सर्दियों में आंखों से क्यों आता है पानी

                        सर्दियों में आंखों से क्यों आता है पानी

                                                                                                                                                              डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

                                                                

सर्दी के मौसम में तापमान तेजी से गिर जाता है और ठंडी हवाएं भी चलने लगती हैं। ऐसे में शुष्क हवाओं के कारण आंखों में ड्राइनेस और जलन जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं। आंखों से पानी बहने लगता है, क्योंकि आंखें प्राकृतिक रूप से लुब्रिकेंट तैयार नहीं कर पाती। कुछ उपचार की मदद से आंखों से आ रहे पानी को रोका जा सकता है।

सर्दियों के कारण से यदि आपकी आंखों से पानी गिरता है तो यह अत्यंत जरूरी है कि आप अपनी आंखों की सफाई रखें। अगर आपकी आंखों से बहुत ज्यादा पानी गिरता है तो आपको चाहिए की आंखों को समय-समय पर धोते रहे। ऐसा करने से एलर्जी या अन्य समस्याओं से भी राहत मिल सकती है। आंखों से पानी आने पर आप अपनी आँखों की ठंडी या गरम सिकाई भी कर सकते हैं।

आंखों की मालिश करने से भी आपको वॉटरी आई से राहत मिल सकती है। आंखों की मालिश करने से आंखें अपनी प्राकृतिक प्रक्रिया को करने में सहज हो जाती है और पलकों में मौजूद ऑयल ग्लैंड सही तरीके से काम करने लगते हैं। इसके फलस्वरूप  आंखों से पानी आने की समस्या कम हो जाती है। जब ठंड की वजह से आंखों से पानी बहने लगे तो उसमें जबरन रोकने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। अपने साथ सूती या एक साथ रुमाल रखें और आँखों में पानी आने पर अपने हल्के हाथों से आंखों को पौंछें। हालांकि, आंखों से पानी आना कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के चलते भी हो सकता है।

                                                                     

इसके अन्तर्गत आंखों की तेल ग्रंथि में दिक्कत होना, पलकों में सूजन और कॉर्निया में चोट लगना आदि कारण शामिल हो सकते है। ध्यान रहे कि किसी नेत्र रोग विशेषज्ञ से परामर्श किए बिना कोई भी दवा अपनी आंखों में न डालें क्योंकि इससे आपकी परेशानी ज्यादा बढ़ सकती है। सही समय पर सही इलाज ही आपकी परेशानी को कम कर सकता है। यदि आपको अधिक परेशानी है तो आपने निकट के नेत्र चिकित्सक से सलाह लेकर ही इसका कोई उपचार करें।

लेखकः डॉक्टर दिव्यांशु सेंगर, मेडिकल ऑफिसर, प्यारेलाल जिला अस्पताल मेरठ।