सेहत को खराब भी कर सकता है आम का स्वाद

                     सेहत को खराब भी कर सकता है आम का स्वाद

                                                                                                                                                     डॉ0 आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 कृषाणु

देश के खाद्य सुरक्षा नियामक ने हाल ही में आम जैसे फल पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड का प्रयोग न करने की चेतावनी दी है। इसका प्रयोग ज्यादातर आम को पकाने के लिए किया जाता है। यदि बाजार से लाया हुआ आम के सेवन में पर्याप्त सावधानी नहीं बरती जाती है तो यह आपकी सेहत को गंभीर नुकसान भी पहुंचा सकता है। इस कार्बाइड रसायन से एसिटिलीन गैस का उत्सर्जन होता है, जिसमें ऑर्सेनिक और फास्फोरस के अंश होते हैं इससे कैंसर होने का खतरा होता है।

                                                                           

प्राकृतिक रूप से मिलने वाले पके आम का इंतजार अधिक समय तक लोग नहीं कर पाते, इसलिए बाजार में पहले से अधिकतर ऐसे आम बिकने लगते हैं जिन्हें कैल्शियम कार्बाइड की मदद से पकाया गया होता है।

कार्बाइड से पके आम को खाने से क्या हो सकता है नुकसान

                                                                   

यदि आप कैल्शियम कार्बाइड युक्त आम का उपयोग करते समय आवश्यक सावधानी नहीं रखते हैं तो इसे छूने से त्वचा में खुजली, लालिमा एवं जलन आदि की समस्या भी हो सकती है

यदि कृत्रिम रूप से पकाए हुए आम का सेवन बिना अच्छी तरह धोए हुए करते हैं तो मुंह में छाले बन जोने की आशंका होती है इसलिए आम को हमेशा पानी में कई बार धोने के उपरांत खाना चाहिए।

यदि लंबे समय तक रसायन का प्रभाव रहे तो यह पेट में अल्सर भी बना सकता है और इसका दुष्प्रभाव किडनी पर भी होने की संभावना बनी रहती है।

रसायन के माध्यम से पकाए हुए आमों के करण फल खराब हो सकता है

क्या सावधानियां रखें आम को खाने से पहले

                                                                       

यदि आप बाजार से आम लाकर तुरंत फ्रिज में रख देते हैं तो वह तरीका बिलकुल भी सही नहीं है। बाजार से लाए गए आमों को पहले अच्छी तरह से पानी से धो लें तो उनका सेवन करने पर किसी प्रकार का जोखिम का खतरा कम हो जाता है।

आम को बाजार से लाने के बाद कुछ देर पानी में डुबोकर रखें और फिर तीन-चार बार साफ पानी से उनको धो लें उसके उपरांत ही उनका सेवन करेंगे तो ठीक रहेगा, क्योंकि जब आप आम को धोएंगे तो कृत्रिम रूप से आम को पकाने के लिए जो कैल्शियम कार्बाइड नामक दवा का प्रयोग किया गया है उसका असर कम हो जाएगा और वह शरीर के लिए कम हानिकारक रहता है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, निदेशक प्रशिक्षण, सेवायोजन एवं विभागाध्यक्ष प्लांट बायोटेक्नोलॉजी संभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।