सर्दियों में डैंड्रफ की समस्या से परेशान हैं तो अपनाएं आयुर्वेदिक उपाय      Publish Date : 21/11/2025

सर्दियों में डैंड्रफ की समस्या से परेशान हैं तो अपनाएं आयुर्वेदिक उपाय

                                                                                                                                                                           डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

"सिर में डैंड्रफ होने के कई कारण हो सकते हैं। यह समस्या हमारे खान-पान में बदलाव, पानी की क्वालिटी और क्लाइमेट चेंज के कारण से भी हो सकती है।"

डैंड्रफ, हमारे स्कैल्प की एक सबसे आम प्रॉब्लम है। इसके कारण सिर में बहुत अधिक खुजली होती है और डैंड्रफ नाम का एक सफेद, पपड़ीदार फंगस बन जाता है और डैंड्रफ से छुटकारा पाना आसान नहीं है। यह बहुत परेशान करने वाली समस्या है। इससे छुटकारा पाने के लिए आपको विभिन्न प्रकार के शैम्पू और कंडीशनर का प्रयोग भी करना पड़ सकता हैं।

हालांकि, कुछ लोग इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए दवाएं भी प्रयोग करते है और इन दवाओं के कुछ लाभ भी प्राप्त होते हैं, लेकिन इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि डैंड्रफ हमेशा के लिए चला ही जाएगा।

इसके अलावा, इन प्रोडक्ट्स में मौजूद कुछ केमिकल बालों की हेल्थ को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसी प्रॉब्लम से बचने के लिए और डैंड्रफ से छुटकारा पाने के लिए आपको नैचुरल तरीके अपनाने चाहिए।

                                                                      

इसके लिए आप घर पर आसानी से मिलने वाली चीजों का उपयोग करके इस प्रॉब्लम से छुटकारा पा सकते हैं। हमारे आज के इस लेख में ऐसे ही कुछ उपायों के बारे में बताया गया है, जिनका उपयोग आप डैंड्रफ से छुटकारा पाने के लिए कर सकते हैं।

हमारे आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ0 सुशील शर्मा बताते हैं कि अगर आप कुछ घरेलू चीजों का सही तरीके से उपयोग करते हैं, तो आप डैंड्रफ से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं, इन उपयों में शामिल हैं-

नींबू के रस का उपयोग

नींबू का रस बहुत एसिडिक होता है और इसमें एंटीफंगल गुण भी मौजूद होते हैं। नींबू का रस स्कैल्प के ऊपर होने वाले किसी भी प्रकार के इन्फेक्शन या फंगस को हटाने में बहुत असरदार होता है। स्कैल्प में आमतौर पर नैचुरल ऑयल बनते हैं, जब ये ऑयल बहुत अधिक हो जाते हैं, तो डैंड्रफ की समस्या हो जाती है। नींबू का रस इन ऑयल के बनने को कम करता है।

इसके लिए एक गिलास पानी में नींबू का रस मिलाएं। बालों में शैम्पू करने के बाद, इस नींबू के रस को अपने बालों में लगाएं। हफ्ते में कम से कम दो बार ऐसा करने से स्कैल्प से फंगस हट जाएगा और आपके बाल हेल्दी भी बने रहेंगे। नींबू के रस का रेगुलर उपयोग करने से न सिर्फ स्कैल्प साफ रहेगा बल्कि खुजली भी कम होगी और आपके बाल नैचुरली चमकेंगे।

एलोवेरा का उपयोग करें

एलोवेरा जेल भी डैंड्रफ से छुटकारा पाने में बहुत असरदार साबित होता है। एलोवेरा में एंटीमाइक्रोबियल गुण भरपूर होते हैं और यह स्कैल्प को साफ भी रखता है। एलोवेरा जेल को सीधे स्कैल्प पर लगाने से स्कैल्प की जलन कम होती है. विशेष रूप से, अगर कोई फंगस है, तो वह पूरी तरह से निकल जाता है। यही फंगस डैंड्रफ का कारण बनता है।

फंगस के हटने के बाद डैंड्रफ अपने आप ही कम हो जाता है। हालांकि, एलोवेरा जेल लगाने के बाद इसे कम से कम आधे घंटे तक लगा रहने देना चाहिए और इसके बाद नहाकर इसे धो लेना चाहिए। एलोवेरा जेल का ठंडा असर सूजन को कम करता है। इसका रेगुलर इस्तेमाल करने से न सिर्फ डैंड्रफ दूर होता है बल्कि स्कैल्प भी मुलायम होता है और उसे नेचुरल ग्लो मिलता है।

बेकिंग सोडा

बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कई तरह से किया जाता है। इसका इस्तेमाल अधिकतर चेहरे के दाग-धब्बों को हटाने के लिए किया जाता है। लेकिन, यह डैंड्रफ हटाने के लिए भी बहुत असरकारी है। यह डेड स्किन सेल्स को हटाने और स्कैल्प को साफ रखने में भी मदद करता है। इसके अलावा, यह स्कैल्प पर फंगस को बढ़ने से रोकता है।

लेकिन, इस टिप का इस्तेमाल करने से पहले, आपको अपने बालों को सादे पानी से धोना चाहिए। इसके बाद, थोड़ा बेकिंग सोडा लें और इसे सीधे स्कैल्प पर लगाएं। इसे लगाने के बाद, इसे कुछ मिनट के लिए लगा रहने दें, फिर बालों को धो लें। अगर आपको बहुत ज़्यादा डैंड्रफ है, तो यह बेकिंग सोडा इसे पूरी तरह से कम कर देगा। इसके अलावा, अगर आप इसे हफ्ते में एक बार यूज करते हैं, तो आपको अपने डैंड्रफ का पक्का इलाज मिल जाएगा।

                                                                  

सेब का सिरका

एप्पल साइडर विनेगर भी डैंड्रफ खत्म करने में बहुत प्रभावकारी है। यह फंगस को पूरी तरह हटाने में मदद करता है। एप्पल साइडर विनेगर और पानी को बराबर मात्रा में मिलाएं और इसे स्कैल्प पर लगाएं। इसके एंटीबैक्टीरियल गुण स्कैल्प को साफ रखते हैं। इसके अलावा, यह नेचुरल ऑयल के अधिक मात्रा में प्रोडक्शन को भी रोकता है।

मेथी का पेस्ट

डैंड्रफ की समस्या के समाधान के लिए मेथी का पेस्ट भी अच्छा काम करता है। मेथी में प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड भरपूर होता है, जो स्कैल्प की हेल्थ को बढ़ाता है। इसके लिए दो बड़े चम्मच मेथी के बीज रात भर पानी में भिगो दें और अगली सुबह उन्हें मिला लें। पेस्ट बनाने के बाद, इस मिक्सचर को अपने बालों में लगाएं। इसे कम से कम आधे घंटे के लिए लगा रहने दें और फिर, अपने बालों को शैम्पू से धो लें, इससे धीरे-धीरे डैंड्रफ कम हो जाता है।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।