‘स्वयं पोर्टल’ है भाषायी कौशल सीखने के लिए बेस्ट      Publish Date : 20/05/2025

    ‘स्वयं पोर्टल’ है भाषायी कौशल सीखने के लिए बेस्ट

                                                                                                                                                    प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

“फ्री ऑनलाइन कोर्स के माध्यम से आप विभिन्न भाषाएं सीखकर देश और विदेश में अपने कॅरियर के अवसरों की तलाश कर सकते हैं।”

हम सभी जानते हैं कि भाषा एक ऐसा विषय है, जिसके द्वारा आपको न केवल किसी देश की संस्कृति को जानने-समझने का अवसर प्राप्त होता है, बल्कि इसके माध्यम से विभिन्न दूतावास, हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री और अंतरराष्ट्रीय संगठन में कॅरियर भी बनाया जा सकता है। यही कारण है कि आज भारत में अंग्रेजी के साथ-साथ कई अन्य अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के जानकारों की मांग भी बढ़ रही है।

ऐसे में यदि आप भी अलग-अलग भाषाओं को सीखने में रुचि रखते हैं, तो आप ‘स्वयं प्लेटफॉर्म’ के माध्यम से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की ओर से पेश किए जा रहे अंग्रेजी, स्पेनिश, फ्रेंच, अरबी और अन्य ऐसी ही अंतरराष्ट्रीय भाषाओं को ऑनलाइन माध्यम से अपने घर पर बैठे ही सीख सकते हैं।

अंग्रेजी भाषा सीखकर बढ़ाएं आत्मविश्वास

कुछ लोगों की अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ नहीं होती है, इसके चलते उन्हें कार्यस्थल या अन्य स्थानों पर शर्मिंदगी महसूस होती है। अंग्रेजी भाषा का यह कोर्स ऐसे लोगों के लिए ही डिजाइन किया गया है। यह स्नातक स्तर का कोर्स है, यदि आप पेशेवर हैं, तो यह सर्टिफिकेट कोर्स निश्चित रूप से आपके लिए उपयोगी होगा, क्योंकि 15 सप्ताह के इस कोर्स में नौकरी के लिए इंटरव्यू की तैयारी और कार्यस्थल पर जरूरी कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी शामिल किया गया है।

स्पेनिश भाषा से प्राप्त होंगे वैश्विक अवसर

स्पेनिश भाषा का कोर्स ऐसे युवाओं के लिए डिजायन किया गया है, जिनकी स्पेनिश भाषा को सीखने में रुचि होती है। 16 सप्ताह के इस कोर्स को दो भागों, भाग-ए एवं भाग-बी में विभाजित गया है। इसका भाग-ए स्नातक स्तर का, जबकि भाग- बी सर्टिफिकेट स्तर का कोर्स है। कोर्स के पाठ्यक्रम में 16 मॉड्यूल में 80 वीडियो, ई-बुक, नोट्स आदि शामिल किए गए हैं। कोर्स में आप इंटरैक्टिव वीडियो के माध्यम से विभिन्न तरीकों से स्पेनिश भाषा सीखने एवं बोलने का कौशल को विकसित कर सकते हैं।

फ्रेंच भाषा में डिप्लोमा

12 सप्ताह के इस डिप्लोमा स्तर कोर्स से छात्र और पेशेवर फ्रेंच भाषा के बुनियादी कौशल सीख सकते हैं। कोर्स के पहले भाग में परिचय देने और बातचीत करने के तरीकों, जबकि दूसरे भाग में इंटरैक्शन पैटर्न के साथ फ्रांस में जीवन और वहां की संस्कृति के पहलुओं के बारे में बताया जाता है।

अरबी भाषा में कौशल

अरबी भाषा में 12 सप्ताह का कोर्स डिप्लोमा स्तर का कोर्स है। कोर्स के पाठ्यक्रम को तीन खंडो में विभाजित किया गया है, जिसके लिए छात्रों को ई-स्टडी मटेरियल प्रदान किए जाता है। यह कोर्स ऐसे छात्रों के लिए काफी अधिक उपयोगी हैं, जो सऊदी अरब, मिस्र या मोरक्को जैसे अरबी भाषी देशों में नौकरी करना चाहते हैं।

आवेदन करने की प्रक्रिया

भाषा से संबंधित विभिन्न कोर्स में पंजीकरण के लिए आप आधिकारिक वेबसाइट https://tinyurl.com/yhbut2uz पर जाकर 31 अगस्त, 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। कोर्स के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर, 2025 है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।