हो जाएं तैयार पारा होगा 40 डिग्री के पार      Publish Date : 03/05/2026

       हो जाएं तैयार पारा होगा 40 डिग्री के पार

बदलते मौसम के बीच गर्मी और तापमान दोनों में वृद्धि हो रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 37.5 और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं आठ अप्रैल को अधिकतम आर्द्रता जहां 90 प्रतिशत थी, वहीं 14 अप्रैल को यह घटकर 37 पर आ गई। मौसम विज्ञानियों ने सप्ताह के अंत तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार जाने की संभावना जताई है। कई स्थानों पर हीटवेव की स्थिति भी रहेगी। अप्रैल के प्रथम सप्ताह मौसम वासंती बना हुआ था। दूसरे सप्ताह के आरंभ में भी कमोबेश यही स्थिति थी, लेकिन अब तापमान तेजी से बढ़ रहा है। गत वर्ष पर नजर डालें तो नौ अप्रैल को ही तापमान 39 डिग्री पहुंच गया था। माह में 16.6 मिलीमीटर बरसात हुई थी। इस बार अभी तक 9.6 मिलीमीटर पानी बरसा है। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यू0 पी0 शाही ने बताया कि मौसम शुष्क बना हुआ है और पारा तेजी से चढ़ रहा है। मंगलवार को दिल्ली के सफदरजंग में यह 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

अपेक्षित सावधानियां:

                                           

  • गर्मी में बच्चे स्कूल जाते समय पानी की बोतल में ओआरएस का घोल डालकर पीएं।
  • बच्चे धूप में निकलने से पहले सिर ढकें और हल्के सूती कपड़े पहनें।
  • दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर खेलने से बचें।
  • तला-भुना और भारी खाना कम खाएं, हल्का और ताजा भोजन करें।
  • बाहर के कटे फल या खुला खाना न खाएं।
  • घर में पंखा, कूलर, एसी का तापमान संतुलित रखें, अचानक ठंडे- गर्म से बचें।

मौसम में बदलाव से यह हो सकती हैं बीमारियां:

  • जुकाम, खांसी व बुखार होना आम बात है।
  • इस दौरान डिहाइड्रेशन का खतरा भी बना रहता है।
  • वायरल फीवर का अधिक खतरा होता है।
  • अधिक गर्मी में डायरिया हो सकता है।
  • फूड प्वाइजनिंग की समस्या भी हो सकती है।

मौसम में हो रहे बदलाव का बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर अधिक असर पड़ सकता है। स्कूल जाने वाले बच्चों को खासकर सावधानी बरतनी चाहिए। वहीं, बुजुर्गों को भी तेज धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए।