साक्षात्कार के लिए इन प्रश्नों की तैयारी जरूर करें      Publish Date : 10/06/2025

       साक्षात्कार के लिए इन प्रश्नों की तैयारी जरूर करें

                                                                                                                                                                   प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

पहली नौकरी के पहले इंटरव्यू के दौरान अक्सर प्रश्नों का उत्तर देने में कॉलेज के धुरंधर भी गड़बड़ा जाते हैं। इसमें विशेषरूप से कुछ ऐसे प्रश्न भी होते हैं, जो अधिकतर पूछे ही जाते हैं, लेकिन उनका उत्तर देना इतना आसान भी नहीं होता। इस प्रकार के प्रश्न आखिर क्यों पूछे जाते हैं और कैसे दें उनका जवाब, बता रहे हैं हमारे कॅरियर विशेषज्ञ प्रोफेसर आर. एस. सेंगर-

इंटरव्यू, नौकरी की चयन प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा होता है। लेकिन फ्रेशर्स के द्वारा व्यक्त की गई प्रतिक्रियाओं पर किए गए विभिन्न अध्ययनों का कहना है कि नए उम्मीद्वार अकसर कुछ रूटीन सवालों के जवाब में ही गड़बड़ा जाते हैं। अमेरिका के एक अध्ययन में 64 प्रतिशत नियोक्ताओं ने माना कि दबाव में फ्रेशर्स अस्पष्ट या अप्रासंगिक प्रतिक्रिया देने लगते हैं।

एक अन्य अध्ययन कहता है कि फ्रेशर्स में नौकरी के इंटरव्यू के दौरान अपने गलत निर्णयों को जायज ठहराने और नकारात्मक उत्तर देने की प्रवृत्ति ज्यादा देखी जाती है, और यह भी कि ऐसा नहीं होगा, अगर वे पूछे जाने वाले प्रश्न के पीछे की मंशा जानते हों और इसके लिए इनकी पूरी तैयारी करें, तो ऐसे में, हम आपको बता रहे हैं नौकरी के इंटरव्यू में आमतौर पर पूछे जाने वाले ऐसे पांच प्रश्न, और उनसे जुड़े कुछ अन्य पहलुओं के बारे में-

                                                      

अपने बारे में कुछ बताएं

क्यों पूछते हैं:- यह लगभग हर सजीव इंटरव्यू का हिस्सा होता है यह प्रश्न। इस तरह आपको सहज और दबावमुक्त करने की कोशिश की जाती है. साथ ही साक्षात्कारकर्ता को भी आपसे बात आगे शुरू करने का ओवरलुक मिलाता है।

कैसे उत्तर दें:- अपना उत्तर शिक्षा और रिज्यूमे के अनुसार सटीक रखें। रिज्यूमे में दी गई जानकारियों की सबसे उपयोगी बातें यहां बताएं। अपनी उपलब्धियों पर प्रकाश डालें और अगर कोई इंटर्नशिप या काम का अनौपचारिक अनुभव है. तो वह भी जरूर बताएं।

आपको इस पद के लिए उपयुक्त क्यों माना जाए?

क्यों पूछते हैं:- इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या आप भूमिका की आवश्यकताओं को समझते हैं और उन्हें पूरा करने की क्षमता रखते हैं। नियोक्ता चाहते हैं कि आप उन्हें यह विश्वास दिलाए कि आपकी योग्यता और स्किल्स आपको इस पद के लिए एक बेहतर उम्मीदवार बनाते हैं।

क्या उत्तर दें:- साक्षात्कार से पहले इस पद की जरूरतों के बारे में अपने नेटवर्क या वरिष्ठों से बात करें। इसके विज्ञापन को अच्छी तरह पढ़ें। कंपनी के बारे में जानकारी प्राप्त करें। अब एक ऐसा उत्तर तैयार करें, जो बताए कि आपकी योग्यता, कार्य अनुभव, कौशल और उपलब्धियां कंपनी को कैसे लाभ पहुंचा सकते हैं।

5 साल के बाद आप अपने करियर में कहां देखते हैं?

