सही समय पर भोजन करने से कई बीमारियों से रहेंगे दूर

                     सही समय पर भोजन करने से कई बीमारियों से रहेंगे दूर

                                                                                                                                                                    डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

सही समय पर भोजन करना सेहत के लिए काफी लाभदायक रहता है। इससे व्यक्ति दिनभर ऊर्जावान रहता ही और साथ ही उसे विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा भी नहीं होगा। खाली पेट दिन की शुरुआत करने से थकान और दोपहर तक भूख लगने के कारण पर्याप्त मात्रा में भोजन करने की अनिवार्यता बनी रहती है। दिन के प्रत्येक घंटे या दो घंटे के भीतर अपनी दिनचर्या और सेहत को ध्यान में रखकर स्वस्थ और संतुलित नाश्ता अवश्य ही लेना चाहिए। आपके नाश्ते में प्रोटीन, कंपलेक्स, कार्ब्स और हेल्दी फल आदि से युक्त होना चाहिए, इससे दोपहर के भोजन के समय तक आप ऊर्जावान बने रहेंगे।

                                                                

दोपहर का भोजन नाश्ते के चार से पांच घंटे बाद करना चाहिए। जैसे कि यदि आपने सुबह 7:00 से 8:00 बजे के बीच नाश्ता किया है तो दोपहर का भोजन दोपहर 1:00 से 2:00 के बीच कर लेना उचित माना जाता है। अक्सर कई लोग पूरे दिन पर्याप्त भोजन नहीं मिलने के कारण रात का खाना अधिक मात्रा में खाते हैं, जो कई शारीरिक समस्याओं का कारण भी बन जाता है।

इसी प्रकार रात के भोजन का समय आपके द्वारा किये गये पिछले भोजन के समय अंतराल पर ही आधारित होना चाहिए। साथ ही जल्दी-जल्दी भोजन करने के स्थान पर भोजन को अधिक से अधिक चबाकर खाने से हमारे शरीर में डाइजेस्टिव एंजाइम्स अधिक स्रावित होते हैं, जिससे पाचन तंत्र को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलती है।

अतः लोगों को खाना खाते समय उसको चबाने पर अधिक ध्यान देना चाहिए। प्रायः देखा गया है कि कुछ लोग अपने मुंह में खाना रखने के बाद सीधे ही उसे गटक लेते हैं, जिससे भोजन के पाचन में दिक्कत होती है और एसिडिटी की समस्या अधिक रहने लग सकती है। इसके लिए जरूरी है कि मुंह में कम से कम खाने को रखें और उसको अधिक से अधिक टाइम तक चबाते रहे। इससे मुंह के अंदर ही जो भोजन को पचाने वाले एंजाइम्स होते हैं वह भोजन को पचाने में सहायता प्रदान करते हैं। ऐसे में जो लोग मुंह में भोजन को काफी देर तक चबाते हैं उनको पेट की समस्याएं कम होती है।

                                                                

अनियंत्रित खाना खाने से मोटापा बढ़ता है। स्वस्थ दिनचर्या के लिए भोजन समय अनुसार ही निर्धारित करना चाहिए। उचित मात्रा में संतुलित आहार लेने से भूख नियंत्रित होती है, वजन नहीं बढ़ता और रक्त का ग्लूकोस लेवल भी नियंत्रित रहता है। इस प्रकार यदि इन सब बातों पर ध्यान रखा जाए तो आपकी सेहत ठीक बनी रहेगी और आप दिन भर अपने आप को अधिक ऊर्जावान भी महसूस करेंगे।

लेखकः डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मा जिला अस्पताल मेरठ में मेडिकल ऑफिसर हैं।