
वायरल बुखार के कारण, लक्षण और इसका आयुर्वेदिक उपचार Publish Date : 28/10/2025
वायरल बुखार के कारण, लक्षण और इसका आयुर्वेदिक उपचार
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
वायरल संक्रमण ऐसे सूक्ष्म जीवों यानी वायरस के कारण से होता है, जो हमारे शरीर की कोशिकाओं में प्रवेश कर अपनी की संख्या बढ़ाते हैं। यह संक्रमण अक्सर सांस और पाचन से जुड़ी बीमारियाँ जैसे सर्दी, खांसी, या पेट दर्द आदि का कारण भी बन सकते हैं, हालांकि वायरस शरीर के किसी भी हिस्से को प्रभावित कर सकते हैं।
प्रत्येक वायरस की संक्रामक क्षमता अलग होती है। कुछ वायरस थोड़े समय के लिए फैलते हैं, तो कुछ लंबे समय तक सक्रिय बने रहते हैं। कई बार ऐसा भी होता है कि संक्रमित व्यक्ति में कोई लक्षण नहीं दिखाई देते, लेकिन बावजूद इसके वह फिर भी दूसरों लोगों में वायरस को फैला सकते है।
आज के अपनी इस ब्लॉग पोस्ट में हम जानेंगे कि वायरल बुखार का आयुर्वेदिक उपचार क्या है, इसके लक्षण, कारण, और घरेलू उपाय, जो आपको दवा का सेवन करने से पहले राहत पहुंचा सकते हैं।
वायरल बुखार के लक्षण
वायरल बुखार एक आम स्वास्थ्य समस्या है जो अलग-अलग वायरस के कारण हो सकती है। हालांकि, कुछ ऐसे लक्षण होते हैं जो लगभग सभी मामलों में प्रायः देखे जा सकते हैं, जैसे-
तेज बुखारः वायरल बुखार में मरीज के शरीर का तापमान 100°F से ऊपर चला जाता है और इसके साथ ही मरीज को कंपकंपी या ठंड लगना भी एक सामान्य लक्षण होता है।
लगातार थकानः मरीज पर्याप्त आराम करने के बाद भी अपने शरीर को थका हुआ और कमजोर महसूस करता है।
शरीर और जोड़ों में दर्दः वायरल बुखार के दौरान मरीज की मांसपेशियों और हड्डियों में दर्द महसूस हो सकता है, जो कभी-कभी बहुत असहनीय हो जाता है, विशेष रूप से डेंगू के जैसे संक्रमणों के दौरान।
सिरदर्दः हल्के से लेकर तेज सिरदर्द तक, जो कि दिनभर भी बना रह सकता है और यह मरीज के काम करने में भी बाधा डालता है।
नाक और गले की समस्याः गले में खराश, नाक बहना या नाक का बंद होना और हल्की खांसी जैसे लक्षण दिखना भी सामान्य होता हैं।
त्वचा पर दाने बननाः कुछ वायरल बुखार जैसे डेंगू या चिकन पॉक्स जैसे संक्रमणों में शरीर पर लाल रंग के चकत्ते या रैशेज भी दिखाई दे सकते हैं।
पेट से जुड़ी समस्याएं: कुछ मरीजों में उल्टी, जी मिचलाना या दस्त की शिकायत भी दिखाई दे सकती है।
आँखों में लालिमाः वायरल संक्रमण के कारण आंखें लाल और सूजी हुई दिखाई दे सकती हैं, जैसा कि वायरल कंजंक्टिवाइटिस में होता है।

यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि कई बार वायरल संक्रमण बिना किसी लक्षण के भी हो सकता है, जिसे स्पर्शोन्मुख संक्रमण कहा जाता है। ऐसे मामलों में प्रभावित व्यक्ति को बीमारी का पता नहीं चलता, लेकिन वह दूसरों को संक्रमित कर सकता है।
इसलिए यह जरूरी है कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराते रहें, जिससे कि किसी भी छिपे हुए संक्रमण का समय रहते पता लगाया जा सके और उसका उचित उपचार शुरू किया जा सके।
अगर बुखार 102°F से ज्यादा हो जाए या 4-5 दिन तक बना रहे, तो डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।
वायरल बुखार के कारण
- मौसम में अचानक बदलाव होना।
- किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आना।
- अस्वच्छ पानी या भोजन या फल आदि का सेवन करना।
- इम्यून सिस्टम का कमजोर होना।
