डायबिटीज में ब्लड शुगर को नियंत्रित रखना बेहद आवश्यक      Publish Date : 12/04/2025

डायबिटीज में ब्लड शुगर को नियंत्रित रखना बेहद आवश्यक

                                                                                                              डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

किसी भी काम को सुचरू रूप से करने के लिए शरीर में रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) का एक निश्चित स्तर होना बहुत जरूरी होता है। मधुमेह (डायबिटीज) में रक्त में शर्करा का स्तर काफी बढ़ जाता है। शरीर में रक्त शर्करा नियंत्रित रहे, इसके लिए जरूरी है कि हमारा पाचन संस्थान ठीक से काम करता रहे। डायबिटीज में शरीर की कोशिकाएं ऊर्जा पाने के लिए शर्करा का पूरी तरह से उपयोग नहीं कर पातीं हैं, जिसका दुष्प्रभाव शरीर के दूसरे अंगों पर भी पड़ता है।

                                             

बहरहाल, खानपान की गलत आदतों, अस्वास्थ्यकर जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी अज्ञानता के कारण हमारे देश में डायबिटीज के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आज लगभग हर घर में कोई न कोई व्यक्ति डायबिटीज से ग्रस्त है। यह स्थिति गंभीर तो है लेकिन थोड़ी-सी सावधानी से हम रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित कर स्वस्थ रह सकते हैं, इसके लिए सही जानकारी का होना बहुत जरूरी है।

आप डायबिटीज में इन सुझावों पर अमल कर अपने शरीर में रक्त का स्तर उचित बनाए रख सकते हैं-.

  • पर्याप्त नींद लें।

  • वजन नियंत्रित रखें।

  • शरीर में पानी की कमी न होने दें। पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।

  • चीनी से बने पदार्थ शर्करा की मात्रा तेजी से बढ़ा देते हैं। इसलिए चीनी का सेवन न करें।

  • अधिक कार्बाेहाइड्रेट का सेवन न करें। कार्बाेहाइड्रेट काफी तेजी से पचता है और ग्लूकोज बनाता है। इससे भी रक्त में शर्करा की मात्रा तेजी से बढ़ जाती है।

  • प्रोटीन हमारी सेहत के लिए बहुत जरूरी होते है। आपको अपने प्रत्येक आहार में प्रोटीन को जरूर शामिल करना चाहिए।

  • रक्त शर्करा को नियंत्रित रखने के लिए रक्त शर्करा की जांच समय-समय पर कराते रहना चाहिए।

  • नियमित रूप से व्यायाम करें। सुबह उठकर जॉगिंग करें या योगासन, प्राणायाम करें। इससे इंसुलिन का बनना बन्द नहीं होता है और शरीर की मांसपेशियों को निरंतर ऊर्जा मिलती रहती है।

  • कम ग्लाइसेमिक सूचकांक (इंडेक्स) वाले आहार का सेवन करें। ऐसे आहार आपके रक्त में धीमे-धीमे पचते हैं और इससे रक्त में शर्करा का स्तर नियंत्रित रहता है।

  • हरी सब्जियों, फलियों और रेशेदार फलों (जैसे- बेरी आदि), बादाम आदि का सेवन करें। रक्त शर्करा के स्तर को निंत्रित करने में साबुत अनाज बहुत फायदेमंद रहते हैं।

  • तनावमुक्त रहें। इसके लिए ध्यान (मेडिटेशन) करें।

  • इंसुलिन का निर्माण पैन्क्रियाज में होता है। धूमपान पैन्क्रियाज के लिए हानिकारक है, अतः इसका सेवन करना बन्द कर दें।

  • खाने में नमक की मात्रा कम लें और खाना खाने के बाद 15 से 20 मिनट तक जरूर टहलें।

  • गर्मियों में पिए जाने वाले सॉफ्ट ड्रिंक्स में इस्तेमाल किए जाने वाले स्वीटनर और प्रिजर्वेटिव से रक्त में शर्करा की मात्रा काफी तेजी से बढ़ती है, अत इनसे बचे रहें।

  • नीम, बेलपत्र, मेथी, विजयसार, गुड़मार, हल्दी, त्रिफला और जामुन आदि औषधियों का सेवन किसी आयुर्वेद चिकित्सक की सलाह के पश्चात ही करें।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।