सवाल बदलते रहते हैं, कॉन्सेप्ट समझें      Publish Date : 19/11/2025

                    सवाल बदलते रहते हैं, कॉन्सेप्ट समझें

                                                                                                                                                                                           प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

हर साल लाखों की संख्या में उम्मीदवार मेडिकल संस्थानों में एमबीबीएस/बीडीएस आदि कोर्सेज में प्रवेश के लिए नीट परीक्षा की तैयारी करते हैं। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) डॉक्टर बनने के इच्छुक छात्रों के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) आयोजित करती है। हालांकि कड़ी प्रतिस्पर्धा, विस्तृत पाठ्यक्रम और सीमित समय के साथ नीट की तैयारी करना कठिन हो सकता है। लेकिन छात्र एक सही रणनीति और टॉपर्स के प्रिपरेशन टिप्स की सहायता से परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

स्मार्ट तरीका अपनाना है सबसे महत्वपूर्णः

                                                                  

परीक्षा में सफल होने के लिए पढ़ाई को स्मार्ट तरीके से करना चाहिए। टॉपर्स को पता होता है कि किस कॉन्सेप्ट को कितना समय देना है और किस भाग से कितने प्रश्न पूछे जाने की संभावना है। ऐसा पिछले वर्ष के प्रश्नों का आकलन करके संभव है। इसलिए अपनी अवधारणाओं को स्पष्ट करें और जानें कि संभावित रूप से क्या पूछा जा सकता है। प्रश्नों में भी समय के अनुसार बदलाव होते रहते हैं, जबकि अवधारणा हमेशा एक समान रहती है।

विषयों के लिए समय निर्धारित करें:

                                                                     

नीट परीक्षा में सफल होने के लिए समय प्रबंधन अत्यधिक महत्वपूर्ण है। परीक्षा के दौरान, पहले जीव विज्ञान खंड के प्रश्नों को हल करने का प्रयास करें। प्रयास करें कि इस खंड को हल करने में 45-50 मिनट से अधिक समय खर्च न हो। रसायन विज्ञान खंड के लिए 35-40 मिनट का समय पर्याप्त होगा। भौतिकी को उसमें मौजूद संख्यात्मक प्रश्नों और गणनाओं के कारण कठिन माना जाता है। इसके लिए कम से कम 90 मिनट की आवश्यकता होती है। इसलिए प्रत्येक खंड के लिए एक समय-सीमा निर्धारित करना अनिवार्य है।

जीव विज्ञान के लिए टिप्सः

नीट में जीव विज्ञान के अधिकांश प्रश्न एनसीईआरटी पुस्तकों पर आधारित होते हैं। इसलिए एनसीईआरटी आधारित प्रश्नों का अधिक से अधिक अभ्यास करें। इसमें आनुवंशिकी और जीवित जीवों में विविधता सबसे अधिक महत्व वाले टॉपिक्स हैं। परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए डायग्राम को अच्छी तरह से बनाने का अभ्यास कर सकते हैं।

रसायन विज्ञान का करें रोजाना अभ्यासः

अकार्बनिक रसायन विज्ञान में आवर्त सारणी, रिएक्शन और रासायनिक बॉन्ड को याद रखें। कार्बनिक रसायन में रिएक्शन को समझें और यौगिकों के नामकरण का अभ्यास करें। अभिक्रियाओं और अभिकर्मकों को बार- बार लिखकर अभ्यास किया जा सकता है।

भौतिकी पर हो अधिक फोकस

बुनियादी अवधारणाओं को अच्छी तरह से समझकर मजबूत नींव बनाएं। महत्वपूर्ण सूत्रों को रोजाना दोहराएं और मैकेनिक्स और ऑप्टिक्स जैसे महत्वपूर्ण टॉपिक्स का माइंड मैप, चित्रों और ग्राफ के माध्यम से अभ्यास करें।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।