स्टार्टअप शुरु करने से पहले      Publish Date : 08/05/2025

                स्टार्टअप शुरु करने से पहले

                                                                                               प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 रेशु चौधरी

‘‘किसी नए स्टार्टअप को शुरु करने से पहले बाजार का सही तरीके से शोध करने से स्टार्टअप में न सिर्फ जोखिम कम होते हैं, बल्कि आप बेहतर फैसले भी ले पाते हैं।’’ 

अधिकांश उद्यमी इसलिए असफल हो जाते हैं, क्योंकि उनके पास पर्याप्त वित्त नहीं होता है। इसका दूसरा कारण यह भी है कि वे बाजार का सही तरीके से शोध किए बिना ही स्टार्टअप शुरू कर देते हैं। कोई भी नया बिजनेस शुरू करने का विचार भले ही कितना भी नया क्यों न हो, यह तब तक सफल नहीं हो सकता है, जब तक बाजार को ठीक ढंग से समझ न लिया जाए। ऐसे में यदि आपने अपना स्टार्टअप शुरू करने का मन बनाया है, तो आपको जमीनी स्तर पर मार्केट रिसर्च करने के बाद ही कोई कदम उठाना चाहिए। इससे आपको बेहतर निर्णय लेने और व्यवसाय को सफल बनाने में मदद मिलती है।

सतत सीखने का चक्र

                                        

बाजार का शोध करने को लेकर पहली गलत धारणा है कि यह एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसके सांचे में कोई व्यवसाय फिट नहीं बैठता है। यह गलत है, क्योंकि इसके जरिये ही आप ग्राहकों की इच्छाओं को समझते हैं। इससे उत्पाद और स्टार्टअप को सफल बनाना आसान हो जाता है। दूसरी गलत धारणा यह मान लेना है कि बाजार का शोध करना महज एक सर्वेक्षण है। वास्तव में, यह लोगों की आवश्यकताओं, प्राथमिकताओं और व्यवहारों को समझने के बारे में सहायक है।

क्यों है जरूरी

यदि आप कोई नया व्यवसाय शुरू करने जा रहे हैं, तो अपने उत्पाद को बाजार में लाने से पहले उसके बारे में शोध अवश्य कर लें। किसी भी व्यवसाय को शुरू करने से पहले यदि आप ग्राहक और बाजार की जरूरतों को समझ जाते हैं, तो बतौर उद्यमी आप ऐसे उत्पाद और सेवाएं विकसित कर सकते हैं, जिसकी बाजार में सफल होने की संभावनाएं अधिक हों। साथ ही सुर्खियों में रहने वाले उत्पादों के बारे में भी जान पाएंगे। इसके अलावा, प्रतिस्पर्धियों के बारे में जानकारी एकत्र करके और उनकी सफल रणनीतियों को जानकर, उसी अनुसार अपनी योजना बना सकते हैं।

अच्छे से शोध करें

यदि आप अपने स्टार्टअप को सफल बनाना चाहते हैं, तो इसे शुरू करने से पहले ऐसे पेशेवरों, संगठनों और समितियों से संपर्क करें, जो आपको ग्राहकों की रुचि जानने में मदद कर सकते हैं। आपको बता दें, इनका उद्देश्य किसी क्षेत्र या बाजार के बारे में प्रासंगिक और विश्वसनीय जानकारी को प्रदान करना होता है। इनसे संपर्क करके आप अपने स्टार्टअप को नई दिशा दे सकते हैं।

गुणात्मक अध्ययन करें

                                               

लोगों से संपर्क करने के बाद आप बाजार का गुणात्मक अध्ययन करें। इसमें आप जमीनी स्तर पर बाजार का परीक्षण करते हैं। आप अपने व्यवसाय से जुड़े कई लोगों से बातचीत करते हैं, जिसमें ग्राहक भी शामिल होते हैं। ऐसे लोग आपके उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद कर सकते हैं। इन लोगों से मिले फीडबैक आपके व्यवसाय के लिए जरूरी होते हैं। इससे यह समझाना आसान हो जाता है कि कौन-सी सेवाएं और उत्पाद मांग और बाजार के अनुरूप हैं?

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।