क्यों पूछते हैं:- यह आपकी अपने करियर के प्रति प्रतिबद्धता, कंपनी में आपकी रुचि और अपनी इंडस्ट्री और अपन काम के बारे में आपकी समझ की परखने के लिए पूछा जाता है।

कैसे उत्तर दें:- कोई भी फ्रेशर अच्छे प्रदर्शन के बल पर वास्तविकता में पांच साल में मिड लेवल एग्जीक्यूटिव पदों पर पहुंचने में सफल हो सकता है। आप अपने किसी ऐसे वास्तविक तक्ष्य को बताएं। कंपनी के लक्ष्यों से अपने लक्ष्य जोड़ें। यहां अपस्किलिंग से कंपनी के अन्य मौकों का लाभ उठाने, अनुभव पाने और उनसे करियर के लक्ष्यों को साधने की बात भी शामिल करें।

आप अपनी सबसे बड़ी कमजोरी क्या मानते हैं?

क्यों पूछते हैं:- यह फ्रेशर के व्यक्तित्व को जानने और यह तय करने का यह एक तरीका है कि वह कंपनी के लिए उपयुक्त हैं या नहीं। इससे उनकी सीखने की ललक, ईमानदारी, व्यवहारकुशलता आदि के बारे में भी पता लगता है।

क्या उत्तर दें:- कमजोरी होना गलत बात नहीं है, इसलिए जवाब देने में ईमानदारी बरतें। लेकिन अगर बता रहे हैं, तो आपके पास इसे दूर करने की योजना भी होनी चाहिए। एक स्मार्ट तरीका यह भी है कि आप कॉलेज या इंटर्नशिप के किसी अनुभव के माध्यम से इसे जताएं। समझाएं कि उस घटना में कैसे आपके व्यक्त्तित्व या स्किल की कमजोरी आपके सामने आई और फिर आपने उस पर कैसे काम किया। यह भी बताए कि अब आप वैसी स्थितियों का सामना होने पर उनसे कैसे उबरेंगे।

क्या अन्य कंपनियों में भी आवेदन कर रहे हैं?

क्यों पूछते हैं:- नियोक्ता अपनी कंपनी में उम्मीदवार की रुचि को समझने, नियुक्ति संबंधी समय-सीमा की योजना बनाने, जॉब ऑफर में आपको क्या और कितना दिया जा सकता है, इस सबके सही अनुमान के लिए ये सवाल पूछते हैं।

क्या उत्तर दें:- इसके उत्तर में ईमानदारी बरतें। लेकिन किसी भी तरह का विस्तार या नकारात्मक टिप्पणी से बचें। आदर्श उत्तर में पारदर्शिता, व्यावसायिकता और वास्तविक रुचि का संतुलन दिखाई देना चाहिए। अगर दूसरी कंपनियों में आवेदन की बात बता रहे हैं, तो यह भी बताएं कि आप इस कंपनी में मौके के लिए गंभीर हैं। साथ ही इस प्रश्न का उत्तर भी तैयार रखें कि यह कंपनी क्यों पसंद है। यह दृष्टिकोण एक अनुकूल प्रभाव बनाएगा।

कंपनियां आपमें ये जानना चाहती हैं

                                              

  • कि आपको अपने विषय और कार्यक्षेत्र की अच्छी जानकारी है।
  • कि आपके पास नौकरी के लिए आवश्यक कौशल मौजूद है।
  • कि आप काम के प्रति प्रेरित और उत्साहित हैं। सीखने और बढ़ने के लिए उत्सुक हैं। काम के प्रति जुनूनी हैं और सफलता के लिए प्रतिबद्ध हैं।
  • कि आप एक टीम में रहकर काम करने में सहज हैं। आपमें ट्बुल शूटर का गुण है. आप रचनात्मक ढंग से सोच सकते हैं और काम में आने वाली समस्याओं के नए और रचनात्मक समाधान पेश कर सकते हैं।
  • कि आप कंपनी की कार्यसंस्कृति में सहजता से समायोजित हो सकेंगे।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।