वैज्ञानिक बनकर दें कॅरियर को नई दिशा      Publish Date : 12/06/2025

             वैज्ञानिक बनकर दें कॅरियर को नई दिशा

                                                                                                                                                             प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

आज प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में लगातार नए बदलाव हो रहे हैं। नए-नए आविष्कार, शोध और विज्ञान से जुड़े कार्य हमारे जीवन को सरल और बेहतर बना रहे हैं। लेकिन सवाल है कि वैज्ञानिक कैसे बनें? वैज्ञानिक बनने का सबसे पहला कदम है सही शिक्षा प्राप्त करना। विज्ञान की बुनियादी समझ हासिल करने के लिए सबसे पहले माध्यमिक (High School) स्तर पर विज्ञान के विषयों-गणित, भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान आदि में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इसके बाद रुचि के अनुसार स्नातक (Bachelor's) की पढ़ाई चुन सकते हैं।

कहां-कहां मिलते मौके?

                                              

जब आप Ph.D कर लेते हैं, तो आप विभिन्न शोध संस्थानों, विश्वविद्यालयों और वैज्ञानिक संगठनों में काम करने के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। आप सरकारी या निजी क्षेत्र में भी काम कर सकते हैं। भारतीय वैज्ञानिक संगठन जैसे ISRO, DRDO, CSIR (Council of Scientific and Industrial Research) आदि में वैज्ञानिक के रूप में काम करने के कई अवसर हैं। यहां तक कि आप स्वयं एक शोधकर्ता के रूप में स्वतंत्र रूप से कार्य कर सकते हैं और नई तकनीक या वैज्ञानिक अवधारणाओं पर काम कर सकते हैं।

रिसर्च और शोध पत्र

वैज्ञानिक बनने के लिए शिक्षा से अधिक शोध करने की क्षमता होनी चाहिए। शोध वैज्ञानिकों का मुख्य कार्य होता है। M,Sc. या M.Tech. के बाद, आपको Ph.D. (Doctor of Philosophy) में दाखिला लेना होगा। यह अपने चुने हुए क्षेत्र में गहरी और विशेषज्ञता की समझ देती है। Ph.D. के दौरान, शोध पर काम करना होगा, जो किए गए प्रयोगों, अवलोकनों और विश्लेषण पर आधारित होगा। यह महत्त्वपूर्ण कदम है, क्योंकि यह न केवल गहरी समझ देता है, बल्कि शोधकर्ता के रूप में आपको प्रतिष्ठा भी प्रदान करता है।

वैज्ञानिक बनने की यात्रा में एक और महत्त्वपूर्ण कदम है शोध पत्रों का लेखन और उन्हें प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित करना। जब आप किसी नए शोध या अविष्कार पर काम करते हैं, तो आपको उस पर आधारित शोध पत्र लिखना होगा। अच्छे शोध पत्र प्रकाशित होने से प्रतिष्ठा वैज्ञानिक समुदाय में बढ़ती है। इससे आपको और शोध के अवसर भी मिल सकते हैं।

B.Sc. या B.Tech.

वैज्ञानिक बनने के लिए मजबूत शैक्षिक पृष्ठभूमि जरूरी है। आप B.Sc. या k B.Tech. जैसे कोर्स कर सकते हैं। ये वैज्ञानिक बनने के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रदान करेंगे। B.Sc. या B.Tech. के बाद, एक वैज्ञानिक बनने के लिए उच्च शिक्षा की ओर कदम बढ़ाना होता है। आप M.Sc. या M.Tech. में दाखिला ले सकते हैं, जो विज्ञान के क्षेत्र में आपको गहरी समझ और जानकारी प्रदान करेगा। उच्च शिक्षा के दौरान विभिन्न शोध में भाग लेने का मौका मिलेगा, जिससे अनुसंधान और प्रयोगशाला काम के बारे में आप अधिक जान सकेंगे। इस स्तर पर आप विशेषज्ञ के रूप में अपने क्षेत्र का चयन कर सकते हैं। जैसे आप भौतिकी में रुचि रखते हैं, तो मेडिकल भौतिकी, एयरोस्पेस भौतिकी या थ्योरीटिकल भौतिकी में से किसी एक को भी चुन सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।