- खुले में अधिक देर तक रहना या भीग जाना।
वायरल संक्रमण का आयंर्वेदिक उपचारः

वायरल संक्रमण जैसे सर्दी-जुकाम या खांसी अधिकतर मामूली होते हैं और बिना किसी दवा के कुछ दिनों में अपने आप ही ठीक हो जाते हैं। लेकिन लक्षणों से राहत पाने और जल्दी ठीक होने के लिए कुछ आसान घरेलू उपाय और देखभाल करना भी जरूरी होता है। वायरल संक्रमण के कुछ असरदार उपचार इस प्रकार से हो सकते हैं-
पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें: अच्छे स्वास्थ्य के लिए शरीर को हाइड्रेट बनाए रखना सबसे अधिक जरूरी है। इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी, नारियल पानी, सूप या हर्बल चाय पीने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में बढ़त होती है और बलगम को बाहर निकालने में आसानी होती है।
पर्याप्त आराम करें: इस स्थिति में शरीर को पूरा आराम देना भी बहुत जरूरी है। इसलिए आप जितना अधिक आराम करेंगे, शरीर उतनी जल्दी वायरस से लड़ पाने में सक्षम होगा।
भाप लें या ह्यूमिडिफायर का उपयोग करें: नाक बंद या गले में खराश आदि के होने पर भाप लेना या कमरे में नमी बनाए रखना बहुत लाभकारी सिद्व होता है।
गर्म पानी से गरारे करें: गले में दर्द या खराश हो तो दिन में 2-3 बार नमक मिले गर्म पानी से गरारे करें। ऐसा करने से आपको काफी आराम मिलता है।
विटामिन C और जिंक युक्त आहार लें: संतरा, आंवला और नींबू जैसे फलों के साथ जिंक युक्त खाद्य पदार्थ जैसे कद्दू के बीज या बादाम आदि का सेवन करना भी लाभकारी रहता है। यह दोनों आपके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाते हैं।
आवश्यकता होने पर व्ज्ब् दवाओं का प्रयोग करें: बुखार, सिरदर्द या खांसी जैसे लक्षणों के लिए डॉक्टर से सलाह लेकर ओवर-द-काउंटर दवाएं उपयोग की जा सकती हैं।
नाक के लिए स्प्रेः अगर नाक अधिक बंद हो, तो सेलाइन नेज़ल स्प्रे का उपयोग करें, जिससे आपको सांस लेने में आसानी होगी।
वायरल बुखार का घरेलू और आयुर्वेदिक उपाचारः
1. तुलसी और अदरक की चाय
तुलसी में एंटीवायरल गुण होते हैं, और अदरक सूजन को कम करता है।
चाय बनाने का तरीका -
एक गिलास पानी में 5 तुलसी की पत्तियां, 1 चम्मच अदरक और 2 लौंग डालें। उबालकर इसको छान लें और दिन में 2 बार सेवन करें।
2. हल्दी वाला दूध
हल्दी का सेवन करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इसके लिए रात को सोने से पहले गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी पाउडर डालकर इसका सेवन करें।
3. गुनगुने पानी से स्नान या पट्टी
तेज बुखार होने पर गुनगुने पानी की पट्टी माथे पर रखें या हल्का स्नान करें। इससे शरीर का तापमान धीरे-धीरे कम होने लगता है।
4. लहसुन का सेवन
लहसुन में एंटीबायोटिक जैसे गुण होते हैं। 1-2 लहसुन की कलियां गर्म पानी के साथ निगल लें।
5. गिलोय का काढ़ा
गिलोय आयुर्वेद में इम्यून बूस्टर के रूप में जाना जाता है। गिलोय की ताजी डंडी को उबालकर उसका काढ़ा दिन में एक बार सेवन करें आपको लाभ प्राप्त होगा।
वायरल बुखार आम जरूर है, लेकिन यदि समय पर उचित ध्यान न दिया जाए तो यह बड़ी समस्या भी बन सकता है। घरेलू नुस्खे और आयुर्वेदिक उपाय अगर सही तरीके से अपनाए जाएं तो ये रामबाण उपाय भी साबित हो सकते हैं। साथ ही, यदि बुखार अधिक दिनों तक बना रहता है तो आपको समय रहते ही डॉक्टर की सलाह लेना चाहिए।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।
