बोर्ड की परीक्षा के लिए रखें ध्यान      Publish Date : 02/02/2026

                   बोर्ड की परीक्षा के लिए रखें ध्यान

                                                                                                                                                        प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक पाने के लिए कम न होने दें अपना आत्मविश्वास डायग्राम बुलेट प्वाइंट्स पर रखें ध्यान-

इस समय बोर्ड की परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए परीक्षार्थी पूरी तैयारी के साथ पढ़ाई कर रहे हैं। रणनीति के हिसाब से प्रतिदिन सभी की तैयारी भी चल रही है। परीक्षा में और बेहतर तैयारी के लिए परीक्षार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव की आवश्यकता होती है। परीक्षा की तैयारी में आत्मविश्वास को बनाते हुए अपने मोबाइल से दूरी बनाकर रखेंगे तो आप बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर सकते हैं।

यहां पर कुछ टिप्स आपको बताई जा रहे हैं यदि इन टिप्स को ध्यान में रखकर उत्तर पुस्तिका में साफ़-साफ़ उत्तर लिखेंगे तो अच्छे अंक प्राप्त कर सकेंगे।

इस समय परीक्षा की तिथियां पास में आ रही हैं। परीक्षा की तैयारी में समय प्रबंधन महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन के लिए अपने लक्ष्य समयबद्ध तरीके से बनाएं और उनका पालन सुनिश्चित करें। प्रतिदिन प्रयास करें कि सभी पेपर की तैयारी के लिए बराबर समय मिल सके। इस तरह की समय सारणी बनाकर आप रिवीजन और तैयारी करें।

उत्तर पुस्तिका में प्रश्नों की संख्या व खंड स्पष्ट लिखें

                                                      

परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिका में प्रश्नों की संख्या उनके खंड सही और स्पष्ट रूप से लिखे होने चाहिए ताकि परीक्षक उत्तर पुस्तिका की जांच के दौरान स्पष्ट रूप से देख सके और उन पर सवालों के हिसाब से मार्किंग कर सके। साथ ही उत्तर पुस्तिका में अनावश्यक कटिंग करने से बचना चाहिए।

तनाव बिल्कुल न लें और योगाभ्यास करें

बोर्ड परीक्षा के नाम से भयभीत होने की जरूरत नहीं होती। बोर्ड परीक्षा भी अन्य परीक्षाओं की तरह ही होती हैं। थोड़ी सतर्कता बरतने की जरूरत है। तनाव बिल्कुल ना लें योग अभ्यास और ध्यान करें। इससे पढ़ाई के लिए एकाग्रचित होने में मदद मिलेगी।

पौष्टिक भोजन ले, फास्ट फूड से इस समय परहेज करें। करीब 7 घंटे की नींद ले और हर घंटे पढ़ाई के बाद एक ब्रेक जरूरी लें।

सकारात्मक सोच के साथ करें तैयारी

परीक्षा में जरूरी है की परीक्षा की आत्मविश्वास बनाए रखें सकारात्मक सोच के साथ प्रश्नों को हल करें। पहले उन्हीं प्रश्नों के उत्तर लिखे जो पूरी तरह से आते हो। इसके बाद कठिन प्रश्नों को हल करें। यदि किसी प्रश्न में ज्यादा समय लग रहा है तो उसे छोड़ दें। ऐसे प्रश्नों को सबसे बाद में समय मिलने पर हल करना बेहतर रहेगा।

परीक्षा के दिन यह जरूर करें

परीक्षा वाले दिन सबसे पहले शांत मन से पेपर को पढ़ें। समय प्रबंधन के साथ प्रश्न पत्र को हल करें। आपको जो भी प्रश्न आता है उसे सबसे पहले हल करें। जहां भी लगे कि आप अट रहे हैं वहां ज्यादा समय ना लगे। इसके बजाय अगले प्रश्न को हल करने के लिए बढ़ जाएं। समय बचाने पर सबसे बाद में उसे प्रश्न पर वापस आए जहां आपका ट्राई महसूस कर रहे थे।

दूसरों से न करें अपनी तुलना

परीक्षा में अब एक माह से भी कम समय बचा हुआ है। ऐसे में मोबाइल का प्रयोग कम कर दें। इंटरनेट, मीडिया प्लेटफॉर्म से दूरी बनाकर रखें। वीडियो गेम खेलने से बचे, परीक्षा नजदीक आने पर अन्य परीक्षार्थियों से अपनी तुलना बिल्कुल न करें। स्वयं पर विश्वास रखें शांत चित होकर परीक्षा दें और उसकी तैयारी करें।

प्रश्नों का उत्तर संक्षिप्त एवं सटीक लिखें

उत्तर पुस्तिका में अपना उत्तर संक्षिप्त एवं सटीक बिंदुवार लिखने की कोशिश करें। आंकिक प्रश्नों के उत्तर में मात्रक अवश्य लिखें। अक्सर परीक्षा के दौरान हम कुछ प्रश्नों पर अधिक समय खर्च कर देते हैं जिससे अन्य प्रश्नों के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलता है। यह परीक्षा हाल में तनाव का कारण बनता है। इसके कई बार प्रश्न गलत भी हो सकते हैं और कभी-कभी प्रश्न छूट भी जाते हैं। इसके लिए तैयारी के समय पिछले चार-पांच सालों के प्रश्न पत्रों को निर्धारित समय से 15 मिनट पूर्व हल करने का अभ्यास करें। यदि आप अभ्यास कर लेंगे तो परीक्षा के दौरान आपका उत्तर सही रहेगा और समय से आप उत्तर लिख सकेंगे। घबराहट भी कम होगी और सभी प्रश्नों को हल करने का समय भी मिल जाएगा।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।