नौकरी के छूट जाने के बाद क्या करें      Publish Date : 26/04/2025

                नौकरी के छूट जाने के बाद क्या करें

                                                                                                                    प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

जब नौकरी छूट़ जाए तब अवसाद में जाने के बजाय इस समय को चुनौती के रूप में स्वीकार करें और एक पेशेवर की तरह परिपक्वता दिखाएं। फिलहाल मंदी का दौर चल रहा है। ऐसे में या किसी अन्य कारण से जब कोई इन्सान अपनी नौकरी गंवा देता है, तो उसे तमाम तरह की चुनौतियों से जूझना पड़ता है। इसमें सबसे आम समस्या पैसों से जुड़ी हुई होती है। ऐसी स्थिति में सिर्फ आर्थिक समस्याएं ही नहीं पैदा होतीं, बल्कि व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी काफी नुकसान पहुंचता है। हालांकि, जो लोग इसे एक आपदा के रूप में देखते हैं, वे ज्यादा तनाव में रहते हैं। ऐसे लोगों को संघर्ष भी अधिक करना पड़ता है। अगर आप भी ऐसे ही कोई पेशेवर हैं, जिन्हें ऐसी किसी समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है, तो आपको नौकरी छूटने के बाद गलत रास्तों को अपनाने से बचना और एक परिपक्व पेशेवर की तरह बर्ताव करना चाहिए।

भावनाओं पर रखें काबू

कुछ लोग नौकरी छूटने को एक अस्थायी समस्या के रूप में देखते हैं और शांत रहते हैं, जबकि अन्य इसे एक आपदा के रूप में देखते हैं। इससे उनमें तनाव, अवसाद या नशीले पदार्थों के सेवन की प्रवृत्ति बढ़ने लगती है। ऐसे में, भावनाओं का स्वास्थ्य पर पैसे की तुलना में गहरा प्रभाव पड़ता है। इसलिए ऐसी स्थिति में अपनी भावनाओं पर काबू रखते हुए सकारात्मक मानसिकता के साथ आगे बढ़ने की जरूरत होती है।

सामाजिक रूप से जुड़े रहें

वित्तीय संघर्ष मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य, दोनों को प्रभावित कर सकते हैं। दिलचस्प बात यह है कि तमाम बिलों का भुगतान न कर पाना चिंता का कारण ज्यादा बनता है। यह न सिर्फ एक मानसिक समस्या है, बल्कि इससे ऐसे शारीरिक बदलाव आ जाते हैं, जो लंबे समय तक स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनते हैं, जैसे कि उच्च रक्तचाप (बीपी)। इससे बचने के लिए आपको नियमित व्यायाम करना चाहिए, ताकि तनाव से जुड़ा हार्माेन कम हो सके। पर्याप्त नींद लेने लेने से भी इसमें सुधार होता है और सामाजिक रूप से जुड़े रहने से भावनाएं नियंत्रण में रहती हैं।

स्वस्थ तरीके से आगे बढ़ें

जब भी आपकी नौकरी चली जाए, तो दूसरों से संपर्क सामने का प्रयास करें, क्योंकि आपके मित्र और प्रियजन आपको मानसिक रूप से मजबूत बने रहने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, नई नौकरी के लिए आवेदन करने के साथ ही अपने नेटवर्क के साथ समय बिताएं। पूर्व सहकर्मियों के संपर्क में रहें, पेशेवर समूहों और अपने करियर से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल हों।

समय का सही उपयोग करें

भले ही आपको नौकरी चली गई हो, लेकिन यह समय आपके कौशल को निखारने के लिए उपयुक्त है और यह नई नौकरी दिलाने में भी मददगार हो सकता है। आप इस समय कोई पार्ट टाइम जॉब भी कर सकते हैं, जिससे आपकी वित्तीय स्थिति में कुछ हद तक सुधार हो पाएगा।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, निदेशक प्रशिक्षण, सेवायोजन एवं विभागाध्यक्ष प्लांट बायोटेक्नोलॉजी संभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।