नासा में प्रवेश की राह      Publish Date : 20/11/2025

                             नासा में प्रवेश की राह

                                                                                                                                                                                       प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

नासा में शामिल होने के लिए आपको तैयारी प्राइमरी लेवल से ही शुरू कर देनी चाहिए-

नेशनल एरोनॉटिक्स ऐंड स्पेस ऐंडमिनिस्ट्रेशन (नासा) वह एजेंसी है, जिसमें शामिल होने की इच्छा देश-विदेश में विज्ञान विषय पढ़ने वाले तमाम युवाओं की होती है। साइंस व स्पेस क्षेत्र में दिलचस्पी रखने वाले युवाओं के लिए नासा में प्रवेश पाना किसी सपने से कम नहीं है। देश विदेश के हाई-प्रोफाइल इंजीनियर्स, डॉक्टर्स, साइंटिस्ट्स, एस्ट्रोनॉट्स और रिसर्च प्रोफेशनल्स के रूप में कई पेशेवर नासा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इस प्रतिष्ठित स्पेस एजेंसी से जुड़ने के लिए युवाओं के मन में कई सवाल होते हैं जैसे- नासा में शामिल होने के लिए कैसे योजनाबद्ध तरीके से शैक्षणिक योग्यताओं को पूरा किया जाए व किन रणनीतियों को अपनाया जाए ताकि नासा में कॅरियर बनाने का सपना साकार हो सके।

                                                          

प्राइमरी लेवल से ही करें तैयारी

संयुक्त राज्य अमेरिका की विश्व प्रसिद्ध स्पेस एजेंसी नेशनल एरोनॉटिक्स ऐंड स्पेस ऐंडमिनिस्ट्रेशन (नासा) में शामिल होने के लिए आपको इसकी तैयारी प्राइमरी लेवल से ही शुरू कर देनी चाहिए। यानी यदि आप भारत में रहते हैं और नासा में बतौर इंजीनियर, डॉक्टर, साइंटिस्ट, एस्ट्रोनॉट इत्यादि के रूप में अपना कॅरियर बनाना चाहते हैं, तो आपके पास इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस और एयरोस्पेस स्ट्रीम में देश या विदेश के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक, स्नातकोत्तर व पीएचडी की डिग्री होनी आवश्यक है।

अमेरिकी नागरिकता की कोई बाधा नहीं

अमेरिकी नागरिकता की शर्त को आसान करने के लिए यूएसए की किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक में डिग्री का होना आवश्यक है। अगर आपने किसी अमेरिकी संस्थान से परास्नातक या पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है या आप इसमें अध्ययनरत हैं, तो भी आप नासा में अपने लिए अवसरों की तलाश कर सकते हैं। इसके माध्यम से यूएसए में रेजिडेंस और एम्प्लॉयमेंट दोनों की अनुमति मिल जाती हैं। इन सभी अनिवार्य योग्यताओं को पूरा करने के पश्चात उम्मीदवार एस्ट्रोनॉट, साइंटिस्ट और अन्य ऑफिसर के रिक्रूटमेंट के लिए नासा द्वारा आयोजित परीक्षा में भाग ले सकते हैं।

पोस्ट-डॉक्टरल प्रोग्राम (एनपीपी)

नासा के अनुसंधान कार्यों में शामिल होने के लिए भारतीय छात्र पोस्ट-डॉक्टरल प्रोग्राम (एनपीपी) के लिए आवेदन कर सकते हैं। एनपीपी में आवेदन करने के लिए छात्रों के पास डॉक्टरेट की डिग्री होनी चाहिए। वहीं नासा में प्रवेश के लिए विभिन्न अन्य विकल्प भी मौजूद होते हैं, जैसे- नासा के इंटरनेशनल स्पेस पार्टनर्स (आईएसपी) के साथ विदेशी नागरिक नासा में नौकरी प्राप्त कर सकते हैं। नासा का आईएसपी विश्व के सभी देशों में है और यह यूरोपियन स्पेस एजेंसी के साथ साझेदारी भी करता है। आईएसपी इन्वेस्टिगेशन के साथ-साथ स्पेस शटल, फॉरेन स्पोंसर्ड मिशन और भविष्य में शुरू की जाने वाली स्पेस स्टेशन के लिए भी कार्य करता है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।