
शरीर की दुर्गंध से छुटकारा पाने के लिए घरेलू उपाय Publish Date : 27/04/2026
शरीर की दुर्गंध से छुटकारा पाने के लिए घरेलू उपाय
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
गर्मी के इस मौसम में पसीना अधिक आना एक सामान्य बात है और ऐसे में पसीने की दुर्गन्ध का आना भी कोई विशेष चिंता की बात नहीं हैं। परन्तु हममें से कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जिनके पसीने से बुहत बुरी दुर्गन्ध आती है जिससे उनके आसपास रहने वाले लोग भी बहुत परेशान रहते हैं। इस समस्या के सम्बन्ध में हमने अपने आयुर्वेदाचार्य डॉ0 सुशील शर्मा से बात की तो उन्होंने इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए कुछ घरेलू उपाय बताए, जिनका विवरण हम अपनी इस पोस्ट में आगे करने जा रहे हैं।
शरीर की दुर्गंध (Body Odour) से छुटकारा पाने के लिए नारियल तेल, नींबू, बेकिंग सोडा, सेब का सिरका और नीम जैसी प्राकृतिक चीजें बहुत प्रभावी सिद्व होती हैं। ये बैक्टीरिया को मारते हैं और त्वचा के PH को संतुलित करते हैं। नियमित स्नान, सूती कपड़े पहनना, और संतुलित आहार से भी शरीर की दुर्गन्ध को रोका जा सकता है।
हमारी आज की इस ब्लॉग पोस्ट में डॉ0 के द्वारा बताए गए शरीर की दुर्गंध से छुटकारा पाने के लिए कुछ प्राकृतिक उपाय दिए गए हैं, यदि आप शरीर से आने वाली दुर्गन्ध से परेशान हैं तो इन उपायों को एक बार अवश्य ही आजमा कर देखें:

नारियल का तेल (Coconut Oil): नारियल के तेल में रोगाणुरोधी गुण होते हैं। नारियल के तेल को सीधे बगलों में लगाने से बैक्टीरिया नष्ट होते हैं और दुर्गंध आना कम हो जाता है।
नींबू का रस (Lemon Juice): नींबू का रस त्वचा के PH स्तर को कम करता है, जिससे गंध पैदा करने वाले बैक्टीरिया पनप नहीं पाते। इसके लिए आप नींबू के टुकड़े को सीधे अपनी अंडरआर्म्स पर रगड़ सकते हैं।
बेकिंग सोडा (Baking Soda): बेकिंग सोड़ा आपके शरीर से अतिरिक्त पसीने को सोखता है और त्वचा की अम्लता को संतुलित करता है, जिससे पसीने की बदबू नहीं आती। इसके लिए आप बेकिंग सोड़ा को पानी में मिलाकर और इसका पेस्ट बनाकर लगा सकते हैं।
सेब का सिरका (Apple Cider Vinegar): यह बैक्टीरिया को मारने में माहिर होता है। पसीने की बदबू से छुटकार प्राप्त करने के लिए आप रुई की मदद से इसे बगलों में लगाने से पसीने की बदबू दूर होती है।
नीम की पत्तियां (Neem Leaves): हम सभी लोग अच्छी तरह से यह जानते हैं कि नीम में एंटीबैक्टीरियल और एंटीसेप्टिक गुण होते हैं। नीम के पानी से नहाने से पसीने की दुर्गन्ध खत्म हो जाती है।
विच हेज़ल (Witch Hazel): यह प्राकृतिक रूप से एक कसैला (Astringent) होता है जो हमारी त्वचा के PH को कम करता है और पसीने को भी रोकता है।
टी ट्री ऑयल (Tea Tree Oil): यह एक एंटीसेप्टिक तेल है, जो गंध पैदा करने वाले बैक्टीरिया और फंगस को खत्म करता है। इसे पानी में मिलाकर स्प्रे के रूप में उपयोग किया जा सकता है।
गुलाब जल (Rose Water): नहाने के पानी में गुलाब जल मिलाकर नहाने से त्वचा का रोमछिद्र सिकुड़ (Shrink) हो जाते हैं और ऐसा होने से हमें पसीना भी कम आता है।
मेथी के बीज (Fenugreek Seeds): मेथी के बीज का पानी पीने से भी शरीर के विषैले पदार्थ (toxins) बाहर निकल जाते हैं, जो कि पसीने से आने वाली दुर्गंध का कारण बनते हैं।
टमाटर का रस (Tomato Juice): टमाटर में एंटीसेप्टिक गुण होते हैं, जो गंध पैदा करने वाले बैक्टीरिया को मारते हैं और पसीने की मात्रा को भी कम करते हैं।
दुर्गंध कम करने के लिए कुछ अन्य सुझावः
सफाईः नियमित रूप से एंटीबैक्टीरियल साबुन से नहाएं।
कपड़ेः सूती (Cotton) कपड़े पहनें, जो आपकी त्वचा को सांस लेने में सहायता प्रदान करते हैं।
आहारः अधिक मसालेदार भोजन और कैफीन का सेवन कम करें।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।
