
प्रतिदिन दस हजार कदम चलने से प्राप्त होने वाले लाभ Publish Date : 21/09/2026
प्रतिदिन दस हजार कदम चलने से प्राप्त होने वाले लाभ
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
टापने भी यह अक्सर सुना ही होगा कि सेहतमंद और लंबी जिंदगी के लिए रोजाना दस हजार कदम चलना बहुत जरूरी है। यह संख्या किसी चिकित्सकीय नियम की तरह लगती है, मानो दुनियाभर के डॉक्टरों ने इसे तय किया हो। लेकिन, इसकी असल कहानी कुछ और ही है।
दरअसल, प्रतिदिन 10,000 कदम चलने की यह सलाह किसी वैज्ञानिक शोध से नहीं निकली थी। इसकी शुरुआत जापान में बने एक पेडोमीटर से हुई थी, जिसका नाम था ‘मैनपो-केई’। जापानी भाषा में इसका अर्थ है ‘10,000 कदम मापने वाला यंत्र’। यह पेडोमीटर 1964 के टोक्यो ओलंपिक के बाद बाजार में आया था। उस समय जापान में लोगों की घटती शारीरिक सक्रियता को लेकर चिंता बढ़ रही थी।
ऐसे में यह 10,000 की संख्या इसलिए चुनी गई, क्योंकि यह आकर्षक और आसानी से याद रहने वाली थी। बेशक, नियमित रूप से चलना सेहत के लिए फायदेमंद है, लेकिन इसके लिए हर दिन 10,000 कदम पूरे करना भी कोई जरूरी शर्त नहीं है। हाल ही में, 57 अध्ययनों और 1.60 लाख से अधिक वयस्कों के आंकड़ों की समीक्षा में पाया गया कि प्रतिदिन करीब 7,000 कदम चलने पर स्वास्थ्य संबंधी अधिकांश लाभ हासिल हो सकते हैं। करीब 7,000 कदम चलना समय से पहले मृत्यु के जोखिम को 47 प्रतिशत, हृदय रोग और स्ट्रोक के जोखिम को 25 प्रतिशत, टाइप-2 डायबिटीज के जोखिम को 14 और डिमेंशिया के जोखिम को 38 प्रतिशत तक कम करने से जुड़ा पाया गया।
कुछ लाभ तो ऐसे हैं जो कि पहले दिन से ही मिलने लगते हैं, यानी 2,000 से 4,000 कदम चलना भी स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हो सकता है। इसके बाद 4,000 से 7,000 कदम तक लाभ बढ़ता है, लेकिन 7,000 के बाद यह बढ़ोतरी धीमी पड़ने लगती है। हालांकि, यहां केवल कदमों की संख्या ही नहीं, चलने की गति भी महत्वपूर्ण है। तेज गति से चलने पर कम समय में अधिक स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। इसलिए, समय कम हो, तो सामान्य चाल की जगह तेज चलना बेहतर विकल्प हो सकता है।
चलने से एरोबिक फिटनेस बेहतर होती है, लेकिन मांसपेशियों की ताकत और शक्ति के लिए अलग से व्यायाम करना भी जरूरी है। इसलिए, सप्ताह में कम से कम दो दिन वजन उठाने या मांसपेशियों को मजबूत करने वाली गतिविधियां करना भी जरूरी है।
अगर आप प्रतिदिन 7,000 कदम चलने और हफ्ते में दो बार वेट ट्रेनिंग करने का लक्ष्य रखते हैं, तो सेहत के नजरिए से आपकी अधिकांश जरूरतें पूरी हो जाएंगी।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।