किचन गार्डन में गर्मियों की सब्जियाँ      Publish Date : 27/05/2024

                                किचन गार्डन में गर्मियों की सब्जियाँ

                                                                                                                                                                    डॉ0 आर. एस. सेंगर

किचन गार्डन में लगाएं गर्मी के मौसम में यह सब्ज़ियां, सेहत होगी चुस्त और दुरुस्त साथ ही महंगाई से भी मिलेगी राहत-

वर्तमान समय में किचन गार्डन का क्रेज काफी तेजी के साथ बढ़ रहा है। बहुत सारे लोग इसको शौक के तौर पर कर रहे हैं तो कुछ लोग बाजार में लगातार बढ़ती हुई सब्जियों की महंगाई तो कुछ अपने सेहत को ख्याल में रखते हुए किचन गार्डन में अपनी सब्जियां उगा रहे हैं। लोगों में आमधारणा है कि बाजार में मिलने वाली सब्जियां बेहद जहरीले कीटनाशकों से तैयार की जाती है।

टमाटर

                                                           

लाल रंग का खूबसूरत दिखने वाला टमाटर, जो हर किसी की रसोई की शान और उपयोग किया जाता है। कुछ लोग इसको सब्जी में डालने, चटनी बनाने में भी इस्तेमाल करते हैं तो कुछ लोग टमाटर का सलाद या सूप बनाकर सेवन करना पसंद करते हैं। टमाटर के लिए दोमट मिट्टी उपयुक्त मानी जाती है। ऐसे में मई के महीने में अगर आप टमाटर लगाना चाहते हैं तो आप अपने किचन गार्डन या फिर गमले में टमाटर के पौधें लगा सकते हैं। ऐसे में यदि टमाटर के पौधे की अच्छी देखभाल की जाए तो यह बहुत जल्द फल देना भी शुरू कर देता है।

बैंगन

                                                              

बैंगन की फसल की बुवाई के लिए मई का महीना बेहद उपयुक्त होता है, हालांकि ध्यान रखें कि बैगन लगाने से पहले मिट्टी का चयन सही ढंग से कर लें। किचन गार्डन में बैंगन लगाते समय ध्यान रखें कि पानी की निकासी की व्यवस्था बेहतर हो या फिर इसको गमले में वर्मी कंपोस्ट और मिट्टी डालकर भी लगाया जा सकता हैं। बैंगन के पौधे को ऐसे स्थान पर लगाना चाहिए जहां रोजाना धूप मिलती रहे। बैंगन की बेहतर तरीके से देखभाल की जाए तो यह एक से डेढ़ महीने में आपको सब्जी के लिए फसल देने लगता है।

भिण्ड़ी

                                                           

मई का महीना भिंडी उगाने के लिए बहुत ही अच्छा माना जाता है। भिंडी की फसल के लिए सही मिट्टी का चयन बेहद जरूरी है। भिंडी के बीज आप गमले में वर्मी कंपोस्ट और मिट्टी डालकर लगा सकते हैं। गमले को ऐसी जगह पर रखें यहां इसके पौधों को रोजाना पर्याप्त धूप मिलती रहे। गमले में पानी तब डालें जब उसकी मिट्टी सूखने लगे। गमले में लगाए हुए भिंडी के पौधों को ज्यादा पानी नहीं दिया जाता क्योंकि इससे भ्ण्ड़िी के पौधे खराब भी हो सकते हैं।

करेला

                                                             

मई के महीने में करेले की बेल को आसानी से उगाया जा सकता है। आप अपने किचन गार्डन या फिर ग्रो बैग में इसके बीज लगा सकते हैं। करेले के बीज 10 से 15 दिन में अंकुरित हो जाते हैं और जैसे ही करेले की बेल थोड़ी सी बड़ी हो तो उसको धूप वाली जगह पर रख दें, जहां पर रोजाना 5 से 7 घंटे तक धूप रहती हो। करेले की बेल की अगर बेहतर तरीके से देखभाल की जाए तो 55 से 60 दिन में करेले में फल आने लगते हैं।

खीरा

                                                                 

खीरा गर्मियों में लोग सलाद या फिर सब्जी बनाकर खाना बेहद पसंद करते हैं। वैसे तो खीरे की खेती मार्च और अप्रैल महीने में की जाती है। लेकिन आप इसे मई के महीने में भी तैयार कर सकते हैं। खीरे के बीज आपको बाजार में आसानी से मिल जाते हैं। किसी प्रमाणित कंपनी का बीज खरीद कर आप अपने किचन गार्डन में लगा सकते हैं। खीरे की बेल बहुत ही कम दिनों में तैयार हो जाती है और आपको उपज देने लगती है। किचन गार्डन में खीरे के बीज लगाते समय वर्मी कंपोस्ट या फिर गोबर की खाद का आवश्यक रूप से करना चाहिए।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, निदेशक प्रशिक्षण, सेवायोजन एवं विभागाध्यक्ष प्लांट बायोटेक्नोलॉजी संभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।