पेट की जलन को शांत करने वाले कुछ फूड्स      Publish Date : 24/04/2026

पेट की जलन को शांत करने वाले कुछ फूड्स

                                                                                           Dr. सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

क्या आपको पेट और सीने में अक्सर ही जलन होती है? अगर हां, तो यह एसिड रिफ्लक्स की वजह से भी हो सकता है। एसिड रिफ्लक्स एक पाचन संबंधी समस्या है। इस परेशानी में पेट का एसिड यानी पाचक रस, वापस भोजन नली में ऊपर की ओर आ जाता है। इसी की वजह से पेट और सीने में जलन होती है। वहीं, खट्टी डकार और गले में खराश जैसे लक्षण भी महसूस हो सकते हैं। इसके लिए आपको तुरंत दवा लेने की  आवश्यकता नहीं होती है। ऐसे में आप कुछ फूड्स का सेवन कर अपने पेट और सीने की जलन को प्रभावी तरीके से कम कर सकते हैं। लेकिन, अगर बार-बार यह समस्या होती है तो डॉक्टर से मिलकर अपना चेकअप जरूर कराएं। आज के हमारे इस लेख के माध्यम से हमारे आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ0 सुशील शर्मा आपको जानकार प्रदान कर रहे हैं पेट की जलन कम करने में कारगर कुछ फूड्स के बारे में जो आपकी इस समस्या को काफी हद तक कम करने में सक्षम हैं-

1. केला

यदि आपको पेट में अक्सर जलन बनी रहती है, तो केले का सेवन करना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। केला आपके पेट को ठंडक पहुंचाता है और साथ ही जलन को कम करने में भी आपकी मदद करता है। केला एक लो-एसिडिक फल भी होता है, जो पेट की परत को शांत करता है। केला खाने से एसिड को कम करने में मदद मिलती है और खाना आसानी से डाइजेस्ट हो पाता है।

2. ओट्स

पेट की जलन कम करने के लिए ओट्स का भी सेवन किया जा सकता है। ओट्स में फाइबर अधिक मात्रा में होता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। ओट्स पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है और पेट में एसिड के निर्माण को भी कम करता है। इसलिए अगर आपको अक्सर ही पेट में जलन बनी रहती है, तो अपनी डाइट में ओट्स शामिल करना चाहिए।

3. दही

दही पेट की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद साबित होता है। पेट से जुड़ी तमाम समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए आप दही का सेवन कर सकते हैं। दही में प्रोबायोटिक्स होते हैं जो आपकी आंतों को हेल्दी बनाए रखते हैं। दही पाचन को सुधारता है और पेट की जलन को शांत करता है। पेट की जलन कम करने के लिए आप दही का सेवन कर सकते हैं। आप चाहें तो लस्सी के रूप में भी दही का सेवन कर सकते हैं।

4. नारियल पानी

                              

पेट की जलन शांत करने के लिए नारियल पानी का सेवन भी किया जा सकता है। नारियल पानी शरीर को हाइड्रेट करता है और इलेक्ट्रोलाइट्स के बैलेंस को बनाए रखने में मदद करता है। नारियल पानी का निरंतर सेवन करने से पेट का पीएच स्तर भी संतुलित बना रहता है। एसिडिटी या पेट में जलन होने पर प्रतिदिन नारियल पानी का सेवन करना चाहिए।

5. सौंफ का पानी

पेट में जलन होने पर सौंफ का पानी पिया जा सकता है। सौंफ का पानी पीने से पाचन-तंत्र में सुधार होता है। सौंफ का पानी पाचन क्रिया को भी बेहतर बनाता है। अगर आप रोजाना सौंफ का पानी पिएंगे, तो इससे आपको गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। पेट में अक्सर ही जलन रहती है, तो खाना खाने के बाद एक चम्मच सौंफ चबा लेने के बाद भी आपको राहत मिल सकती है।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।