
चावल स्टोरेज करने में कीड़ों से बचाने के उपाय Publish Date : 22/09/2026
चावल स्टोरेज करने में कीड़ों से बचाने के उपाय
प्रो0 आर. एस. सेंगर, डॉ0 रेशु चौधरी एवं गरिमा शर्मा
चावल में घुन और कीड़े के लगने पर अब लगेगी रोक! चवल को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं जा सकते हैं यह कुछ विशेष चावल स्टोरेज टिप्स-
मानसून का मौसम शुरु होते ही लोगों के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह आती है कि वह घर में रखें चावल को सालों-साल तक कैसे सुरक्षित बनाए रख सकते हैं, जिससे कि चावल की खुशबू और स्वाद यथावत बना रहे। आज की अपनी इस ब्लॉग पोस्ट में हम आपको बताने जा रहे हैं चावलों को स्टोर करने के लिए कुछ आसान टिप्स।
लगभग सभी भारतीय रसोई घरों में चावल का अपना एक विशेष स्थान है यानि कि चावल के माध्यम से विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार किए जाते हैं, लेकिन मानसून के मौसम में घर की महिलाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह आती है कि वह अपने चावलों को किस प्रकार से सालों-साल खराब होने से बचाया जा सकें, क्योंकि अक्सर भारतीय रसोई में चावलों को अधिक मात्रा में खरीद कर रखा जाता है।
ऐसे में हर किसी के मन में बस यही सवाल आता है कि वह अपने चावलों को किस प्रकार से स्टोर करें, ताकि वह लम्बे समय तक उपयोग किए जाने लायक बने रहे और उनका घुन तथा अन्य कीड़ों से बचाव किया जा सके। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए आज हम आपको बताने जा रहे है चावलों को स्टोर करने के आसान तरीके, जिन्हे अपनाकर आप अपने चावलों का बचाव कर उन्हें लम्बे समय तक उपयोग कर सकते हैं।
चावल स्टोर करने के लिए कुछ आसान टिप्स
अखबार का करें उपयोग
अगर आप मानसून के इस नमी वाले मौसम में चावल खराब होने की समस्या को झेल रहे हैं, तो आपकी इस समस्या समाधान भी बहुत ही आसान है। अखबार का उपयोग करना. अगर आप अपनी रसोई में ही अपने चावल स्टोर कर रहें है, तो चावल स्टोर करने वाले डिब्बे में सबसे नीचे और चावल भरने के बाद सबसे ऊपर एक पुराना अखबार या टिशू पेपर बिछा दें, इससे आपको यह लाभ होगा कि आपके चावलों में नमी की शिकायत कभी नहीं आएगी, क्योंकि अखबार डिब्बे के अंदर की नमी को सोख लेता है।
तेज पत्ता और लौंग का प्रयोग
बारिश के मौसम की शुरुआत होते ही घर की महिलाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती होती है कि वह चावल को कैसे स्टोर करें, जिससे चावल लंबे समय तक सुरक्षित बने रहे और खराब न होने से बच सकें। ऐसे में महिलाएं चावल को कीड़े लगने और नमी की समस्या को रोकने के लिए तेज पत्ता और लौंग का उपयोग कर सकती है। कहने का उद्देश्य यह है कि चावल के डिब्बें में अगर आप 4-5 लौंग या 2-3 तेज पत्ते डालकर रखते हैं, तो इनकी तेज खुशबू से कीड़े दूर रहते हैं और चावलों का स्वाद भी उत्तम बना रहता है।
एयरटाइट कंटेनर का प्रयोग करें चावल रखने के लिए
चावल का पैकेट खोलने के बाद उसे लंबे समय तक उसी पैकेट में खुला छोड़ना ठीक नहीं है। चावल को किसी साफ, सूखे और अच्छी तरह बंद होने वाले एयरटाइट कंटेनर में रखना अधिक बेहतर होता है। इसके लिए फूड-ग्रेड प्लास्टिक कंटेनर, स्टील का डिब्बा या ढक्कन वाले कांच के जार का उपयोग भी किया जा सकता है।
खुले पैकेट में रखे चावल में हवा और नमी आसानी से पहुंच सकती है। खासकर बरसात या ज्यादा नमी वाले मौसम में यह समस्या बढ़ सकती है। अतः चावल के पैकेट को खोलते ही चावल को उपयुक्त कंटेनर में ट्रांसफर कर देना चाहिए, जिससे चावल सालों-साल तक सुरक्षित बने रहेंगे।
घुन और छोटे कीड़ों से बचाव करने का तरीका
लंबे समय तक रखे गए अनाज में घुन या छोटे कीड़े दिखाई देना आम समस्या हो सकती है। इस समस्या से बचने के लिए सबसे पहले स्टोरेज कंटेनर को साफ और सूखा रखना बहुत जरूरी है। चावल को समय-समय पर खोलकर भी देखते रहना चाहिए कि कहीं उसमें किसी तरह के कीड़े या असामान्य गंध तो नहीं आ रही है। ऐसा करने से आप घुन और छोटे कीड़ों लगने की समस्या से अपने चावलों का प्रभावी बचाव कर सकते हैं।
लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।