
क्लाउड कंप्यूटिंग में निखारें कौशल Publish Date : 06/11/2025
क्लाउड कंप्यूटिंग में निखारें कौशल
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
“स्वयं प्लस पर उपलब्ध एज्योर कोर्स में बिना कोडिंग अनुभव या डिग्री के शामिल होकर तकनीकी कौशल सीखे जा सकते हैं”
आज की तकनीकी दिन प्रति दिन अपडेट हो रही है। ऐसे में आपको भी नई तकनीकियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा। स्वयं प्लस प्लेटफॉर्म पर शुरू किए गए विभिन्न 'एज्योर कोर्स' में शामिल होकर आप अपने तकनीकी कौशल को निखार सकते हैं। एज्योर, माइक्रोसॉफ्ट का एक क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म है, जो ग्राहकों को डाटा रूपांतरण, डाटा भंडारण और कई अन्य क्लाउड संसाधनों और सेवाओं की एक श्रृंखला को नियंत्रित करने में सक्षम बनाता है।
एज्योर कोर्स आपको क्लाउड कंप्यूटिंग और विभिन्न सेवाओं, जैसे एज्योर, गूगल क्लाउड प्लेटफॉर्म या अमेजन वेब सर्विसेज (ऐंडब्लूएस) के मूल सिद्धांतों के बारे में सिखाएंगे। अन्य कंप्यूटिंग पाठ्यक्रमों के विपरीत, आप इन कोर्सेज में बिना किसी कोडिंग अनुभव या पूर्व ज्ञान के भी शामिल हो सकते हैं।
सिक्योरिटी इंजीनियर एसोसिएट
जॉब मार्केट में एज्योर सिक्योरिटी इंजीनियर एसोसिएट पेशेवरों की मांग अधिक बढ़ रही है, ऐसे में आप 19 घंटे के इस कोर्स में शामिल हो सकते हैं। इसमें सुरक्षित नेटवर्किंग और कंप्यूटिंग, स्टोरेज एवं डाटाबेस और सिक्योरिटी ऑपरेशन को प्रबंधित करना सिखाया जाएगा।
ऐंडमिनिस्ट्रेटर
इस कोर्स में माइक्रोसॉफ्ट एज्योर को लागू करने, प्रबंधित करने और निगरानी करने जैसे कौशल सीखने का मौका मिलेगा। 31 घंटे के पाठ्यक्रम में एज्योर में गवर्नेस और प्रबंधन, एज्योरऐंडमिनिस्ट्रेटर के लिए वर्चुअल नेटवर्क और प्रबंधन और एज्योर में स्टोरेज का प्रबंधन आदि शामिल हैं।
डाटाबेस एसोसिएट

यह कोर्स 19 घंटे का है। एक एज्योर डाटाबेस एसोसिएट के रूप में आप एसक्यूएल सर्वर और एज्योर एसक्यूएल सेवाओं पर क्लाउड नेटिव और हाइब्रिड डाटा प्लेटफॉर्म के समाधानों को प्रबंधित करना सीखेंगे। साथ ही, प्रशासनिक उद्देश्य के लिए ट्रांजैक्ट एसक्यूएल और अन्य टूल्स के कार्य करने के तरीके और उनका उपयोग करना भी सिखाया जाएगा।
डेवलपर
कोर्स के दौरान आपको कोड, स्क्रिप्ट, सिस्टम और टूल को विकसित करना सिखाया जाएगा। इसके अलावा एज्योर कंप्यूटर समाधान, एज्योर स्टोरेज और एज्योर को थर्ड पार्टी सेवाओं से जोड़कर उनके उपयोग के बारे में भी बताया जाएगा। सर्टिफिकेट कोर्स की अवधि 14 घंटे निर्धारित की गई है, जिसे पूरा करने के पश्चात आपको असेसमेंट भी दिया जाएगा।
सॉल्यूशंस आर्किटेक्ट एक्सपर्ट
31 घंटे के इस कोर्स में माइक्रोसॉफ्ट एज्योर डिजाइन, डाटा स्टोरेज का डिजाइन और एज्योर के लिए माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड एडॉप्शन फ्रेमवर्क को विकसित करने जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। इस कोर्स में आप एज्योर पर चलने वाले क्लाउड और हाइब्रिड समाधानों को डिजाइन करने में विशेषज्ञता प्राप्त कर पाएंगे।
आवेदन करने के लिए लिंकः
कोर्स में शामिल होने के लिए आप स्वयं प्लस पोर्टल के आधिकारिक लिंक tinyurl.com/c63xk22n पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
