
शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिष्ठा और जिम्मेदारी वाला कॅरियर Publish Date : 24/10/2025
शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिष्ठा और जिम्मेदारी वाला कॅरियर
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
“किसी ‘शैक्षणिक संस्थान' की पहचान और उसके विकास का रोडमैप उस संस्थान के प्रिंसिपल के व्यक्तित्व और विजन से तैयार होता है”-
सामान्य रूप से एक प्रिंसिपल को उस अनुभवी व्यक्ति के रूप में जाना जाता है, जो किसी स्कूल या कॉलेज के विभिन्न कायों को कुशलता से पूरा करता है। अपने कुशल नेतृत्व और नवीन विचारों से उस संस्था को विकास की राह पर लेकर जाता है। सख्त अनुशासित और उत्कृष्ट नेतृत्व के गुणों से युक्त स्कूल या कॉलेज के प्रिंसिपल के रूप में कॅरियर अत्यंत सामाजिक प्रतिष्ठा वाला माना जाता है।
प्रिंसिपल समाज का रोल मॉडल होता है, संस्था का ब्रांड नेम होता है और शिक्षा के क्षेत्र में एक महान गाइड के रूप में कार्य करता है। वह अपने संस्थान का एक चमकता हुआ सितारा होता है, जिसमें उस संस्थान के भविष्य का रोडमैप साफतौर पर दिखता है।
शुरुआत कहां से करें
देश में प्रिंसिपल की रिक्रूटमेंट कई लेवल पर होती है, जिसके मापदंड और अर्हताएं कई मायनों में अलग करती हैं। सामान्य रूप से प्रिंसिपल के रूप में नियुक्ति दो तरीकों से होती है।
प्रमोशन से अर्थात टीचर या एसोसिएट प्रोफेसर से प्रमोट होकर प्रिंसिपल के पद तक पहुंचना और डायरेक्ट भर्ती से अर्थात रिक्रूटमेंट एजेंसी या कमीशन के द्वारा निर्धारित योग्यता एवं मापदंड को पूरा करने के बाद लिखित परीक्षाओं और साक्षात्कार से चयनित होकर प्रिंसिपल के रूप में कॅरियर की शुरुआत करना।
स्कूल स्तर पर प्रिंसिपल की भर्ती

गवर्नमेंट सेक्टर के स्कूलों में मुख्य रूप से भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत नवोदय विद्यालय समिति और केंद्रीय विद्यालय संगठन और सेंट्रल तिब्बती स्कूल ऐंडमिनिस्ट्रेशन, एटॉमिक एनर्जी एजुकेशन सोसाइटी और अन्य सरकारी मान्यता प्राप्त स्कूल आते हैं। कुछ अर्हताओं को यदि छोड़ दिया जाए तो इन स्कूलों में प्रिंसिपल की नियुक्ति की प्रक्रिया और सर्विस रूल्स सामान्य रूप से एक जैसे होते हैं।
प्राइवेट सेक्टर के एजुकेशनल इंस्टीट्यूट्स में भी प्रिंसिपल की नियुक्ति की प्रक्रिया भी मूल रूप से समान ही होती है। किंतु इस संदर्भ में उनके अपने अलग मापदंड और सेवा की शर्तें होती हैं।
अनिवार्य कौशल
प्रिंसिपल का कार्य जिम्मेदारियों से भरा होता है और यही कारण है कि इसमें कॅरियर बनाने के इच्छुक अभ्यर्थियों में निम्नांकित कौशल का होना जरूरी होता है-
• दोषरहित नेतृत्व की क्षमता और बहुमुखी प्रतिभा का धनी।
• स्कूल मैनेजमेंट का पूर्ण ज्ञान।
• उत्कृष्ट और दोषरहित संवाद कला।
• आत्मविश्वासी और लोगों को प्रेरित करने की क्षमता।
• कई विषयों का अगाध ज्ञान और समसामयिक घटनाओं के प्रति जागरूकता।
• परिस्थितियों के अनुसार शीघ्र निर्णय लेने की क्षमता।
• उच्च नैतिक मूल्यों और चारित्रिक आदशों के प्रति कठोर समर्पण।
• एक अच्छा योजनाकर्ता, विजुअलाइजर और ऑर्गेनाइजर।
• साहसी, धैर्यवान और गंभीर।
अनिवार्य शैक्षणिक योग्यताएं
डायरेक्ट भर्ती से प्रिंसिपल के रूप में चयन के लिए निम्नांकित योग्यता की जरूरतें होती है-
• किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री।
• बीऐड और समतुल्य टीचिंग डिग्री।
• कोई भी व्यक्ति जो सरकारी, अर्द्ध सरकारी, सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त या सीबीएसई द्वारा संबद्ध सीनियर सेकेंडरी स्कूल या इंटर कॉलेज में कार्यरत या अन्य निर्धारित समतुल्य पोस्ट पर कार्यरत हों।
• दस वर्ष के पीजीटी या लेक्चरर के रूप में अनुभव के साथ वाइस प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हो।
• रुपये 6500-10,500 के स्केल में पीजीटी या लेक्चरर के रूप में न्यूनतम 12 वर्षों का टीचिंग अनुभव हो।
विभिन्न अवसर

निम्न संस्थानों द्वारा प्रिंसिपल के रूप में योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाती है-
नवोदय विद्यालय समिति: इसके अंतर्गत तमिलनाडु को छोड़कर देश के सभी राज्यों के प्रत्येक जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय स्थित हैं, जिनके लिए प्राचार्य की नियुक्ति की जाती है। वर्तमान में देश में 661 जवाहर नवोदय विद्यालय कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा वर्तमान में केंद्रीय विद्यालयों की संख्या 1248 है। तीन केंद्रीय विद्यालय विदेशों में अर्थात मास्को, तेहरान और काठमांडू में भी स्थित हैं। हाल ही में केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से प्रिंसिपल के 200 से अधिक पदों पर भर्ती निकाली गई है।
प्रमुख संस्थान
• दिल्ली पब्लिक स्कूल और अन्य।
• प्राइवेट स्कूल।
• एटॉमिक एनर्जी एजुकेशन सोसाइटी स्कूल (1969 में स्थापित)।
• एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (1999 में स्थापित)।
• विभिन्न राज्यों के हायर सेकेंडरी स्कूल।
• सभी विश्वविद्यालय के प्राइवेट और सरकारी कॉलेज।
• बीऐड कॉलेज और अन्य ट्रेनिंग कॉलेज।
सफलता की शर्तें
किसी शैक्षणिक संस्थान की पहचान और उसके विकास का रोडमैप उस संस्थान के प्रिंसिपल के व्यक्तित्व और विजन से तैयार होता है। मॉडर्न युग के कॅरियर विकल्प युवा विद्यार्थियों की सहो दिशा में ग्रोथ के लिए रोडमैप तैयार करने से लेकर उन्हें धरातल पर लाने, टीचिंग और नॉन- टीचिंग स्टाफ को अपना सर्वश्रेष्ठ करने को प्रेरित करने के अलावा उन सब को साथ लेकर चलने की चुनौतियां किसी प्रिंसिपल की कार्य दक्षता का लिटमस टेस्ट होता है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
