फूलगोभी के पत्ते भी है फायदेमंद      Publish Date : 30/11/2025

                        फूलगोभी के पत्ते भी है फायदेमंद

                                                                                                                                                                    डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

फूल गोभी एक ऐसी सब्जी है, जो खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत को भी काफी लाभ पहुंचाती है। यह सफेद रंग की सब्जी है, जो ब्रैसिका प्रजाति से संबधित है। इसका वानस्पतिक नाम ब्रैसिका ओलेरासिया वार बोट्राइटिस है। भारत समेत कई एशियाई देशों में गोभी एक प्रमुख सब्जी है, जिसका सेवन मुख्य रूप से सर्दियों में किया जाता है। दुनिया भर में अपने स्वाद के लिए मशहूर फूल गोभी का उपयोग सब्जी बनाने से लेकर, पराठे और पकौड़े बनाने तक में होता है। इसके अलावा भी कई ऐसे व्यंजन हैं, जिनमें फूल गोभी का स्थान खास होता है, क्योंकि फूल गोभी पोषक तत्वों से भरपूर होती है।

लेकिन लोग यह नहीं जानते हैं, कि स्वादिष्ट फूल गोभी के अलावा उसके पत्ते भी हैं खास गुणों से भरपूर। यह हमारे स्वास्थ्य के लिए कई तरह से फायदेमंद होते हैं। लेकिन फूल गोभी की सब्जी बनाते वक्त लोग इसके पत्ते निकाल कर फेंक देते हैं, और यह नहीं जानते कि फूल गोभी के पत्ते भी सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। फूल गोभी की तरह इसके पत्ते भी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इसका सेवन करने से कई बीमारियों से बचाव होता है, क्योंकि फूल गोभी के पत्तों में प्रोटीन, कैल्शियम, फाइबर, आयरन, विटामिन ए, फास्फोरस आदि पोषक तत्वों के साथ-साथ एंटी ऑक्सीडेंट जैसे गुण भी मौजूद होते हैं, जो कि शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।

फूलगोभी के पत्तों का सलाद, सूप या सब्जी बनाकर सेवन कर सकते हैं। फूलगोभी के पत्तों का नियमित सेवन हमारी पोषण स्थिति को बढ़ाने और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी को रोकने के लिए अपरिहार्य है, अतः कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। तो आइए, विस्तार से जानते हैं फूलगोभी के पत्तों के फायदे।

पत्तों में होता है फाइबर

                                                          

फूल गोभी के पत्ते फाइबर तत्वों से भरपूर होते हैं। इसी वजह से पाचन संबंधी कई समस्याओं से निजात दिलाने में सहायक होते हैं। इन पत्तों को अपने खाने में शामिल करने से पाचन सुचारु रहता है, साथ ही कब्ज की समस्या से भी निजात मिलती है। लोगों को वजन घटाने में इससे काफी फायदा मिल सकता है। इसका ग्लाइसेमिक लोड भी कम होता है। किसी भोजन का ग्लाइसेमिक लोड एक संख्या होती है, जो अनुमान लगाती है कि भोजन खाने के बाद किसी व्यक्ति के रक्त में शर्करा का स्तर कितना बढ़ा है। अध्ययन में पाया गया है कि उच्च-फाइबर और कम ग्लाइसेमिक लोड वाली सब्जियों का अधिक सेवन वजन कम करने में सहायक होता है। फूलगोभी के पत्तों का सेवन सलाद, सूप, आदि के रूप में कर सकते हैं।

विटामिन "ए" का खजाना

फूलगोभी के पत्तों का सेवन आंखों के लिए काफी फायदेमंद साबित होता है। इंटरनेशनल जर्नल ऑफ साइंटिफिक एंड इंजीनियरिंग के एक अध्ययन के अनुसार, फूलगोभी के पत्तों में भरपूर मात्रा में विटामिन "ए" होता है। इसके सेवन से सीरम रेटिनॉल का स्तर बढ़ता है और रतौंधी का खतरा कम होता है।

एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर

गोभी के पत्तों में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट तत्व मौजूद होते हैं, जो फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान और ऑक्सीडेटिव स्ट्रैस से बचाते है, जिसकी वजह से पुरानी बीमारियों का खतरा कम रहता है। अतः हमारी त्वचा को भीतर से साफ करते हैं और कैंसर जैसी बड़ी बीमारी से भी शरीर की रक्षा करते हैं। इन पत्तों को किसी भी रूप में अपने खाने में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा, इसमें कई तरह के खनिज लवण, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम, फोलिक एसिड भी उपलब्ध होते है।

कैल्शियम

पत्तों में कैल्शियम की अच्छी मात्रा पाई जाती है। इसका सेवन पोस्टमेनोपॉजल महिलाओं के लिए अच्छा माना जाता हैं, क्योंकि गोभी की पत्तियों में भरपूर मात्रा में कैल्शियम तत्व मौजूद होते हैं, इसकी 100 ग्राम पत्तियों में लगभग 96.70 निलीग्राम कैल्शियम की मात्रा पाई जाती है। कैल्शियम से भरपूर होने की वजह से इन पत्तियों का सेवन करने से हड्डियों संबंधी कई समस्याओं से छुटकारा दिलाता है।

