भाषा पर है पकड़, तो नौकरियों की कमी नहीं      Publish Date : 05/12/2025

             भाषा पर है पकड़, तो नौकरियों की कमी नहीं

                                                                                                                                                                                       प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

"सोशल मीडिया के दौर में अच्छी लेखन शैली के दम पर आप अपनी अलग पहचान बना सकते हैं"

कंटेंट राइटिंग का पेशा वर्तमान समय में एक बेहतर कॅरियर विकल्प बनकर उभर रहा है, क्योंकि आजकल हर कोई इंटरनेट पर कंटेंट पढ़ रहा है। साथ ही दिन-प्रतिदिन अनेक ब्लॉग, वेबसाइट, वेब पोर्टल, ई-कॉमर्स साइट्स आदि माध्यम बढ़ते जा रहे हैं, साथ ही लगातार अच्छे कंटेंट राइटर्स की मांग भी बढ़ रही है। ऐसे में, विभिन्न क्षेत्रों में बतौर कंटेंट राइटर आप अपना कॅरियर बना सकते हैं। अगर आपकी लेखन कला अच्छी है, तो आपको इस क्षेत्र में नौकरी की कमी नहीं है। आपकी जिस भाषा में रुचि और ज्ञान है, उसमें कंटेंट राइटर के रूप में आप अपना भविष्य संवार सकते हैं।

अधिक से अधिक पढ़ें

                                                  

अगर आप कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में कॅरियर बनाना चाहते हैं, तो जिस भाषा में लेखन करना हो, उस पर अच्छी पकड़ बनाएं, अधिक से अधिक किताबें पढ़ें। आपने बहुत सारे उपन्यास पढ़े होंगे, जाहिर है कि उन्हें लिखने वालों नेपहले न जाने कितनी ही किताबें पढ़ी होंगी। किताबें पढ़ने से हमें शब्दों और भाषा का ज्ञान होता है, साथ ही लिखने की शैली भी विकसित होती है। इसलिए यदि आप इस क्षेत्र में आने की इच्छा रखते हैं, तो किसाबें पढ़ने कीआदत डालें।

तकनीक से करें दोस्ती

आज की युवा पीढ़ी अपना अधिकतर समय मोबाइल फोन, आईपैड, लैपटॉप और कंप्यूटर पर बिता रही है। आप अपनी बातों को लाखों-करोड़ों लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले सकते हैं। इसके लिए अपनी बातों को बेहतरीन ढंग से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए आपको टेक्नोलॉजी फ्रेंडली होना होगा।

लिखने की आदत डालें

एक अच्छा कंटेंट राइटर बनने के लिए आपको सबसे पहले लिखने की आदत डालनी होगी। हो सकता है कि आप शुरुआती दौर में उतना प्रभावशाली न लिख सकें, लेकिन धीरे-धीरे आप इस कला में पारंगत हो जाएंगे। लगातार लिखने की आदत ही आपकी लेखन शैली को निखारने का काम करेगी।

कंटेंट राइटिंग में कोर्स

यदि आप किसी न्यूज चैनल या अखबार में बतौर कंटेंट राइटर काम करना चाहते हैं, तो इसके लिए 12वीं के बाद पत्रकारिता में स्नातक, परास्नातक या डिप्लोमा कोर्स करसकते हैं। इसके अतिरिक्त कई निजी संस्थान अपने स्तर पर कंटेंट राइटिंग से संबंधित सर्टिफिकेट कोर्स कराते हैंऔर इसका प्रशिक्षण भी देते हैं।

रोजगार के बेहतर अवसर

कंटेंट राइटर के रूप में आप आसानी से किसी भी कंपनी, अखबार, न्यूज चैनल एवं न्यूज पोर्टल में नौकरी कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ई-कॉमर्स साइट्स में भी कंटेंट राइटर्स की काफी डिमांड है। इस क्षेत्र में फ्रीलांसर के तौर पर भी बहुत सारे अवसर मौजूद हैं। यदि आप नौकरी नहीं करना चाहते हैं, तो अपनी रुचि के अनुसार खुद का ब्लॉग या वेबसाइट बनाकर लेखन कर सकते हैं। इस क्षेत्र में आप ऐंडसेंस, एफिलिएट मार्केटिंग, स्पॉन्सरशिप के जरिये भी अच्छी-खासी कमाई कर सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।