किसानों अपनी अतिरिक्त आमदनी के लिए खेत के किनारे लगाऐं महोगनी का पौधा      Publish Date : 21/09/2024

किसानों अपनी अतिरिक्त आमदनी के लिए खेत के किनारे लगाऐं महोगनी का पौधा

                                                                                                                                                               प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

भारतीय किसान अब पारंपरिक खेती को छोड़कर औषधीय खेती के साथ-साथ अब बागवानी की ओर भी रूख कर रहे हैं, जिससे किसान की आमदनी बढ़ जाती है। अगर किसान इमारती लकड़ी देने वाले महोगनी के पौधों को खेतों के किनारे लगा दें तो किसान 10 से 12 साल में ही मालामाल हो जाएंगे, क्योंकि महोगनी की लकड़ी बेशकीमती होती है। महोगनी की लकड़ी की विदेशों में भी भारी डिमांड रहती है।

इसकी लकड़ी, छाल और पत्तियां कर देंगी किसानों को मालामाल

                                                                

महोगनी की लकड़ी प्रयोग जहाज, फर्नीचर, प्लाईवुड, सजावट और मूर्तियों को बनाने में किया जाता है। इसकी सबसे खास बात तो यह है कि महोगनी की लकड़ी को पानी से नुकसान नहीं पहुंचता है और इस लकड़ी से बने प्रोडक्ट भी कई वर्षों तक खराब नहीं होते हैं।

एक गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया कि महोगनी के पौधे को किसान अपने खेत किनारे भी लगाकर अपनी आय को बढ़ा सकते हैं। आमतौर पर किसान अपने खेतों के किनारे यूकेलिप्टिस के पेड़ लगाते हैं जो कि 5 साल में तैयार हो जाते हैं, लेकिन अगर वह अपने खेत किनारे के महोगनी के पेड़ लगा दें तो यह 12 से 15 साल में तैयार हो जाते हैं और काफी उंची कीमतों पर बिक जाते हैं।

इसके एक पौधे की कीमत 40 से 50 हजार रुपए तक होती है। पौधे लगाने के लिए पौधे से पौधे की दूरी 7 से 8 फीट रखी जाती है। आमतौर में यह पौधा नर्सरी पर 50 से 70 रूपए तक मिल जाता है। यह किसी भी जलवायु में तैयार किया जा सकता है, यानि महोगनी का एक पेड़ 15 साल में 1000 गुना मुनाफा देता है।

                                                        

सबसे खास बात यह है कि महोगनी के पेड़ों को बर्फीले इलाकों को छोड़कर किसी भी जलवायु में तैयार किया जा सकता है। इसको किसी भी तरह की मिट्टी में लगा सकते हैं, लेकिन अगर इसको दोमट मिट्टी में लगाया जाए तो यह और भी बेहतर विकास करता है। महोगनी का पौधा 50 फीट से लेकर 150 फीट की ऊंचाई तक का हो जाता है।

महोगनी एक ऐसा पौधा है जिसकी लकड़ी, छाल और पत्तियां आदि सभी बेहद काम की होती हैं। महोगनी के बीज का तेल निकालकर उससे मच्छर भगाने वाले प्रॉडक्ट्स और कीटनाशकों में को बनाने में इस्तेमाल किया जाता है। इसके पत्तों और इसकी छाल का इस्तेमाल कई तरीके की औषधियों को तैयार करने में भी किया जाता है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल   कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।