इसरो का फ्री ऑनलाइन कोर्स      Publish Date : 11/12/2025

                        इसरो का फ्री ऑनलाइन कोर्स

                                                                                                                                                                               प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

“इस कोर्स के जरिये छात्र लिडार रिमोट सेंसिंग और डाटा प्रोसेसिंग की बारीकियों को सीखकर अच्छे रोजगार पा सकते हैं”

विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्रों, पेशेवरों व शोधकर्ताओं के विकास के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो समय-समय पर फ्री वर्कशॉप और ऑनलाइन कोर्स आयोजित करता रहता है।

वर्कशॉप व ऑनलाइन कोर्स छात्रों के ज्ञान, कौशल और उन्हें रोजगार योग्य बनाने के लिए बेहद अहम होते हैं। इसी उद्देश्य से इसरो के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (आईआईआरएस) ने छात्रों व पेशेवरों के लिए लिडार रिमोट सेंसिंग, डाटा प्रोसेसिंग ऐंड एप्लीकेशन फ्री ऑनलाइन कोर्स की शुरुआत की है।

कोर्स के बारे में

                                                              

लिडार का मतलब है लाइट डिटेक्शन और रेजिंग। यह उच्च रिजॉल्यूशन वाला थ्रीडी डेटा प्रदान करता है। यह विशेष सेंसर का उपयोग करके कैप्चर किए जाने पर तीन बिंदुओं का एक सेट बनाता है। लिडार डेटा डिस्क्रीट रिटर्न और फुल वेवफॉर्म डेटा के रूप में कैप्चर किया जाता है। यह कोर्स आपको लिडार के सिद्धांतों, लिडार सेंसर और प्लेटफॉर्म, लिडार डेटा दृश्य और लिडार के एप्लीकेशन से परिचित करवाएगा।

किसके लिए है कोर्स

लिडार रिमोट सेंसिंग, डाटा प्रोसेसिंग ऐंड एप्लीकेशन ऑनलाइन कोर्स विशेषतौर पर सिविल इंजीनियरिंग, सर्वेक्षण, भूगोल, वास्तुकला और जियोमैटिक्स आदि के छात्रों, पेशेवरों व शोधकर्ताओं के लिए डिजाइन किया गया है, जिन्हें विभिन्न एप्लीकेशन के लिए लिडार डेटा का उपयोग करने में रुचि है।

स्टडी मटेरियल की सुविधा

कोर्स में शामिल विषयों की अवधारणा और उसके प्रारूप को समझने के लिए छात्रों को लेक्चर स्लाइड, वीडियो रिकॉर्डिंगं लेक्चर, ओपन सोर्स सॉफ्टवेयर और हैंडआउट आदि की सुविधा ई-क्लास के जरिये दी जाएगी। आप आधिकारिक लिंक eclass.iirs.gov.in/login पर जाकर स्टडी मटेरियल प्राप्त कर सकते हैं।

सर्टिफिकेट के लिए पात्रता

नोडल सेंटर के माध्यम से पंजीकरण करने वाले छात्रों व पेशेवरों को सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए 70 प्रतिशत उपस्थिति और 40 प्रतिशत अंकों के आधार पर 'कोर्स- मेरिट-सर्टिफिकेट' दिया जाएगा। वहीं यदि आपने व्यक्तिगत रूप से कोर्स के लिए पंजीकरण किया है, तो आपको ऑनलाइन क्लास के प्रत्येक सत्र में न्यूनतम 70 प्रतिशत उपस्थिति होना अनिवार्य है। व्यक्तिगत रूप से पंजीकरण करने वाले छात्र इसरो के लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम पर जाकर 'कोर्स भागीदारी' सर्टिफिकेट' डाउनलोड कर सकते हैं।

कैसे करें आवेदन

                                                          

'यदि आप इस कोर्स के लिए नोडल सेंटर के माध्यम से पंजीकरण करना चाहते हैं, तो आप वहां जाकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। व्यक्तिगत रूप से पंजीकरण करने के लिए इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक लिंक isrolms.iirs.gov.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।