
40+ के बाद भी आंख नहीं होगी कमजोर, खाएं यह सुपर फूड्स Publish Date : 05/02/2025
40+ के बाद भी आंख नहीं होगी कमजोर, खाएं यह सुपर फूड्स
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
आजकल हमारी खराब जीवनेशैली और खानपान के चलते कम उम्र में ही आँखों की रोशनी कम होने लगती है। जबकि, गाजर, ब्रोकली, आँवला, शिमला मिर्च और पालक जैसी अन्य कई चीज़ें खाकर आँखों को स्वस्थ बनाए रखा जा सकता है।
संतुलित आहार और जीवनशैली से आप अपने शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं। लेकिन, पिछले कुछ सालों में भारत में खराब जीवनशैली के कारण अनेक बीमारियाँ तेज़ी से बढ़ रही हैं। जो बीमारियाँ पहले 50-60 साल की उम्र के बाद ही दिखाई देती थीं, वह अब 30-35 साल की उम्र में ही लोगों को परेशान कर रही हैं। इसलिए, अभी से ही अपनी आँखों का खास ख्याल रखें तो आप आंखों की इस समस्या से बचे रह सकते हैं।
कंप्यूटर और मोबाइल का अधिक उपयोग करना आँखों पर बुरा असर डाल सकता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, इसीके चलते सभी की आँखों की रोशनी समय से पहले कमज़ोर होने लगती है। गैजेट्स के साथ घंटों बिताने के कारण आँखों को आराम नहीं मिल पाता है और फलतः नजर कमजोर होने लगती है।
इससे आँखों पर ज़ोर पड़ता है। साथ ही, सूरज की हानिकारक यूवी किरणें भी आँखों के लिए नुकसानदायक होती हैं। ऐसे में अपने खानपान का विशेष ध्यान रखें। कुछ चीज़ों को अपने आहार में शामिल करके आप अपनी आँखों की रोशनी बनाए रख सकते हैं और उन्हें स्वस्थ भी रख सकते हैं।
गाजर खाएं- सर्दियों में कई ऐसी सब्ज़ियाँ होती हैं जो आँखों के लिए एक वरदान स्वरूप होती हैं। आँखों की रोशनी बढ़ाने के लिए रोज़ाना 1-2 गाजर खाएं। गाजर में विटामिन ए और बीटा कैरोटीन होता है, जो आँखों की रोशनी तेज़ करता है और कमज़ोर आँखों को पर्याप्त पोषण देता है। गाजर खाने से सूखी आँखों की समस्या भी दूर होती है। रोज़ाना गाजर खाना चाहिए।
ब्रोकली खाएं - आजकल बाज़ार में ताज़ी ब्रोकली मिल जाती है। किसी भी तरह से ब्रोकली को अपने आहार में शामिल करें। ब्रोकली सिर्फ़ आँखों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे शरीर के लिए सुपरफ़ूड होता है। ब्रोकली में ज़ेक्सैंथिन और ल्यूटिन नामक कैरोटीनॉयड होते हैं, जो आँखों के रेटिना में जमा हो जाते हैं। ये ब्लू लाईट से होने वाले नुकसान से आँखों की रक्षा करते हैं। ब्रोकली में ऐसे तत्व भी होते हैं जो आँखों की मांसपेशियों को मज़बूत बनाने का काम करते हैं।
आँवला खाएं - विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर आँवला आँखों के लिए प्राचीन काल से ही एक वरदान माना जाता रहा है। आँवला खाने से आँखों की रोशनी बढ़ती है। सर्दियों में आँवला आसानी से मिल जाता है। इसके लिए आपको रोज़ाना 1 आँवला जरूर खाना चाहिए। आँवला रेटिना और लेंस को फ्री रेडिकल्स से बचाता है। यह आँखों को तनाव से बचाने में भी मदद करता है।
शिमला मिर्च खाएं- आँखों की रोशनी बढ़ाने के लिए शिमला मिर्च भी एक अच्छी सब्ज़ी है। रंगीन सब्ज़ियाँ आंखों की सेहत के लिए अच्छी मानी जाती हैं। ये विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती हैं। शिमला मिर्च में विटामिन सी होता है, जो आँखों के टिशू को नुकसान से बचाता है।
पालक खाएं- इसके अलावा, रोज़ाना कुछ पालक ज़रूर खाएं। आप चाहें तो पालक को कच्चा या हल्का उबालकर सब्ज़ी या सूप में मिलाकर खा सकते हैं। पालक आँखों की रोशनी बढ़ाने के लिए अच्छा माना जाता है। पालक में कई पोषक तत्व होते हैं जो आँखों को बीमार होने से बचाते हैं। पालक में ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन नामक कैरोटीनॉयड होते हैं जो आंखों के रेटिना को हानिकारक ब्लू लाइट से बचाते हैं।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।