इंटर्नशिप बनाती है आपके रिज्यूमे को प्रभावी

                        इंटर्नशिप बनाती है आपके रिज्यूमे को प्रभावी

                                                                                                                                                                                   डॉ0 आर. एस. सेगर

ज्ञान की अच्छी बात यह है कि इसे कोई भी आपसे छीन नहीं सकता-

                                                             

कॉलेज के दौरान अथवा कॉलेज के बाद अधिकतर छात्र अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रायः बड़ी-बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप के लिए आवेदन करते हैं। वस्तुतः इंटर्नशिप एक अस्थायी आर अल्पकालिक नौकरी ही होती है, जो छात्रों को बड़ी कंपनियों के साथ कार्य कर उनके व्यवहारिक कौशल और उनकी जॉब लाईफ को बेहतर बनाने में सहायता करती है।

इंटर्नशिप करने के बाद छात्रों को नौकरी के लिए छात्र के रिज्यूमे में नये मूल्यों को जोड़ने और ऐसे लोगों के साथ काम करने का अवसर प्राप्त होता है, जो इन छात्रों के कॅरियर को एक नई दिशा प्रदान कर सकते हैं।

समय पर पहुंचे

                                                                        

ऐसे में याद रखें आप जिस भी कंपनी में इंटर्नशिप के लिए जा रहे हैं. वहां का वातावरण आपके लिए बिल्कुल नया होगा। इस दशा में आप कंपनी के लिए अतिथि और नए सहकर्मी दोनों ही होंगे, इसलिए वहां मौजूद सभी लोगों का सम्मान करें। ऑफिस में समय से पहुंचने का विशेष ध्यान रखते हुए दिए गए कार्यों को शत-प्रतिशत करने का प्रयास करें।

दिए गए प्रत्येक कार्य को बेहतर ढंग से पूरा करे

यदि आपके सीनियर्स के द्वारा आपको कोई कार्य सौंपा गया है, तो उन सभी कार्याे को सर्वश्रेष्ठ ढंग से पूरा करने की कोशिश करें। उक्त कार्य को करने के लिए आप अपनी ओर से जो भी प्रयास करते हैं, वह कंपनी के प्रबंधक के सामने आपकी अच्छी छवि बनाने में मदद कर सकता है। इस सम्बन्ध में भले ही आपको कार्य छोटा या महत्त्वहीन ही क्यों न लगे, लेकिन इन सभी कार्यों को बेहतर ढंग से पूर्ण करने का प्रयास करें।

काम के निमंत्रण का इंतजार कदापि न करें

                                                                         

कंपनी में इंटर्नशिप के दौरान आप अपने खाली समय का सदुपयोग अन्य नए और ऐसे कार्यों को करने में करें, जिनसे आपको कुछ नया सीखने को मिले। इस अप्रोच से आपको न केवल सराहना प्राप्त होगी, अपितु इंटर्नशिप के बाद आपको उसी कंपनी में पूर्णकालिक नौकरी ापने का अवसर भी प्राप्त हो सकता है। इंटर्नशिप के दौरान आप अपनी एक प्रभावी छवि बनाने के लिए नए-नए प्रयास भी कर सकते हैं।

विषय की खोज स्वयं ही करें

    कार्य करते समय ऑफिस में अपने सहकर्मियों और प्रबन्धक आदि से सहायता प्राप्त करने से पूर्व सम्बन्धित विषय पर स्वयं ही शोध करें और यदि इस दौरान कोई समस्या आपके समक्ष आती है तो दूसरे लोगों से सलाह मांगने से पूर्व स्वयं ही यह विचार करें कि आप इसे किस प्रकार से हल कर सकते हैं। इसके बाद भी कोई प्रश्न अथवा दुविधा की स्थिति हो तो आप अपने सहकर्मियों अथवा सीनियर्स से सहायता प्राप्त करने में कोई संकोच न करें, क्योंकि इंटर्नशिप का प्रथम और महत्वपूर्ण उद्देश्य ही सीखना होता है।

व्यवसायिक सम्बन्ध भी आवश्यक

                                                                    

    आमतौर पर इंटर्नशिप थोड़े समय अर्थात केवल कुछ महीनों की ही होती है। अतः इस दौरान इंटर्न को अपने काम की गुणवत्ता का उच्च स्तर और ऑफिस में उच्च पेशेवरों के साथ ही अपनी टीम के साथ अच्छे सम्बन्ध बनाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होती है। टीम के सदस्यों के साथ अच्छे सम्बन्ध बनाने से इंटर्न को उसकी वर्तमान भूमिका को समझने में सहायता मिलती है। इसके अतिरिक्त अपने सहकर्मियों को भी उसे सहायता देने में हिचकना नही चाहिए तथा उच्च पेश्ेवरों से सीखने का प्रयास करते रहना चाहिए।  

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, निदेशक प्रशिक्षण, सेवायोजन एवं विभागाध्यक्ष प्लांट बायोटेक्नोलॉजी संभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।