यह मध्यम आयु वर्ग और रजोनिवृत्ति के बाद की महिलाओं के लिए अच्छा है। उच्च कैल्शियम सामग्री के कारण ऑस्टियोपोरोसिस, ऑर्थराइटिस और हड्डी से संबंधित अन्य बीमारियों की शुरुआत को रोकने की क्षमता है।

प्रोटीन से भरपूर

फूलगोभी के पत्ते प्रोटीन और मिनरल्स से भरपूर होते हैं, जो बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए जरूरी है। कुपोषित बच्चों के लिए रोजाना फूलगोभी के पत्तों का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। यह उनकी लंबाई, वजन और हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद करता है।

आयरन

फूलगोभी के पत्ते आयरन का एक उत्कृष्ट स्रोत हैं जिससे बच्चों और महिलाओं में एनीमिया जैसी समस्याओं से निदान पाया जा सकता है अथवा शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है, जिससे हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ता है और खून की कमी दूर होती है। कुछ अध्ययनों के अनुसार एनीमिया के उपचार में फूलगोभी की पत्तियों से बने साग की अहम् भूमिका है, यह बेहद लाभदायक होता है।

पाचन क्रिया रहती है दुरुस्त

फूल गोभी के पत्तों का सेवन पाचन क्रिया के लिए फायदेमंद होता है। क्योंकि फूल गोभी के पत्तों में फाइबर की भरपूर मात्रा पाई जाती है, जो पाचन क्रिया को दुरुस्त बनाता है और पाचन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में भी मदद करता है।

                                         फूलगोभी के पत्तों का पोषकीय मान

पोषक तत्त्व

मात्रा

कार्बोहाइड्रेट

3.39 ग्रा.

प्रोटीन

3.90 ग्रा.

वसा

0.42 ग्रा.

फाइबर

3.43 ग्रा.

विटामिन सी

52.84 ग्रा.

कैल्शियम

96.70 मि.ग्रा.

लोहा

2.42 मि.ग्रा.

फोलेट

42.99 माइक्रो ग्रा.

बीटा-कैरोटीन

146 माइक्रो ग्रा.

संपूर्ण कैरोटीनॉयड्स

1742 माइक्रो ग्रा.

पत्तियों का चयन सावधानी से करें

  • हरी, चमकीली और कोमल किस्म की पत्तियाँ चुनें जो दाग-धब्बों से मुक्त हों।
  • हल्के रंग की या सफेद पीली पत्तियाँ हरी पत्तियों जितनी स्वादिष्ट नहीं हो सकतीं।
  • उपयोग करने से पहले पत्तियों को ताजे पानी से अच्छी तरह धो लें।

महत्त्वपूर्ण जानकारी

                                                              

लगातार सेहत के लिए जागरूक हो रहे लोगों के लिए फूलगोभी के पत्ते भी सेहत को तंदुरुस्त करने में मददगार साबित हो सकते हैं। अब लोगों की दिनचर्या में काफी बदलाव आ रहा है, लोग अपनी सेहत को लेकर जागरूक हो रहे हैं। लोग हर्बल और घरेलू चीजों की तरफ ज्यादा जा रहे हैं। ऐसे में अगर उन चीजों का सेवन किया जाए, जो न सिर्फ सेहत के पहलू से अच्छी हों, बल्कि शरीर को कई तरह के फायदे भी उपलब्ध करवाएं तो वो दोहरा फायदा देगा।

फूलगोभी के पत्ते कुरकुरे और हल्के स्वाद वाले होते हैं। इसलिए, इन्हें कई व्यंजनों में आसानी से शामिल किया जा सकता है। इसका सेवन कच्चा और पकाकर किया जा सकता है क्योंकि पकाने पर इन पत्तियों में मौजूद कैल्शियम और आयरन की मात्रा नष्ट नहीं होती है। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना के खाद्य एवं पोषण विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार फूलगोभी के पत्तों को आमतौर पर बेकार समझ कर फेंक दिया जाता है, लेकिन अगर इन पत्तों को धूप में सुखाकर इनका पाउडर बनाकर खाने की चीजों में इस्तेमाल किया जाए तो इससे स्वाद भी बढ़ेगा और सेहत को भी फायदा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि फूलगोभी के पत्तों से खून बढ़ने की परियोजना पर भी उन्होंने काम किया था। इसमें पाया गया है कि इससे बनी चीजें खाने से बच्चों में खून का स्तर बढ़ा। इसे नमकीन के साथ-साथ मीठी चीजों में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। पत्तों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर धूप में अच्छी तरह से सुखा लें और इसका पाउडर बनाकर तैयार कर लें। सर्दियों के मौसम में गोभी आसानी से उपलब्ध होती है। ऐसे में घर में गोभी लाकर इसके पत्तों को फेंके नहीं, उन्हें धोकर सुखा लें। इस पाउडर को लंबे समय तक एयरटाइट कंटेनर में भी रखा जा सकता है।

बस इसे नमी से बचाकर रखना चाहिए, ताकि खराब न हो। इस पाउडर को सिर्फ नमकीन ही नहीं मीठी चीजों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। मुरमुरे में गुड़ और गोभी के पत्ते का पाउडर मिला कर लड्डू की तरह भी खा सकते हैं। इससे खाने की चीज के स्वाद में कोई बदलाव नहीं आता, लेकिन उसके फायदे बढ़ जाते हैं।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।