सम्पूर्ण स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं सब्जियाँ      Publish Date : 25/12/2025

                सम्पूर्ण स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं सब्जियाँ

                                                                                                                                                                         डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

  • हरी सब्जियां केवल स्वाद ही नहीं सेहत को भी बढ़ाती हैं, सर्दियों में यह हमारे लिए बन जाती हैं इम्यूनिटी बूस्टर।

सर्दियों के मौसम में आने वाली हरी पत्तेदार सब्जियां कैसे सेहत के लिए मददगार हो सकती हैं, जानकारी प्रदान कर रहे र्है, हमारे आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ0 सुशील शर्मा:-

मौसम में ठंडक के अहसास के साथ आप भी यह सोचते हैं कि सर्दियों में कौन सी हरी सब्जियां सबसे अधिक लाभकारी होती हैं? हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए सबसे अच्छी सब्जी कौन-सी है? तो आपके इन सवालों का जवाब दे रहें हैं हमोर आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ0 शर्मा।

डॉ0 शर्मा का कहना है कि सर्दियों में हरी सब्जियां केवल खाने की थाली का हिस्सा ही नहीं, बल्कि यह स्वस्थ जीवन की कूंजी भी है। सही मात्रा और सही तरीके से सेवन करने पर ये शरीर को अंदर से मजबूत बनाती है और मौसम से जुड़ी बीमारियों से भी आपका बचाव करती हैं।

सेहत का कवच हैं हरी सब्जियां: सर्दियों का मौसम स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है। इस मौसम में बाजार में मिलने वाली ताजी हरी सब्जियां न केवल खने का स्वाद बढ़ाती हैं, बल्कि शरीर को रोगों से बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ सर्दियों में हरी सब्जियों को नियमित आहार में शामिल करने की सलाह देते हैं। वह कहते है कि यह इम्यूनिटी बढ़ाने में सहायक होती हैं। पालक, मेथी, सरसों, बथुआ और धनिया जैसी हरी सब्जियां विटामिन A, C और K से भरपूर होती हैं. ये शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं, जिससे सर्दी-खांसी, फ्लू और संक्रमण से बचाव होता है। ठंड के मौसम में जब इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है, तब ये सब्जियां शरीर के लिए सुरक्षा कवच का काम करती हैं। वे कहते हैं कि प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में आंवला भी बेहद असरदार है।

                                                         

खून की कमी दूर करने में असरदारः डॉ0 शर्मा ने बताया कि हरी सब्जियां आयरन का एक अच्छा स्रोत होती हैं। विशेष रूप से पालक और बथुआ खून की कमी यानी एनीमिया को दूर करने में मददगार होते हैं। इनका नियमित सेवन से हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ता है, जिससे शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और थकान कम होती है। इसके अलावा सर्दियों में पाचन की समस्या भी शुरू हो जाती है। इस स्थिति में हरी सब्जियों में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को मजबूत करता है और कब्ज जैसी परेशानियों से राहत दिलाता है।

मेथी और सरसों का साग पाचन को बेहतर बनाने में विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है। अगर इसमें घी या बटर का इस्तेमाल करते हैं और साथ में नींबू या आंवला का उपयोग करने से इससे प्राप्त होने वाले लाभ और अधिक बढ़ जाते हैं।

हड्डियों और त्वचा के लिए लाभकारीः डॉ0 शर्मा बताते हैं कि हरी सब्जियों में कैल्शियम और विटामिन K की पर्याप्त मात्रा होती है, जो हड्डियों को मजबूत बनाती है। वहीं, इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को निखारने में मदद करते हैं और सर्दियों में होने वाले रुखेपन व ड्राइनेस से बचाते हैं। हरी सब्जियां कोलेस्ट्रॉल कम करने में सहायक होती हैं, जिससे हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम होता है।

इनमें कैलोरी कम और पोषक तत्व अधिक होते हैं, इसलिए वजन नियंत्रण के लिए भी ये आदर्श आहार मानी जाती हैं। सर्दियों में दिन में कम से कम एक कटोरी हरी सब्जी का सेवन जरूर करना चाहिए। इन्हें ज्यादा देर तक पकाने के बजाय हल्का भूनकर या उबालकर खाने से उनके पोषक तत्व सुरक्षित रहते हैं।

                                                            

बच्चों को भी खिलाएं हरी सब्जियां: आमतौर पर घरों में देखा जाता है कि बच्चे हरी सब्जियों से दूर रहते हैं। ऐसे में बच्चों को अलग-अलग तरीके से बने भोजन के जरिए इन सब्जियों की आदत लगाई जा सकती है। जैसे बथुए या मैथी के परांठे तो कभी पालक या सरसों के साग को रायते के साथ बच्चों को दिया जा सकता है। इसी तरह के कढ़ी, डोसे, चीले, इडली और कटलेट्स के रूप में भी हरी सब्जियां बच्चों को खिलाई जा सकती हैं, जो उनके लिए लाभदायक साबित होती हैं।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।