परीक्षा के दौरान अच्छे उत्तर कैसे लिखे, समझें इस कला को      Publish Date : 01/03/2025

परीक्षा के दौरान अच्छे उत्तर कैसे लिखे, समझें इस कला को

                                                                                                                                 प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

अक्सर देखने में आता है कि बहुत से छात्र पढ़ाई करके ज्ञान तो खूब अर्जित कर लेते हैं, लेकिन वह परीक्षा में अच्छे अंक नहीं ला पाते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि उन्हें यह पता ही नहीं होता कि प्रश्न का उत्तर कैसे लिखा है। अधिकतर छात्रों को इसकी प्रेक्टिस नहीं होती और वह अच्छे लिखने का प्रयास भी नहीं करते। बेशक छात्र कितनी भी पढ़ाई कर ले, यदि उन्हें पढ़ी हुई चीजों को परीक्षा के दौरान आंसर शीट पर उत्तर लिखने की कला नहीं मालूम होती है तो उनका पढ़ा लिखा किसी काम का नहीं रह जाता है। ऐसे में छात्रों को चाहिए की पढ़ाई के साथ-साथ अपनी उत्तर लेखन की शैली पर भी विशेष ध्यान दें। अगर आपको लिखने का हुनर पता है, तो भले ही आपके पास ज्ञान कम हो फिर भी आप अपनी उत्तर लिखने की कला से किसी भी परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर सकते हैं।

                                              

उत्तर लिखने की कैसे करें शुरुआत

कई बार छात्र को यह समझ में नहीं आता है कि उत्तर लिखने की शुरुआत कैसे करें। ऐसे में प्रश्न के केंद्र बिंदु को ध्यान में रखकर अपने उत्तर की शुरुआत कर सकते हैं। उदाहरण के लिए अगर प्रश्न बल/फोर्स से जुड़ा है तो इसकी परिभाषा लिखते हुए उत्तर की शुरुआत की जा सकती है। इसी प्रकार किसी अन्य विषय का उत्तर देना है तो पहले उसे विषय की परिभाषा को लिखते हुए ही आगे बढ़ना चाहिए।

उत्तर को टुकड़ों में तोड़कर तथा सोच समझकर लिखे

किसी प्रश्न को कई पदों में तोड़कर सोचने की कोशिश करें। इससे सवाल से जुड़े कई विचार आपके मन में आएंगे और इसके सम्बन्ध में जो भी जानकारियां आप याद कर पा रहे हैं, उन्हें लिखते चलें। यहाँ आपको यह भी ध्यान रखना होगा कि उत्तर लिखते समय प्रत्येक पैराग्राफ और प्रत्येक वाक्य प्रश्न की मांग पर ही केंद्रित रहे। ऐसा अधिक अभ्यास से ही संभव हो सकता है इसलिए प्रयास करें की परीक्षा से पहले और पढ़ाई के दौरान अच्छे अंक पाने के लिए उत्तर लेखन की कला का विशेष ध्यान देकर और प्रैक्टिस करते रहना चाहिए।

वन आइडिया रूल को अपनाये

                                                      

यह नियम काफी सरल होने के उपरांत भी बेहद कारगर साबित होता है। इसके माध्यम से आप अपने उत्तरों को काफी प्रभावी बना सकते हैं। यह नियम एक समय में एक ही प्रश्न या विचार पर ध्यान केंद्रित करने पर जोर देता है। जब आप किसी प्रश्न का उत्तर लिख रहे हो तो केवल उससे जुड़ी जानकारी के बारे में ही सोचें। ऐसा करके आप उत्तर में जो भी लिखेंगे वह उत्तर जचने वाले को निश्चित रूप से प्रभावित करेगा ही।

कॉपी में महत्वपूर्ण बिंदुओं को हाईलाइट करना न भूले

प्रश्न को पहले ध्यान पूर्वक पढ़ें और उसके बाद उसकी मांग को समझें। प्रश्न की मांग को समझ कर उत्तर लिखना आरम्भ करें। इसमें सबसे जरूरी बात यह है कि प्रश्न से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों को हाईलाइट करना कभी भी ना भूलें। इससे आपका उत्तर आकर्षक लगेगा और इस पर परीक्षक का ध्यान तुरंत चला जाएगा। इससे परीक्षा में अच्छे अंक मिलेंगे। आपको कोशिश करनी चाहिए कि जब आप सभी प्रश्नों का उत्तर देने और आपके पास कुछ अतिरिक्त समय बचे तो हाइलाइटर से उत्तर के महत्वपूर्ण बिंदुओं को हाइलाइट करें। पूरी कॉपी में जब आप मुख्य बिंदुओं को हाईलाइट कर देंगे तो आपकी कॉफी का लेखन भी अच्छा लगेगा और परीक्षक भी ध्यान से पढ़ कर आपको अच्छे अंक देगा। लेकिन इस बात का भी ध्यान रखें कि कुछ परीक्षाओं में हाइलाइटर का प्रयोग करने से मना किया जाता है तो जो परीक्षा के निर्देश दिए गए हैं उनको ध्यान से पढ़कर उनका पालन करें। वैसे आप कंपटीशन वाले एग्जाम में हाइलाइटर का प्रयोग कर सकते हैं।

उत्तर की गहराई को देकर लिखने का प्रयास करें

परीक्षा के कक्ष में अचानक ही अच्छा उत्तर नहीं लिखा जा सकता है। इसके लिए आपको लगातार लिखने का घर पर अभ्यास करते रहना होगा। यदि आपका समय के अनुसार अभ्यास अच्छा रहेगा तो निश्चित रूप से आप परीक्षा में अच्छा लिख सकेंगे। आपको चाहिए कि प्रश्नों का उत्तर याद करने के बाद घर पर उसको निर्धारित समय में कई बार लिखकर देखेंगे तो लिाने की आपकी प्रेक्टिस अच्छी हो जाएगी। जिस विषय या टॉपिक को आप एक बार पढ़ने उससे जुड़े प्रश्नों के उत्तर निर्धारित समय में अलग-अलग तरीकों से लिखने की कोशिश करें। ऐसा करने से आप प्रश्न से जुड़े कई दृष्टिकोण समझ पाएंगे और उत्तर में गहराई भी दिखाई देगी। अतः कोशिश यह करें कि लाइन, डायग्राम या फिर पॉइंट वाइज आप अपने उत्तर को लिखते हैं तो उससे परीक्षक को आसानी होती है और आपका लेखन भी अच्छा हो जाता है और इससे परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल   कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।