मानसून में पाचन क्रिया को दुरुस्त बनाए रखने के उपाय      Publish Date : 12/09/2026

मानसून में पाचन क्रिया को दुरुस्त बनाए रखने के उपाय

                                                                                                     डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

बारिश का मौसम जहां एक और गर्मी से राहत देता है, वहीं अपने साथ कई स्वास्थ्य समस्याएं भी लेकर आता है। मानसून के दौरान पेट से जुड़ी दिक्कतें जैसे दस्त, उल्टी, गैस, अपच, पेट दर्द और फूड पॉइजनिंग आदि के मामले बहुत तेजी से बढ़ जाते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह है दूषित पानी, बासी खाना, नमी बढ़ना और बैक्टीरिया-वायरस का तेजी से पनपना। अगर मानसून में आपका भी बार-बार पेट खराब हो जाता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है।

आप कुछ टिप्स को आजमाकर पाचन को दुरुस्त बना सकते हैं और पेट से जुड़ी समस्याओं से अपना बचाव कर सकते हैं। ऐसे में हमारे आयुर्वेदिक विशषज्ञ डॉ0 सुशील शर्मा आपको बता रहे हैं कि आप मानसून में अपने पाचन को दुरुस्त किस प्रकार से रख सकते हैं।

1. ताजा और घर का बना खाना खाएं

मानसून में हमेशा कोशिश करनी चाहिए कि घर का बना हुआ ताजा खाना ही खाएं। लंबे समय तक रखा हुआ या दोबारा गर्म किए गए खाने में बैक्टीरिया पनप सकते हैं, जो कई तरह के बीमारियों का कारण बन सकते हैं। इस मौसम में आपको सड़क किनारे मिलने वाले कटे हुए फल, चाट, गोलगप्पे और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखना जरूरी है।

2. सिर्फ साफ और गर्म पानी पिएं

मानसून में दूषित पानी पेट के संक्रमण की सबसे बड़ी वजह बन सकता है। इसलिए हमेशा उबला हुआ और फिल्टर किया हुआ पानी ही पीना चाहिए। अगर आप बाहर से पानी पी रहे हैं, तो सुनिश्चित करें की पानी की गुणवत्ता सही हो। इस मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे और पानी की कमी न हो।

3. हाइजीन का भी रखें ध्यान

मानसून में गंदगी के चलते कई तरह की बीमारियां पनपने लगती हैं। इसलिए इस मौसम में हाइजीन का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। मानसून में आप हाइजीन को बनाए रखने के लिए खाना खाने से पहले और शौचालय का इस्तेमाल करने के बाद हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह धोएं। आप चाहें तो एल्कोहल बेस्ड हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। गंदे हाथों से खाना खाने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। अगर दस्त 2-3 दिन से ज्यादा रहें, मल में खून आए, तेज बुखार हो या बार-बार उल्टी हो रही हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

4. हल्का और आसानी से पचने वाला खाना खाएं

मानसून में ज्यादातर लोगों को फास्ट फूड खाना पसंद होता है। लेकिन, इस मौसम में ज्यादा मसालेदार, तला-भुना और ऑयली खाना खाने से पाचन-तंत्र पर दबाव पड़ सकता है। इस मौसम में आप दाल, खिचड़ी, सूप, दही और उबली हुई सब्जियों का सेवन कर सकते हैं। ये भोजन आसानी से डाइजेस्ट हो जाते हैं और पाचन को भी बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं।

किन लोगों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए?

कुछ लोगों में मानसून के दौरान पेट का संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, डायबिटीज और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को मानसून में ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। इन लोगों को मानसून में बाहर का खाना से परहेज करना चाहिए। साथ ही, फिल्टर किया हुआ और उबला हुआ पानी अधिक से अधिक पीना चाहिए।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।