संकट: जलवायु परिवर्तन से भी खाद्य वस्तुओं की महंगाई बढ़ी      Publish Date : 13/10/2026

संकट: जलवायु परिवर्तन से भी खाद्य वस्तुओं की महंगाई बढ़ी

                                                                                          प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 शालिनी गुप्ता

जलवायु परिवर्तन के प्रभाव सिर्फ चरम मौसमी घटनाओं तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि इससे खाद्य उत्पादन भी प्रभावित हुआ है। इसका असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर असर के रूप में दिखाई दे रहा है।

                                 

एक रिपोर्ट के अनुसार सूखा, रिकॉर्ड गर्मी और बहुत ज्यादा बारिश की घटनाओं ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में कॉफी, मांस, सब्जियों, आलू और समुद्री शैवाल जैसी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेज बढ़ोतरी की है।

जीरो कार्बन एनालिटिक्स की नई रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम में हो रहे ये बदलाव स्थानीय स्तर पर होने वाली अस्थायी खाद्य कमी को लंबे समय तक ऊंची बनी रहने वाली कीमतों की समस्या में बदल रहे हैं। रिपोर्ट के साथ कीमतों में बढ़ोतरी का मानचित्र जारी किया गया है। इसमें 16 मामले उस अकादमिक अध्ययन से लिए गए हैं, जिस पर इसकी पद्धति आधारित है। 2024 के बाद खाद्य आपूर्ति को प्रभावित करने वाले 12 नए मामलों को इसमें शामिल किया गया है।

                                    

मानचित्र में यह देखा गया है कि संबंधित अवधि में मौसम सामान्य से कितना अलग था और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में वास्तव में कितनी बढ़ोतरी हुई।

कहां पर क्या महंगा

भारत

जुलाई 2026 में तोरई की उपभोक्ता कीमत पिछले साल की तुलना में 32 फीसदी, टमाटर की 31 फीसदी और हरी फलियों की कीमत 24 फीसदी बढ़ी।

ब्रिटेन

मई 2023 से अप्रैल 2024 में 12 महीनों की अवधि रिकॉर्ड ज्यादा बारिश वाली रही। खेतों में पानी भरने से पशुपालन प्रभावित हुआ।

अमेरिका

सितंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच ग्रेट प्लेन्स क्षेत्र में 26 साल में एक बार आने वाली गंभीर सूखे की स्थिति रही।

ब्राजील

2024 के दौरान सितंबर तक अरबिका कॉफी उगाने वाले क्षेत्र में रिकॉर्ड सूखा पड़ा। इससे कॉफी के फल बनने की प्रक्रिया प्रभावित हुई।

अल नीनो से कमजोर पड़ा मानसून

अल नीनो के लगातार मजबूत होने का असर इस बार देश के मानसून पर पड़ा है। जून से सितंबर के बीच देश में सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश हुई। आईएमडी के मुताबिक, वर्ष 2001 के बाद यह चौथा सबसे कमजोर मानसून रहा। देश में 868.6 मिलीमीटर के सामान्य औसत के मुकाबले 759.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने बुधवार को जारी मासिक रिपोर्ट में बताया कि जून में प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति बनने के बाद यह मजबूत होती गई।

अक्टूबर में भी कम बारिश के आसार

आईएमडी के अनुसार, अक्टूबर में भी मानसून से सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इस महीने में दीर्घकालिक औसत की करीब 85 फीसदी बारिश होने का अनुमान है। वर्ष 1971 से 2020 के आंकड़ों के आधार पर अक्टूबर में देश में औसत बारिश 75.4 मिलीमीटर रहती है।

अक्टूबर के दूसरे सप्ताह तक विदाई

मानसून पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पूरी दिल्ली से लौट चुका है। उत्तर प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों से भी इसकी वापसी हो गई है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

सुपर अल नीनो की स्थिति बन रही

इन मामलों को अलग-अलग घटनाओं के रूप में देखने के बजाय बड़े बदलाव के हिस्से के तौर पर देखना होगा। कई तरह के जलवायु झटके एक साथ बढ़ रहे हैं और इनका असर जल्दी खराब होने वाले और पोषक खाद्य पदार्थों पर पड़ रहा है। नीनो की स्थिति व्यापक आर्थिक और भू-राजनीतिक दबावों के साथ मिलकर खाद्य आपूर्ति श्रृंखलाओं में मौजूद सुरक्षा-परतों को कमजोर कर रही है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।