
यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर क्या खाएं और क्या नहीं खाना चाहिए? Publish Date : 17/04/2026
यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर क्या खाएं और क्या नहीं खाना चाहिए?
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
यदि हाल की रिपोर्ट में आपका यूरिक एसिड स्तर बढ़ा हुआ आया है तो आप हमारे डॉक्टर के द्वारा बताई इन डाइट टिप्स को अवश्य फॉलो करें, अन्यथा थोड़ी भी अनदेखी करना आपकी समस्या को बढ़ा सकती है। लेकिन इससे पहले आपको यह जानना जरूरी है कि आखिर यूरिक एसिड होता क्या है। तो बता दें कि यूरिक एसिड शरीर में बनने वाला एक नेचुरल वेस्ट मटेरियल है, जो प्यूरीन (Purine) नामक तत्वों के टूटने से बनता है।
सामान्य तौर पर यह किडनी के माध्यम से मूत्र के माध्यम से बाहर निकल जाता है, लेकिन जब इसका स्तर या साइज बढ़ जाता है, जिसे हाइपरयूरिसीमिया कहा जाता है, तो यह जोड़ों में क्रिस्टल के रूप में जमा हो जाता है। इससे गठिया (Gout), जोड़ों में तेज दर्द, सूजन, लालिमा और गतिशीलता में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
विशेषज्ञ बताते हैं कि पुरुषों में यह समस्या अधिक आम है, खासकर 30-50 वर्ष की आयु में। महिलाओं में मेनोपॉज के बाद इसका खतरा बढ़ जाता है। बहुत से लोग जब टेस्ट करवाते हैं तो उनका यूरिक एसिड बढ़ा हुआ आता है। ऐसे लोगों को अपने खाने-पीने का बहुत ही ज्यादा ध्यान रखना चाहिए। इसलिए आइए डॉक्टर से ही जानते हैं कि यूरिक एसिड बढ़ने पर क्या खाएं और क्या नहीं।
अचानक यूरिक एसिड बढ़ने का कारणः
यूरिक एसिड बढ़ने के प्रमुख कारणों में आनुवंशिकता, मोटापा, हाई बीपी, डायबिटीज, किडनी की खराब फंक्शनिंग और दवाओं का अधिक सेवन शामिल हैं। इम्बैलेंस डाइट भी इसका मेन रीजन है। आप क्या खा रहे हैं, इसका यूरिक एसिड पर गहरा असर पड़ता है, क्योंकि प्यूरीन युक्त भोजन इसका स्तर तेजी से बढ़ाते हैं। सही खानपान और लाइफस्टाइल से इसे 80 प्रतिशत तक नियंत्रित किया जा सकता है।
यूरिक एसिड को कंट्रोल करने के लिए कम प्यूरीन वाले, एंटी-इंफ्लेमेटरी और हाइड्रेटिंग फूड्स को प्राथमिकता दी जाती है। ये बॉडी से टॉक्सिन्स बाहर निकालते हैं और मेटाबॉलिज्म को सुधारते हैं। आप अपनी डाइट में इन्हें शामिल कर सकते हैं-
फल- सेब, नाशपाती, संतरा, तरबूज, चेरी, अनानास और आंवला। विटामिन C से भरपूर ये फल यूरिक एसिड को 0.5 MG/DL तक कम कर सकते हैं। रोज 2-3 सर्विंग्स लें। नींबू का पानी सुबह खाली पेट पीना विशेष रूप से फायदेमंद है।
सब्जियां- लौकी, तोरई, गाजर, खीरा, भिंडी, पालक, ब्रोकोली जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां। ये अल्कलाइन प्रभाव डालकर क्रिस्टल बनने से रोकती हैं। सलाद या सब्जी के रूप में रोजाना 300-400 ग्राम शामिल करें।
डेयरी उत्पाद- लो-फैट दूध, दही, छाछ या पनीर। अध्ययनों के अनुसार, ये यूरिक एसिड को 10-20% कम करते हैं। एक कप दही रोजाना पर्याप्त है।
अनाज और फाइबर- ओट्स, ब्राउन राइस, क्विनोआ, होल व्हीट ब्रेड। फाइबर पाचन सुधारता है और प्यूरीन अवशोषण रोकता है।
पानी और ड्रिंक्स- दिनभर 3-4 लीटर (8-10 गिलास) पानी पिएं। इससे यूरिक एसिड का सांद्रण कम होता है। ग्रीन टी या हर्बल टी भी जोड़ सकते हैं।
ये आहार न केवल यूरिक एसिड नियंत्रित करते हैं, बल्कि वजन भी संतुलित रखते हैं, जो अप्रत्यक्ष रूप से लाभदायक है।
क्या खाने से यूरिक एसिड बढता है?
वहीं कुछ फूड्स ऐसे होते हैं जो प्यूरीन से भरपूर होते हैं और यूरिक एसिड को तेजी से बढ़ाते हैं। इन्हें पूरी तरह या सीमित मात्रा में अपनी डाइट से हटा देना चाहिए जैसे:-
नॉनवेज- जिसमें शामिल है, रेड मीट (मटन, बीफ), ऑर्गन मीट (लीवर, किडनी, ब्रेन)। इनमें 150-1000 Mg प्यूरीन प्रति 100 ग्राम होता है।
सी फूड- जैसे सार्डिन, एन्कोवी, प्रॉन्स, शेलफिश। इन्हें हफ्ते में एक बार से अधिक न लें।
शराब- बीयर और व्हिस्की सबसे ज्यादा खराब होती है, क्योंकि इनमें मौजूद यीस्ट प्यूरीन बढ़ाता है और यूरिक एसिड बढ़ने का कारण बनता है। वाइन सीमित मात्रा में ठीक, लेकिन बेहतर होगा कि आप यह सब बंद कर दें।
स्वीट ड्रिंक्स- स्वीट ड्रिंक्स में कोल्ड ड्रिंक्स, जूस आते हैं जिनमें हाई फ्रुक्टोज सिरप होता है जो यूरिक एसिड को 25% तक बढ़ा सकता है।
प्रोसेस्ड फूड- चिप्स, फ्रेंच फ्राइज, बेकरी आइटम्स, ज्यादा नमक वाले स्नैक्स। ये सूजन बढ़ाते हैं।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।
