में सक्षम होता हैं। यदि आप अपने ऑफिस में आगे बढ़ना चाहते हैं, तो यह आवश्यक है कि आप प्रमोशन से पहले एक लीडर की तरह सोचें और कार्य करने के लिए बेहतर रणनीतियों को अपनाएं। कंपनी को क्या चाहिए इस पर ध्यान केंद्रित करते रहें और अपने दायित्वों का पूरी तरह से पालन करें। इसके साथ ही आप अपेक्षित व्यावसायिक कार्यों और छोटी नेतृत्व भूमिकाओं की तलाश करें जिनका पूरा किया जाना आवश्यक है और ऐसे सभी कार्यों को जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का प्रयास करें।

सभी से मिलनसार बने

                                                                 

अपने बॉस के सामने स्वयं को बेहतर साबित करने के लिए आपको ऑफिस के महत्वपूर्ण व्यक्तियों और अपने सहकर्मियों के साथ मेलजोल बढ़ाना चाहिए और उन सभी के साथ अच्छे संबंध बनाने चाहिए। ऐसा करने से लोग आपको पसंद करने लगेंगे, जिससे यह संभावना बढ़ जाती है कि आपके बॉस आपको एक मजबूत लीडर के रूप में देखने लगेंगे। कार्यस्थल पर अच्छे संबंध बनाने से न केवल टीमवर्क बढ़ता है बल्कि आपकी पदोन्नति की संभावना भी काफी बढ़ जाती है। जब आप अपने सहकर्मियों से बात कर रहे हो तो उनसे खुलकर बात करने से बचे और बातचीत का रूख हमेशा सकारात्मक ही रखें और कभी भी नकारात्मक बातें न करें।

पदोन्नति के लिए अपने बॉस से बात करें

यदि आप अपने बॉस से अपने कैरियर के बारे में बात नहीं करते हैं, तो शायद आपके बॉस को यह एहसास ही नहीं हो पाएगा कि आप पदोन्नति चाहते हैं। आप अपने बॉस को स्पष्ट करें कि आप एक बड़ी भूमिका निभाना चाहते हैं। इसके अतिरिक्त आप अपने बॉस से अपने लक्ष्य और महत्वाकांक्षाओं के बारे में आवश्यक रूप से बात करें। यदि आप ऑफिस में कुछ कार्यों से पूरी तरह परिचित नहीं है तो इनके बारें में आपके बॉस आपको बता सकते हैं कि पदोन्नति या वेतन वृद्धि पर विचार करने के लिए आपको किन बातों पर ध्यान देने की आवश्यकता है और आपका यही दृष्टिकोण यह दर्शाइएगा कि आप सक्रिय रूप से अपने अंदर सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं। यदि आप ऐसा साबित करने में सफल हो गए तो निश्चित रूप से आपको अपने ऑफिस में पदोन्नति मिल ही जाएगी।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, निदेशक प्रशिक्षण, सेवायोजन एवं विभागाध्यक्ष प्लांट बायोटेक्नोलॉजी संभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।