कमजोरी को दूर करने में सहायक है मखाने का दूध      Publish Date : 05/11/2025

          कमजोरी को दूर करने में सहायक है मखाने का दूध

                                                                                                                                                             डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

मखाने के दूध का सेवन करने से व्यक्ति के अंदर आई कमजोरी दूर हो जाती है। इसके अतिरिक्त मखाने वाले दूध का सेवन करने से मानव स्वास्थ्य को अनेक लाभ प्राप्त होते हैं।

मखाने में सर्वाधिक मात्रा कैल्शियम की होती है। इसके साथ ही मखाने में फाइबर और कुछ अन्य विटामिन्स भी प्रचुर मात्रा में होते हैं। ऐसे जो लोग अपने शरीर में अक्सर कमजोरी और हड्डियों में दर्द बने रहने की शिकायत करते हैं, ऐसे लोगों को मखाने को दूध में उबाल कर खाने से बहुत लाभ प्राप्त हो सकता है।

मखाने में उपलब्ध विटामिन ‘ई’ और एंटी-ऑक्सीडेंट्स हमारी त्वचा स्वस्थ्य और सुन्दर बनाए रखने में मदद करते हैं।

मखाने का दूध के साथ नियमित सेवन करने से त्वचा से सम्बन्धित समस्याएं दूर हो जाती हैं। इसके अतिरिक्त मखाने में ट्रिप्टोफेन नामक अमीनो एसिड भी पाया जाता है, जो व्यक्ति की नींद की गुणवत्ता को सुधारने में सहायता करता है। अतः ऐसे लोग जिन्हें नींद की समस्या बनी रहती है, उन्हें दूध में मखाने को उबाल कर सेवन करने से राहत मिलती है।

                                                              

दूध में उबले मखाने का सेवन करने से हमारे शरीर को मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे अन्य मिनिरल्स भी प्राप्त होते हैं जो तनाव के स्तर को कम करने में हमारी मदद करते हैं। इसके अतिरिक्त मखाना एक ऐसा ड्राईफ्रूट होता है जिसका सेवन मधुमेक के मरीज भी आसानी से कर सकते हैं। मखाने का सेवन करने से मधुमेह के रोगी को शारीरिक शक्ति प्राप्त होती है।

मखाने में मौजूद फाइबर और कैलोरी की कम मात्रा पेट को भरा रखती है जिसके चलते बार-बार कुछ खाने की इच्छा नहीं होती है जिसके कारण मखाने का नियमित रूप से सेवन करने से धीरे-धीरे शरीर का वजन भी कम होने लगता है।

विशेषज्ञों के अनुसार मखाने को दूध में उबाल कर सेवन सीमित मात्रा में करना ही लाभकारी रहता है। अधिक मात्रा में इसका सेवन करने से पेट का फूलना और पेट में भारीपन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।

                                                                    

इसके साथ ही यदि आप वजन का प्रबन्धन कर रहे हैं तो मखाने को उबालने के लिए लो (कम) फैट वाले दूध का उपयोग करना आपको शीघ्र लाभ प्रदान करेगा। इसके अलावा यदि आप पाचन से सम्बन्धित किसी समस्या का समाना कर रहे हैं तो आपको मखाने वाले दूध का सेवन किसी आयुर्वेदिक चिकित्सक से सलाह करने के उपरांत ही करना चाहिए।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।