
रंगों से सजाएं अपना करियर Publish Date : 20/12/2025
रंगों से सजाएं अपना करियर
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
“ऑयल ऐंड पेंट टेक्नोलोजी केमिकल एवं इंजीनियरिंग विषय के अंतर्गत एक विशिष्ट विज्ञान है। तेल एवं उससे संबंधित उत्पाद इस टेक्नोलोजी में आते हैं। यदि इस क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं तो अवसरों की कमी नहीं है”-
इन दिनों युवाओं के पास करियर के अनेक विकल्प मौजूद हैं। इस कारण युवाओं के पास विकल्प है कि वह अपनी रुचि के अनुरूप कोर्स का चयन करें और उसमें अपना बेस्ट देने की कोशिश करें। यदि आप पीसीएम ग्रुप के साथ इंटरमीडिएट हैं, तो आप ऑयल ऐंड पेंट टेक्नोलोजी में अपना करियर बना सकते हैं।
क्यों है डिमांड में
आधुनिक जीवन शैली ने ऑयल ऐंड पेंट के महत्व को हमारे जीवन में बढ़ा दिया है। यही कारण है कि पेंट का उपयोग घरों तथा हमारे रोजमर्रा की वस्तुओं में शामिल हो गया है। इसलिए ऑयल ऐंड पेंट टेक्नोलोजी में प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।
स्पेशल कोर्स

पेंट एवं ऑयल टेक्नोलोजी से स्नातक एवं सर्टिफिकेट कोर्स करने वाले युवाओं के लिए रोजगार के काफी अवसर हैं। स्टेप हरकोर्ट बटलर प्रौद्योगिकी संस्थान में पेंट एवं ऑयल टेक्नोलोजी में एक माह से 12 महीने तक के सर्टिफिकेट कोर्स इंडस्ट्री वाइस शुरू किए गए हैं। सर्टिफिकेट कोर्स में ऑपरेटर, लैब से संबंधित कई कोर्स शामिल हैं। इन कोर्सों में एंट्री डिमांड के अनुसार की जाती है।
योग्यता एवं चयन
बीटेक ऑयल ऐंड पेंट टेक्नोलोजी में प्रवेश के लिए इंटरमीडिएट में गणित, भौतिक एवं रसायन विज्ञान होना अनिवार्य है। ऑयल ऐंड पेंट टेक्नोलोजी में एमटेक व पीएचडी भी की जा सकती है।
रोजगार का एरिया
ऑयल ऐंड पेंट टेक्नोलोजी से बीटेक एवं सर्टिफिकेट कोर्स करने वाले स्टूडेंट के लिए पेंट एवं वाहन उत्पादक कंपनियां, आटो मोबाइल उद्योग, घरेलू उकरण उत्पादक उद्योगों में रोजगार उपलब्ध हैं। इसके अलावा ऑयल ऐंड पेंट में स्नातकों की विमान उद्योग, कंस्ट्रक्शन उद्योग के अलावा बनस्पति, डिटर्जेंट एवं कॉस्मेटिक में नौकरी के काफी अवसर हैं।
कोर्स एवं संस्थान चयन
देश के अन्य विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया का तरीकाअलग अलग है। यह कोर्स यूपी में केवल हरकोर्ट बटलर प्रौद्योगिकी संस्थान एचबीटीआई, कानपुर से किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश में ऑयल एवं पेंट टेक्नोलॉजी में स्नातक करने के लिए स्टूडेंट को उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित परीक्षा में अच्छी रैंक लानी होती है। इसके अलावा मुम्बई, नागपुर, जलगांव कलकत्ता, गुजरात में इस विषय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कोर्स चल रहे हैं।
कहां से करें कोर्स
-
एचबीटीआई, कानपुर www hbti.ac.in
-
एमयूआईसोटी, मुम्बई,www.udct.org
-
एनआईटी, नागपुर, www.vnit.ac.in
-
नार्थ महाराष्ट्र इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलोजी, जलगांव www.nmu.ac.in
-
कलकत्ता विश्वविद्यालय कोलकाता,www.caluniv.ac.in
-
उस्मानिया विश्वविद्यालय, आंध्र प्रदेश, www.osmania.ac.in

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
