​​​​​​​फेस औथेंटिकेशन फीचर वाला पीएम किसान मोबाइल एप लाँच

                                                  फेस औथेंटिकेशन फीचर वाला पीएम किसान मोबाइल एप लाँच

                                                       

इस नए एप से दूरदराज के किसान घर बैठे ही बिना ओटीपी या फिंगरप्रिंट के फेस स्कैन कर ईकेवाईसी कर सकते हैं”।

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी व किसानों को आय हेतु सहायता देने के लिए लोकप्रिय योजना “प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि” के अंतर्गत फेस औथेंटिकेशन फीचर का पीएम किसान मोबाइल एप केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के द्वारा लाँच किया गया।

अत्याधुनिक टैक्नोलौजी के उपयोग के बेहतरीन उदाहरण इस एप से फेस औथेंटिकेशन फीचर का उपयोग कर किसान दूरदराज, घर बैठे ही आसानी से, बिना ओटीपी या फिंगरप्रिंट के ही फेस स्कैनर के के माध्यम से ईकेवाईसी को पूरा कर सकते है और सौ अन्य किसानों को भी उन के घर पर ईकेवाईसी करने में मदद कर सकते है।

भारत सरकार ने ईकेवाईसी को अनिवार्य रूप से पूरा करने की आवश्यकता समझते हुए, किसानों का ईकेवाईसी करने की क्षमता को राज्य सरकारों के अधिकारियों तक भी बढ़ाया है। जिसके चलते अब प्रत्येक अधिकारी 500 किसानों तक के लिए ईकेवाईसी प्रक्रिया को पूरा कर सकता है।

कृषि भवन, नई दिल्ली में आयोजित इस समारोह से देशभर के कृषि विज्ञान केंद्रों में उपस्थित हजारों किसानों के साथ ही केंद्र व राज्य सरकारों के अधिकारी और विभिन्न सरकारी एजेंसियों एवं कृषि संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में वर्चुअल रूप से जुड़े हुए थे।

                                                       

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि भारत सरकार की बहुत ही व्यापक एवं महत्वाकांक्षी योजना है, जिस के क्रियान्वयन में राज्य सरकारों ने काफी परिश्रमपूर्वक अपनी भूमिका का निर्वहन किया है और इसी का परिणाम है कि लगभग साढ़े 8 करोड़ किसानों को केवाईसी के बाद अब हम योजना की किस्त देने की स्थिति में आ गए हैं।

यह प्लेटफार्म जितना परिमार्जित होगा, वह पीएम किसान के काम तो आएगा ही, और किसानों को कभी भी कोई लाभ देने की प्रक्रिया में, तब भी केंद्र एवं राज्य सरकारों के पास पूरा डेटा उपलब्ध होगा, जिससे इस प्रकार के कामों में कोई परेशानी खड़ी नहीं हो सकेगी।