
कुछ कौशल जो आपको बनाएंगे एक कामयाब पेशेवर Publish Date : 02/05/2026
कुछ कौशल जो आपको बनाएंगे एक कामयाब पेशेवर
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
भावनात्मक समझ, नैतिक सोच और लोगों के साथ काम करने की क्षमता जैसी पावर स्किल्स आपको एक सफल पेशेवर बनाती हैं।
आज के समय में केवल ज्ञान या पैसा कमाना ही सफलता के लिए काफी नहीं है। एक ‘सफल लीडर के लिए जरूरी है कि वह लोगों और काम के बीच सही संतुलन स्थापित कर सकें। इसके लिए भावनात्मक समझ, नैतिक सोच और लोगों के साथ बेहतर तरीके से, काम ’ करने की क्षमता का होना बहुत जरूरी है। इन्हें ही पावर स्किल्स या सॉफ्ट स्किल्स कहा जाता है, जो आपको कॅरिअर और नेतृत्व में आगे बढ़ने में आपकी मदद करती हैं।
पावर स्किल्स को समझें

पावर स्किल्स की सबसे खास बात यह है कि ये किसी एक काम या क्षेत्र तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि हर नौकरी, प्रोजेक्ट और इंडस्ट्री में समान रूप से उपयोगी होती हैं। कार्नेगी फाउंडेशन की 1918 की एक प्रसिद्ध रिपोर्ट भी यही बताती है कि किसी पेशेवर की सफलता में ज्यादा योगदान उसके व्यक्तित्व और संवाद कौशल का होता है, जबकि तकनीकी ज्ञान की भूमिका अपेक्षाकृत कम होती है। इसी कारण आज के नियोक्ता ऐसे पेशेवरों को ज्यादा महत्व देते हैं, जिनके पास मजबूत पावर स्किल्स हों, क्योंकि यही कौशल संगठन की प्रगति और बेहतर प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाते हैं।
बदलाव के बाद खुद को ढालें
अनुकूलनशीलता सबसे अहम पावर स्किल्स में से एक है। इसका मतलब केवल बदलाव को स्वीकार करना नहीं, बल्कि बदलती परिस्थितियों के अनुसार तेजी से सही सोच विकसित करना, निर्णय लेना और काम करना है। आज के युवाओं के लिए यह कौशल बेहद जरूरी हो गया है, क्योंकि हर संगठन को नई चुनौतियों, बाजार के बदलाव और तकनीकी परिवर्तनों का सामना करना पड़ता है। जिन पेशेवरों में अनुकूलनशीलता होती है, वे इन बदलावों को अवसर में बदलते हैं और एआई जैसी नई तकनीकों के साथ खुद को आसानी से ढाल लेते हैं।
बेहतर टीमवर्क की कुंजी

सहानुभूति एक बेहद महत्वपूर्ण पावर स्किल है, जो किसी भी पेशेवर को एक बेहतर इन्सान बनाती है। इसका अर्थ है- दूसरों की भावनाओं; उनके नजरिये और जरूरतों को समझना, महसूस करना और उनका सम्मान करना। ऐसे पेशेवर केवल आंकड़ों, लक्ष्यों या नतीजों केआधार पर निर्णय नहीं लेते, बल्कि वे अपनी टीम के लोगों की भावनाओं, परिस्थितियों और जमीनी हकीकत को भी ध्यान में रखते हैं। वे सुनते हैं, समझते हैं और उसी के अनुसार व्यवहार करते हैं। सहानुभूति का यह गुण टीम में भरोसा पैदा करता है, रिश्तों को मज़बूत बनाता है और एक सकारात्मक, सहयोगी कार्य वातावरण तैयार करता है।
समान अवसर और सम्मान
समावेशिता एक अहम पावर स्किल है, जिसका मतलब है-हर व्यक्ति को महत्व देना, उसकी बात सुनना और विविधता के साथ मिलकर काम करना। इसमें यह सुनिश्चित किया जाता है कि टीम के हर सदस्य को बराबरी का अवसर और सम्मान मिले। जब आप खुली बातचीत और सहयोग का माहौल बनाते हैं, तब आपकी टीम में नए विचारों को जगह मिलती है और बेहतर फैसले लिए जाते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
