किसानों के लिए अच्छी खबर! अब श्रीअन्न-धान बेचने के लिए कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन, अगले महीने से धान खरीद शुरू      Publish Date : 14/10/2024

किसानों के लिए अच्छी खबर! अब श्रीअन्न-धान बेचने के लिए कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन, अगले महीने से धान खरीद शुरू

                                                                                                                                        प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 कृषाणु

अब धान और श्रीअन्न की ऑनलाईन बिक्री होगी

किसान अब मोटे खाद्यान्न और धान बेचने के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मीरजापुर में 25 श्रीअन्न और 98 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। किसानों को खरीद में किसी भी तरह की समस्या नहीं होगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। धान की खरीद एक नवंबर 2024 से आरंभ होकर 28 फरवरी 2025 तक चलेगी।

1.   किसानों से 25 केंद्रों पर श्रीअन्न व 98 क्रय केंद्रों धान की खरीद होगी।

2.   शासन की ओर से उपज की खरीद के लिए पारदर्शी व्यवस्था की जाएगी।

3.   खाद्य विपणन अधिकारी ने किसानों की जिज्ञासाओं का किया समाधान।

फिलहाल श्रीअन्न की खरीदी चल रही है और धान बिक्री एक नवंबर से आरंभ होगी। किसान अपनी उपज बिक्री के लिए ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। साथ ही किसान मित्र मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं भी अपना नवीनीकरण अथवा पंजीयन कर सकते हैं। किसानों से उपज की खरीद के लिए यह पारदर्शी व्यवस्था शासन की ओर से की गई है।

जिलाधिकारी की ओर से श्रीअन्न के लिए 25 और धान की खरीद के लिए 98 क्रय केंद्र बनाए गए है। किसानों को खरीद में किसी प्रकार की कोई भी समस्या नहीं होगी।

किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान

जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बड़ी सहजता के साथ किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

उन्होनें बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य योजना के तहत धान की खरीद एक नवंबर 2024 से आरंभ होकर 28 फरवरी 2025 तक चलेगी।

सवाल: क्रय केंद्र पर धान व श्रीअन्न बेचने के लिए आवेदन कैसे करें?

जवाब: धान बेचने के लिए किसान किसान खाद्य विभाग के पोर्टल एफसीएस.यूपी.जीओवी.इन पर घर से स्वयं आनलाइन अथवा साइबर कैफे से पंजीयन अथवा नवीनीकरण करा सकते हैं। किसान मित्र एप के माध्यम से किसान स्वयं भी आनलाइन पंजीयन अथवा नवीनीकरण कर सकते हैं। आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक, भू अभिलेख खतौनी को पंजीकरण के दौरान साथ ही लगाना होगा। बिक्री के समय रजिस्ट्रेशन संख्या और सम्बन्धित कागजात लेकर क्रय केन्द्र पर जाना होगा।

सवाल: क्रय केंद्र पर उपज बिक्री चुके किसानों को क्या करना होगा ?

जवाबः क्रय केंद्र पर उपज बिक्री कर चुके किसानों को केवल अपने पंजीकरण का नवीनीकरण कराना होगा। नवीनीकरण के लिए दर्ज मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है, उसी नंबर पर एक ओटीपी आएगा। पंजीयन अथवा नवीनीकरण के बाद किसान क्रय केंद्र प्रभारी से अवश्य संपर्क कर लें।

सवाल: एक बीघे खेत में कितना धान बिक्री कर सकते हैं ?

जवाब: एक बीघे खेत में लगभग 14 क्विंटल धान की बिक्री कर सकते हैं। उपज बिक्री में छोटे किसानों को वरियता दी जाती है।

सवाल: क्रय केंद्रों पर किसानों के उपज की खरीद कैसे होती है ?

जवाब: क्रय केंद्रों पर पारदर्शी तरीके से श्रीअन्न, धान आदि के खरीद की व्यवस्था की गई है। ई पाप मशीन के माध्यम से श्रीअन्न की खरीद की जाती है।

सवाल: धान का समर्थन मूल्य कितना है ?

जवाब: किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य सामान्य प्रजाति 2300 रुपए और ग्रेड ए धान का 2320 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

सवाल: क्रय केंद्र पर धान बेचना के मानक क्या है?

जवाब: सरकार ने किसानों से खरीद के लिए धान के मानक तय किए गए है। धान में 17 प्रतिशत से अधिक की नमी नहीं होनी चाहिए। विजातीय पदार्थ में अकार्बनिक एक और अकार्बनिक एक प्रतिशत अधिकतम मान्य है। किसान द्वारा बिक्री के लिए लाए गए धान में क्षतिग्रस्त, बदरंग, अंकुरित और घुने हुए पांच प्रतिशत तक ही मान्य होगा। अपरिपक्व, संकुचित एवं सिकुड़े हुए दाने होने पर तीन प्रतिशत और अधोमानक प्रजाति का अपमिश्रित धान अधिकतम छह प्रतिशत ही मान्य है।

सवाल: केंद्र पर धान बेचने के लिए उतराई, छनाई आदि का कितना देना पड़ता है?

जवाब: केंद्र पर धान की उतराई, छनाई, सफाई का अधिकतम 20 रुपए प्रति क्विंटल किसानों को देना होगा।

सवाल: श्रीअन्न की खरीद कब तक होगी ?

जवाब: श्रीअन्न की खरीद एक अक्टूबर से आरंभ हो गई, जो 31 दिसंबर तक चलेगी। क्रय केंद्रों पर बाजरा, मक्का और ज्वार की खरीद की व्यवस्था की गई है। केंद्र पर इलेक्ट्रानिक कांटा, बैनर, बोरा, नमी मापक यंत्र, डस्टर किसानों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था आदि की व्यवस्था की गई है।

सवाल: श्रीअन्न का समर्थन मूल्य क्रय केंद्र पर कितना मिल रहा है?

जवाब: मूल्य समर्थन योजना के तहत वर्ष 2024-25 में किसानों को मक्का के लिए 2,225 रुपए प्रति क्विंटल, बाजरा के लिए 2,625 रुपए प्रति क्विंटल, ज्वार हाइब्रिड के लिए 3,371 रुपए प्रति क्विंटल, ज्वार मालडिहा के लिए 3,421 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद की जा रही है।

सवाल: जनपद में कितने केंद्रों पर श्रीअन्न की खरीद की जा रही है?

जवाब: जनपद में 25 केंद्रों पर श्री अन्न की खरीद होगी। इसमें 15 बाजरा, पांच ज्वार और पांच मक्का के केंद्र बनाए गए हैं।

सवाल: एक बीघे खेत में कितने क्विंटल बाजरा की बिक्री कर सकते हैं?

जवाब: एक बीघे खेत में लगभग पांच क्विंटल श्रीअन्न बाजरा की बिक्री कर सकते हैं।

सवाल: उपज बेचने के बाद भुगतान कैसे होगा ?

जवाब: क्रय केंद्र पर उपज बेचने के बाद किसान के खाते में 48 घंटे के अंदर सीधे भुगतान उनके बैंक खाते में किया जाता है। बैंक खाता तीन माह पूर्व से संचालित और सीडेड होना चाहिए।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल   कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।