
फाइनेंस क्षेत्र में नौकरियां बढ़ रही हैं Publish Date : 21/11/2025
फाइनेंस क्षेत्र में नौकरियां बढ़ रही हैं
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
“वित्त प्रबंधन, अर्थशास्त्र या वाणिज्य में परास्नातक करने के बाद कॅरियर के बेहतर विकल्प मिल सकते हैं”-
यदि आप फाइनेंस में रुचि रखते हैं और इसमें अपना कॅरियर बनाना चाहते हैं, तो यह क्षेत्र आपके लिए एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। फाइनेंस को एक ऐसे क्षेत्र के रूप में परिभाषित किया जाता है, जिसमें पैसों का प्रबंधन यानी निवेश, बचत और उधार लेन-देन जैसी गतिविधियां शामिल होती हैं। आजकल वित्तीय सेवा क्षेत्र का महत्व तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें युवाओं के लिए बैंकिंग, शेयर बाजार, वित्तीय संस्थानों और बीमा क्षेत्र में अनेक अवसर मौजूद हैं।
शैक्षणिक योग्यता
इस क्षेत्र में अपने भविष्य को संवारने के लिए आप डिप्लोमा से लेकर परास्नातक और डॉक्टरेट तक की डिग्री हासिल कर सकते हैं। फाइनेंस मैनेजमेंट में मास्टर्स या इकोनॉमिक्स/कॉमर्स में परास्नातक करने के बाद आप कॅरियर के बेहतर विकल्प तलाश सकते हैं। कॅरियर ग्रोथ के लिए आप किसी मान्यता प्राप्त संस्थानसे फाइनेंस में एमबीए भी कर सकते हैं, जहां पढ़ाई के साथ-साथ प्लेसमेंट का भी अच्छा रिकॉर्ड हो। आपके पास जितने उच्च स्तर की डिग्री होगी, आपकी तरक्की का रास्ता उतना ही आसान हो जाएगा। नए अवसर खुलेंगे, सो अलग।
करें स्वयं का आकलन

आपके लिए कौन-सा विकल्प बेहतर है, इसका पता लगाने का एक प्रभावी तरीका यह है कि आप स्वयं का आकलन करें। यदि आप ग्राहक सेवा व व्यवसाय विकास के क्षेत्र में काम करना पसंद करते हैं, तो संभवतः आप रिटेल फाइनेंस में अधिक सफल हो सकते हैं। अगर आप पेशेवर के तौर पर कंप्यूटर पर काम करने, पोर्टफोलियो और निवेश विकल्पों का विश्लेषण करने एवं वित्तीय पेशेवरों के साथ काम करने में रुचि रखते हों, तो इंस्टीट्यूशनल फाइनेंस में कॅरियर बनाना आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है।
रोजगार के अवसर
फाइनेंस के क्षेत्र में रोजगार के ढेर सारे अवसर मौजूद हैं। बैंकिंग क्षेत्र में इन्वेस्टमेंट ऐडवाइजरी मैनेजर, लोन ऑफिसर, म्यूचुअल फंड मैनेजर आदि के पद पर काम कर सकते हैं। इसके अलावा फाइनेंशियल प्लानिंग से जुड़ी कंपनियों में रिलेशनशिप मैनेजर, ऑफिसर व एसोसिएट ऑडिटर जैसे विकल्प भी मौजूद हैं। बीपीओ क्षेत्र में डाटा एनालिस्ट, मार्केट रिसर्चर, क्लाइंट डेवलपमेंट एनालिस्ट के रूप में सेवाएं दे सकते हैं।
इन दिनों फाइनेंस सेक्टर में फाइनेंशियल ऐंडवाइजर, क्रेडिट एनालिस्ट, फाइनेंशियल एनालिस्ट एवं स्टॉक ब्रोकर की मांग भी अधिक बढ़ रही है।
इस क्षेत्र में वेतनमान

यदि आप अपने कॅरियर की शुरुआत किसी अच्छी कंपनी से करते हैं, तो आपको चार से पांच लाख रुपये का शुरुआती पैकेज मिल सकता है। वहीं इस क्षेत्र में अनुभव हासिल करने के पश्चात आपकी सैलरी बढ़कर लगभग 55 से 75 हजार रुपये प्रति माह के बीच हो सकती है। आप बतौर कंसल्टेंट के तौर पर भी अच्छी कमाई कर सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
