एसओआर: शुरू होंगे 50 नए कोर्स      Publish Date : 13/10/2026

        एसओआर: शुरू होंगे 50 नए कोर्स

                                                                                                                  प्रो0 आर. एस. सेंगर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव को भांपकर भारत ने इस दिशा में तैयारी तेज कर दी थी, लेकिन अब एआई इंपैक्ट समिट के बाद तमाम मंत्रालय अपने-अपने संबंधित क्षेत्रों में नई तकनीक को प्रोत्साहन देने की रूपरेखा बना रहे हैं। चूंकि, खासतौर पर युवाओं को कुशल बनाने में मुख्य भूमिका कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की है, इसलिए विशेषकर स्कूली छात्रों को एआई की प्रारंभिक जानकारी देने के लिए शुरू किए गए स्किलिंग फॉर एआई रेडीनेस (एसओआर) कार्यक्रम को विस्तार देते हुए अब 50 नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। यह पाठ्यक्रम हेल्थकेयर से लेकर ब्‍यूटीकेयर, फैशन से लेकर फर्नीचर बनाने से संबंधित होंगे।

एआई इंपैक्ट समिट के बाद सरकार इस दिशा में एक तरह से मिशन मोड में काम करने की इच्छा दिखा रही है। कौशल विकास मंत्रालय ने तय किया है कि एसओआर को विस्तार दिया जाएगा। इसकी तैयारी पहले से शुरू कर दी गई थी, इसलिए नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन काउंसिल द्वारा 50 नए पाठ्यक्रमों को अनुमोदित कर दिया गया है। इनमें से 27 कोर्स स्किल इंडिया डिजिटल हब पोर्टल पर लाइव कर दिए गए हैं। जल्द ही सभी कोर्स की औपचारिक लांचिंग की जाएगी। इन पाठ्यक्रमों को छात्रों के साथ ही असंगठित क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी या कोई भी इच्छुक व्यक्ति कर सकेगा। एसओआर के पहले चरण के तहत माइक्रोसॉफ्ट, एचसीएल टेक और नैसकॉम द्वारा पहले से ही कई पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

                                

यह पाठ्यक्रम हेल्थकेयर से लेकर ब्यूटीकेयर, फैशन से लेकर फर्नीचर बनाने से संबंधित होंगे

इस तरह के होंगे पाठ्यक्रम

एआई अगमेंटेड डिजिटल मार्केटर, एआई असिस्टेड सिक्योरिटी एनालिस्ट, इंट्रोडक्शन टू वाइज कोडिंग, एआई फाउंडेशन फार डिजिटल हेल्थ, एआई बेस्ड स्किन एनालिसिस, एआई वर्चुअल ब्यूटी ट्राई-आन, एआई फॉर ह्यूमन, एआई फॉर फैशन, अनलॉकिंग एआई फार एवरीवान, एआई बेसिक फॉर फर्नीचर मेकर्स आदि।

समिट में भारत के स्वदेशी रोबोटों का दिखा जलवा

राष्ट्रीय राजधानी में एआई इंपैक्ट समिट में भारत के स्वदेशी रोबोटों का जलवा दिखा। हालांकि सम्मेलन की शुरुआत में एक प्राइवेट विवि द्वारा चीन में निर्मित रोबोट डॉग को अपना बताने के कारण विवाद शुरू हो गया था। इन रोबोटों में कानपुर के स्टार्टअप एक्स टेरा रोबोटिक्स द्वारा निर्मित रोबोट कुत्ता स्वान एम2 शामिल है।

एक्स टेरा रोबोटिक्स के सह-संस्थापक ने बताया कि इस रोबोट कुत्ते को विकसित करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के छात्रों और शिक्षकों ने वर्षों तक शोध किया। एल्युमिनियम मिश्र धातु से बने शरीर और पैरों वाले स्वान एम2, अपने लाइट डिटैक्शन एंड रेंजिंग उपकरण का इस्तेमाल करके अपने परिवेश का सटीक 3डी मैपिंग करता है। इसका उपयोग किसी खतरनाक क्षेत्र की निगरानी करने या बिजली संयंत्रों में थर्मल इमेजिंग के माध्यम से केंद्र का निरीक्षण करने के लिए किया जा सकता है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।