गूगल के फ्री ऑनलाइन कोर्स      Publish Date : 21/08/2025

                     गूगल के फ्री ऑनलाइन कोर्स

                                                                                                                                                       प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

ये कोर्स उन युवाओं के लिए अधिक उपयोगी हैं, जो पहली बार किसी इंटरव्यू या नौकरी के लिए आवेदन कर रहे हैं-

गूगल अपने कई डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये छात्रों एवं पेशेवरों के लिए समय-समय पर ऑनलाइन वर्कशॉप, सेमिनार, इवेंट और ऑनलाइन फ्री कोर्सेज की पेशकश करता रहता है। गूगल की पहल से शुरू किए गए इन कोर्सेज में अक्सर छात्रों व पेशेवरों को उन क्षेत्रों के बारे में प्रशिक्षित किया जाता है, जिनकी जॉब मार्केट में मांग बढ़ रही है। हाल ही में गूगल ने नौकरी पर आधारित कई ऑनलाइन कोर्स की शुरुआत की है। ये कोर्स उन युवाओं के लिए अधिक उपयोगी हैं, जो पहली बार किसी इंटरव्यू या नौकरी के लिए आवेदन कर रहे हैं। साथ ही उन पेशेवरों के लिए भी लाभकारी हैं, जो नौकरी के साथ-साथ अतिरिक्त कौशलों को सीखना चाहते हैं।

मार्केटिंग स्ट्रेटजी ऐंड एआई

                                                               

गूगल के मार्केटिंग विशेषज्ञों द्वारा डिजाइन एक घंटे के इस कोर्स के माध्यम से ग्राहकों से जुड़ने के लिए एआई का लाभ कैसे उठाया जाए, इससे आपको परिचित करवाया जाएगा। इस कोर्स के माध्यम से आपको यह भी बताया जाएगा कि एआई मार्केटिंग परिदृश्य को कैसे बदल रहा है और मार्केटर्स के लिए क्या अवसर मौजूद हैं।

टेलिंग स्टोरी विद डाटा विजुअलाइजेशन

45 मिनट का यह ऑनलाइन कोर्स आपको एक आकर्षक डाटा विजुअलाइजेशन बनाने के विभिन्न तरीकों के बारे में सिखाएगा। कोर्स के दौरान आपको सही विजुअलाइजेशन का चयन करना भी सिखाया जाएगा। इसलिए यह कोर्स उन छात्रों एवं पेशेवरों के लिए अधिक महत्वपूर्ण है, जो अक्सर स्कूल, कॉलेज या कार्यस्थल पर प्रजेंटेशन देते रहते हैं।

सोशल मीडिया स्ट्रेटजी

इस तकनीकी दौर में विभिन्न प्लेटफॉर्म एवं संगठन को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए सोशल मीडिया टीम की आवश्यकता होती है। यह कोर्स उन पेशेवरों के लिए अधिक लाभकारी है, जिनकी सोशल मीडिया में विशेष रुचि है। इस कोर्स में आपको सबसे पहले ऑनलाइन नए ग्राहकों तक पहुंचने की विभिन्न तकनीकों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही एक सरल सोशल मीडिया स्ट्रेटजी और सोशल मीडिया पोस्ट बनाने के लिए ऐसे टूल्स के बारे में भी बताया जाएगा, जो आपका कीमती समय बचा सकते हैं।

बिल्ड ए सीवी ऐंड राइट ए कवर लेटर

किसी भी नौकरी में आवेदन के लिए आजकल एक अच्छे रिज्यूमे के साथ-साथ एक कवर लेटर भेजने का ट्रेंड भी खूब चलन में है। यदि आपका रिज्यूमे और कवर लेटर दोनों ही बेहतरीन हैं, तो नौकरी में सफल होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। एक घंटे के इस कोर्स में आपको एक अच्छे रिज्यूमे व कवर लेटर में अधिक महत्वपूर्ण जानकारी को साझा करने के तरीकों के बारे में बताया जाएगा। यह कोर्स नौकरी की तलाश करने वाले युवा पेशेवरों को विभिन्न टूल्स से भी परिचित करवाएगा, जिनकी मदद से आप आसानी से नौकरी पा सकते हैं।

यहां करें आवेदन

गूगल के ये फ्री ऑनलाइन कोर्सेज 03 सितंबर, 2025 से शुरू हो रहे हैं। इच्छुक उम्मीदवार इस आधिकारिक लिंक tinyurl.com/5n6n3vjd पर जाकर विभिन्न कोर्सेज में शामिल हो सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।