
मूंगफली किसानों के लिए नया मूंगफली थ्रेशर Publish Date : 31/10/2025
मूंगफली किसानों के लिए नया मूंगफली थ्रेशर
प्रोफेसर आर. एस. संगर एवं डॉ0 रेशु चौधरी
महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी ने मूंगफली किसानों के लिए नया मूंगफली थ्रेशर बाजार में पेश किया है। यह मशीन ट्रैक्टर के द्वारा चलती है और मूंगफली की फलियों से दाने आसानी से अलग कर सकती है। इससे किसानों का समय और मेहनत दोनों की बचत होती है, साथ ही फसल का नुकसान भी कम होता है।
महिंद्रा का यह नया थ्रेशर गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के मूंगफली के किसानों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। इस थ्रेशर का आकार भी छोटा है, जिसके कारण इसे खेत में आसानी से चलाया जा सकता है।
यह मशीन मूंगफली किसानों की मजदूरों पर निर्भरता को कम करती है और ट्रैक्टर के उपयोग को भी बढ़ाती है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार कटाई और थ्रेशिंग का समय तय कर सकते हैं।
यह थ्रेशर एक ऐसी प्रणाली से युक्त है जो दाने की गुणवत्ता और नुकसान की तुरंत जानकारी किसान को देता है। इससे किसान उसमें तुरंत सुधार भी कर सकते हैं और खेत में बचे हुए अवशेष की मात्रा को भी कम कर सकते हैं। यह मशीन विशेष रूप से ऐसे किसानों के लिए लाभदायक है जो जल्दी कटाई करके बाद में थ्रेशिंग करना पसंद करते हैं।
महिंद्रा कंपनी के पास आज देशभर में 30 से अधिक थ्रेशर के मॉडल उपलब्ध हैं जो अलग-अलग फसलों और क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार डिलाइन किए गए हैं। महिंद्रा ने करीब दस साल पहले धान और गेहूं के लिए अपने पहले थ्रेशर मॉडल लॉन्च किए थे और कंपनी ने अब धीरे-धीरे इस रेंज का विस्तार किया है।

नए लॉन्च पर डॉ. अनुशा कोठंडारामन, वाइस प्रेसिडेंट एवं बिजनेस हेड, फार्म मशीनरी एवं प्रिसीजन फार्मिंग, महिंद्रा फार्म इक्विपमेंट बिजनेस ने कहा, “हमने नया मूंगफली थ्रेशर किसानों के साथ मिलकर तैयार किया है ताकि मूंगफली की कटाई और थ्रेशिंग का काम समय पर और आसानी से किया जा सके।
अब हमारे पास 30 से अधिक मॉडल हैं और यह नया मॉडल हमारे मशीनीकरण के प्रयासों को और मजबूत करता है। यह मशीन गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में महिंद्रा फार्म मशीनरी और चुने हुए महिंद्रा ट्रैक्टर डीलरों के पास उपलब्ध है।”

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
