निर्णय लेने से पहले अपने आप से करें सवाल      Publish Date : 16/05/2025

           निर्णय लेने से पहले अपने आप से करें सवाल

                                                                                                                                              प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

सही निर्णय लेना चाहते हैं, तो आप भविष्य के जोखिमों को देखते हुए स्वयं से सवाल कर सकते हैं। आपके जीवन में कई बार ऐसे पड़ाव भी आते हैं, जहां बेहतर निर्णय लेना आपको सबसे चुनौतीपूर्ण काम लगने लगता है। इस स्थिति में आप समझ नहीं पाते हैं कि कौन-सा निर्णय भविष्य में ज्यादा प्रभावी होगा। हालांकि जब आप कुछ बड़े फैसले लेते हैं, तो उस वक्त आप सबसे ज्यादा तनाव में भी होते हैं। इसलिए अपने भविष्य के लिए यदि आप कोई अहम फैसला लेना चाहते हैं, तो एक रणनीतिक निर्णय लेने के लिए सभी चीजों को परखने और भविष्य में उसके जोखिमों का अंदाजा लगाने से पहले यह भी विचार करें कि आपका निर्णय कितना लचीला है। हमारे प्रस्तुत लेख में कुछ सुझाव दिए गए हैं, जिनपर आपको निर्णय लेने से पहले जरूर विचार करना चाहिए।

एक साल बाद कौन-सा निर्णय सार्थक होगा

                                              

ऐसे निर्णय लेना कई बार बहुत आसान होता है, जो आपकी तत्काल समस्याओं को हल करते हों, लेकिन आप जो निर्णय आज ले रहे हैं, वह भविष्य में कितना प्रभावी होगा, यह अधिक मायने रखता है। निर्णय लेते वक्त यह भी जान लें कि आप भविष्य में क्या करना चाहते हैं और आप भविष्य में कौन-से जोखिमों को उठाने के लिए तैयार हैं। इस सवाल को खुद से पूछने से आप ऐसा निर्णय लेने से बच सकते हैं, जो वाकई आपके भविष्य को प्रभावित कर सकता है।

क्या सीखना चाहिए

यदि आप अपने सबसे मुश्किल वक्त में निर्णय ले रहे हैं, तो स्वयं से यह सवाल भी पूछे कि यदि मैं अपने निर्णय में सफल होता हूं, तो इससे मुझे क्या सीखना चाहिए। अक्सर कई बार आप ऐसी परिस्थितियों में भी अहम फैसला लेते हैं, जो आपके भविष्य में उपयोगी साबित हो सकता है। साथ ही यह भी विचार करें कि दूसरे लोग आपकी सफलता और आपके निर्णय लेने की क्षमता से क्या सीख सकते हैं, ताकि उनके लिए भी बुरे वक्त में निर्णय लेना आसान हो।

भविष्य के लिए तैयार करेगा

जब भी आप अनिश्चित समय में कोई अहम फैसला लेते हैं, तो कहीं न कहीं झिझक महसूस करते हैं कि जो फैसला ले रहे हैं क्या वह वाकई आपके लिए लाभकारी। हालांकि मन में यह ख्याल आना लाजिमी है, होगा लेकिन इससे इतर यह भी सोचें कि भविष्य में आप जब भी कोई बड़ा निर्णय लेंगे, तो यह मुश्किल समय में आपको धीरज के साथ निर्णय लेने के लिए तैयार करेगा। साथ ही यह अपनी क्षमताओं के बारे में जानने का अवसर देगा। जहां आप अत्यधिक दबाव के बीच में लचीले फैसले लेने के लिए सहज महसूस करेंगे।

जल्दबाजी तो नहीं कर रहे

                                              

यदि आप कोई बड़ा फैसला ले रहे हैं, तो यह विचार कर लें कि आप जल्दबाजी तो नहीं कर रहे। एक सही निर्णय लेने के लिए आप अपनी बात अपने साथी और परिवारजनों को बताएं और उनकी राय को तवज्जो दें। इससे आप बेहतर निर्णय ले पाएंगे।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।