क्या आप एक सफल कोच बनना चाहते हैं?      Publish Date : 12/12/2025

               क्या आप एक सफल कोच बनना चाहते हैं?

                                                                                                                                                                                     प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

"आप जिस किसी भी क्षेत्र में कोचिंग देना चाहते हैं, उससे जुड़ी टेक्नोलॉजी को अनदेखा कतई नहीं कर सकते-"

वर्तमान में कोचिंग सेक्टर भारतीय संस्कृति में तेजी से फल-फूल रहा है। आपने इंटरनेट पर कई ऑनलाइन गुरु भी जरूर देखे होंगे, जो मेडिकल, टेक्निकल, शिक्षा, कॅरियर, कुकिंग इत्यादि अनेक क्षेत्रों में कोचिंग प्रदान कर रहे हैं। इनमें से कइयों के तो कई मिलियन सब्सक्राइबर्स भी होते हैं। दरअसल, कोचिंग वह कॅरियर है, जो दूसरों को अपने कौशल को मजबूत करने में मदद करता है। एक कोच पेशेवर या व्यक्तिगत क्षमता को सुधारने या विकसित करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करता है। वह किसी एक संगठन के साथ जुड़ सकता है, या फिर, क्लाइंट (ग्राहक) आधार पर भी काम कर सकता है।

किसी कामयाब कोच से जुड़ें

अक्सर आपने एथलीटों को देखा होगा जो बेहतर प्रदर्शन के लिए अपने कोच को अपने पास रखते हैं और उनकी सुझाई रणनीतियों के माध्यम से सीखने का प्रयास करते हैं। ऐसे में अगर आप भी एक अच्छा कोच बनना चाहते हैं, तो आपको अपने अंदर लीडरशिप के गुणों को विकसित करना होगा। शुरुआत में आप पहले से कोचिंग दे रहे किसी कामयाब पेशेवर के साथ जुड़कर पेशे की बारीकियां सीख सकते हैं। परन्तु आपको सलाह दी जाती है कि आप उसकी नकल न करें। उसकी शैली, उसके कॉन्टेंट और उसके बिजनेस मॉडल को समझकर और उसमें अपनी सोच जोड़ कर आप शुरुआत कर सकते हैं।

बतौर वालंटियर करें शुरुआत

वालंटियर व्यावहारिक कोचिंग अनुभव प्राप्त करने का एक सबसे शानदार तरीका होता है। बतौर वॉलंटियर आप स्थानीय स्तर पर विभिन्न लोगों से मिलते हैं, जहां आपको अपनी कौशल क्षमता व रचनात्मकता को दिखाने का पूरा अवसर प्राप्त होता है। चूंकि, आप स्वेच्छा के बिना किसी मौद्रिक चाहके लोगों को सेवाएं देर रहे होते हैं, लोग भी आपसे जुड़ना पसंद करते हैं। एक बार जब लोग आपकी सेवाएं पसंद करने लगते हैं, तो वह भविष्य में भी आपसे जुड़ना चाहेंगे।

अनुभवी लोगों से मिलें

अगर आप एक सफल कोच बनना चाहते हैं, तो आपको यह जानना भी बहुत जरूरी है कि कोचिंग के बाजार में किस तरह के लोग आगे बढ़ रहे हैं, वे कौन-सी तकनीकें उपयोग में ला रहे हैं, कोचिंग बाजार के मूल्य क्या हैं इत्यादि। ऐसी हर जानकारी आपको इंटरनेट पर नहीं मिल सकती। इसके लिए आपको ज्यादा से ज्यादा कोचों से मिलने की कोशिश करनी चाहिए। उनसे बात कर आप काफी कुछ सीख सकते हैं। जब आप उनसे मिलें, तो उन सवालों को पहले से तैयार रखें, जो आप उनसे पूछना चाहते हैं।

टेक्नोलॉजी पर आधारित मॉडल

                                                       

आप जिस क्षेत्र में कोचिंग देना चाहते हैं, उससे जुड़ी तकनीकों को अवश्य समझें। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का जरूरत के अनुसार उपयोग करें। कोचिंग के अपने मॉडल को डायनामिक बनाएं, जिसमें आपके ग्राहकों की समस्याओं का रियल टाइम में निदान कर सके। ध्यान रहे कि किसी भी बिजनेस में ग्राहक ही सर्वे-सर्वा होते हैं, इसलिए उनकी संतुष्टि को प्राथमिकता प्रदान करें।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।