इसरो का फ्री सर्टिफिकेशन प्रोग्राम

                                इसरो का फ्री सर्टिफिकेशन प्रोग्राम

                                                                                                                                                                                             डॉ0 आर. एस. सेंगर

‘‘खेती-किसानी में सम्भावनाओं की तलाश कर रहे युवाओं को डिजिटली सशक्त बनाने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है उक्त कोर्स’’

                                                                                   

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के द्वारा भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान (आईआईआरएस) के माध्यम से डिजिटल के द्वारा कृषि में आधुनिक तकनीकों को सीखने एवं अपनाने के लिए एक भूस्थानिक प्रौद्योगिकी कोर्स को आरम्भ किया गया है। इस कोर्स के माध्यम से छात्र अथवा पेशेवर युवाओं को डिजिटल माध्यम से आधुनिक कृषि और उसके लाभों के सम्बन्ध में बारिकियां सीखने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागियों को स्टडी मटेरियल जैसे लेक्चर स्लाइड्स, रिकार्ड किए गए विडियो लेक्चर्स और ओपन सोर्स सॉफ्टवेयर्स आदि की जानकारी ई-क्लास के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।

कोर्स के सम्बन्ध में जानकरी

यह कोर्स केन्द्र अथवा राज्य सरकार, निजी संगठनों, एनजीओ, छात्रों एवं कृषि अनुप्रयोगों में संलग्न लोगों के लिए आरम्भ किया गया है, जो फसलों की सूची, फसल की स्थिति का आंकलन, कृषि मॉडलिंग और फसलों के लिए जल आवश्यकता आदि का यूएवी, मशीन लर्निंग, ऑर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और सेंसर आदि माध्यमों का अनुप्रयोग करते हैं।

इस कोर्स में सीखने के लिए बहुत कुछ

                                                               

इस कोर्स के दौरान डिजिटल माध्यम से कृषि और भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विभिन्न तकनीकों एवं अनुप्रयोगों के बारे में बहुत कुछ जानने और सीखने का अवसर प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त डिजिटल माध्यम से कृषि के लिए इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) और आईसीटी तकनीक का उपयोग, फसलों की निगरानी और मृदा की गुणवत्ता का मूल्यांकन, स्मार्ट कृषि के लिए उन्नत डेटा एनालिटिक्स के जैसी आधुनिक तकनीकों के सम्बन्ध में विस्तार से जानने और समझने के अवसर भी प्राप्त होंगे।

ऑनलाईन पढ़ाई और सर्टिफिकेट की व्यवस्था

सभी प्रकार की अध्ययन सामग्री, वीडियो लेक्चर्स ई-क्लास की वेबसाईट https://www.eclass.iirs.gov.in पर अपलोड कर दिए जाएंगे। इसके प्रत्येक सत्र में कम से कम 70 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करानी आवश्यक है। कोर्स पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट इसरो एलएमएस की वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड किए जा सकते हैं। 

आवेदन करने की शर्तें

                                                                              

भारत का कोई भी नागरिक, जो स्नातक अंतिम वर्ष अथवा स्नाकोत्तर के किसी भी वर्ष में अध्ययनरत है, वह इस कोर्स के लिए आवेदन करने का पात्र है। सबसे अच्छी बात यह है कि यह एक निःशुल्क कोर्स है अर्थात उक्त कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उम्मद्वार से कोई पाठ्यक्रम का शुल्क नही लिया जाएगा।

एडमीशन प्रोसेस

इसरो के द्वारा संचालित इस कोर्स में नामांकन करने के लिए अभिलाषी एवं योग्य उम्मीद्वार इसरो की अधिकारिक वेबसाइट:- https://www.iirs.gov.in/Edusal-News/ पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसकी आवेदन करने की अनितम तिथि 28 जून, 2024 निर्धारित की गई है। आवेदन करने के बाद सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को इसरो (ISRO) लर्निंग मेनेजमेंट सिस्टम (LMS) के लिए अपने लॉगिन क्रेडेंशियल प्रदान किए जाएंगे।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल   कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।