ई-कॉमर्स में है करियर के बेहतर स्कोप

                            ई-कॉमर्स में है करियर के बेहतर स्कोप

                                                                                                                                                                                  डॉ0 आर. एस. सेंगर

                                                                              

वर्तमान समय में जहां इंटरनेट लोगों के सामान्य जीवन का एक अहम हिस्सा बन चुका हैं, वहीं एक कॉमर्स वेबसाइट का भी चलन तेजी से बढ़ रहा है और लोग ऑनलाइन शॉपिंग में अपनी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। आज से कुछ वर्षों पहले एक समय ऐसा भी था जब हमें छोटी से छोटी चीज खरीदने के लिए बाजारों का रुख करना पड़ता था और घंटों बाजार में घूमने के बाद चीज घर पर ला पाते थे। लेकिन अब एक क्लिक ने उन सभी मुसीबत को आसान कर दिया गया है जिसके लिए हमें घंटों के अपने समय बर्बाद करना पड़ता था।

ई-कॉमर्स उद्योग का विकास होने से इसमें रोजगार की संभावनाएं भी तेजी से बढ़ी है और यही वजह है कि इस दिशा में युवाओं का रुझान भी काफी बढ़ा है। ऐसे में यदि आप भी इस क्षेत्र में अपना कैरियर बनाना चाहते हैं तो आप में नेतृत्व कौशल की क्षमता एवं सेल्स मार्केटिंग की बेहतर समझ का होना आवश्यक है। इसके लिए इस क्षेत्र का कोई कोर्स या जागरूक रहकर इंटरनेट के माध्यम से आवश्यक जानकारी जुटा कर भी इसमें आप आगे बढ़ सकते हैं।

क्या है ई-कॉमर्स

                                                                                

ई-कॉमर्स इलेक्ट्रॉनिक कॉमर्स का तात्पर्य इंटरनेट पर वस्तुओं और सेवाओं की खरीद व बिक्री से है। ई-कॉमर्स एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां से आप अपनी जरूरत का कोई भी सामान घर बैठे बाजार की तुलना में कम दाम में ले सकते हैं और इससे समय की बचत भी होती है। इसके साथ ही आपको कुछ ना कुछ ऑफर भी मिल जाता है। यहां तक की इसके जरिए आप कोई भी सामान घर बैठे बेच भी सकते हैं और इसका चलन वर्तमान में लगातार बढ़ता जा रहा है, इसलिए करियर की संभावनाएं भी क्षेत्र में अब पहले से अधिक हो गई हैं।

क्या होनी चाहिए योग्यता

                                                                       

यदि आप इस क्षेत्र में अपना कैरियर बनाना चाहते हैं तो 12वीं के बाद इसके कई कोर्सेज अब उपलब्ध है, जिन्हें करने के बाद विभिन्न कंपनियों में आपको एक अच्छी नौकरी मिल सकती है। इसमें सर्टिफिकेट, स्नातक, पीजी, डिप्लोमा और परास्नातक स्तर के कई कोर्सेज हैं जो आपके करियर को ऊंचाई पर पहुंचा सकते हैं।

ई-कॉमर्स टेक्नोलॉजी में सर्टिफिकेट से लेकर बैचलर ऑफ इ-कॉमर्स, बैचलर आफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन इन ई-कॉमर्स जैसे कोर्सेज उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त इसमें परास्नातक स्तर के भी कई कोर्सेज हैं जैसे एमबीए इन ई-कॉमर्स, मास्टर इन ई-कॉमर्स, मास्टर आफ इंजीनियरिंग इन ई-कॉमर्स आदि करके आप बड़ी कंपनियों में उच्च पदों पर काम कर सकते हैं।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, निदेशक प्रशिक्षण, सेवायोजन एवं विभागाध्यक्ष प्लांट बायोटेक्नोलॉजी संभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।