
स्ट्राटअप को सफल कैसे बनाएं Publish Date : 23/09/2025
स्ट्राटअप को सफल कैसे बनाएं
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं अन्य
हमेशा नया करने की कोशिश करते रहें, वैज्ञानिक सोच बनाए रखें, भावुक न हों और तथ्यात्मक निर्णय लेनें का प्रयास करें-
आजकल कई युवा ऐसे हैं, जो अपना खुद का स्टार्टअप तो शुरू करते हैं, लेकिन वह उसमें सफल नहीं हो पाते हैं। इसका एक प्रमुख कारण ऐसे युवाओं की सोच में नवीनता, प्रौद्योगिकियों आदि की जानकारी का अभाव हो सकता है।
ऐसे में यदि आप भी ऐसे ही उद्यमी हैं, जो अथक प्रयासों के बाद भी अपने स्टार्टअप को सफल नहीं बना पा रहे, तो आपको अपनी सोच को वैज्ञानिक मानसिकता के अनुसार ढालना होगा। इससे न केवल आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि एक सफल उद्यमी को किस आधार पर निर्णय लेने चाहिए, बल्कि अपने स्टार्टअप को सफल बनाने वाली समस्त तकनीकों को जानने का भी अवसर भी प्राप्त होगा।
अपने विचारों का परीक्षण करें-

वैज्ञानिक मानसिकता से स्पष्ट अवधारणाएं तैयार करना, उनका परीक्षण करने के लिए प्रयोगों को डिजाइन करना और स्टार्टअप प्रक्रिया के दौरान डेटा-आधारित निर्णय लेने जैसे कौशल विकसित होते हैं। वैज्ञानिक किसी परिकल्पना को साबित करने की कोशिश नहीं करते,
बल्कि वह अपने प्रयासों पर जोर देते हैं। यदि आप अपने उद्यम को सफल बनाना चाहते हैं, तो जो भी विचार आपके दिमाग में आते हैं उनको अमल में अवश्य लाएं।
प्रयोग करें और डेटा का एकत्रीकरण करें-
समय कभी भी किसी के लिए नहीं रुकता है। इसलिए एक निर्धारित समय में अपने स्टार्टअप को सफल बनाने लिए सीमित समय में अधिकतम प्रयोग करना और आवश्यक डेटा एकत्र करना महत्वपूर्ण हो जाता है। इसके अलावा एक सफल व्यवसाय के लिए यह भी जरुरी है कि आपको आपके ग्राहकों समस्याओं की जानकारी हो। आप नवीन तकनीकों का इस्तेमाल समस्याओं को हल करने के साथ कंपनी की सेवाओं का प्रचार करने के लिए कर सकते हैं।
इसके अलावा संबंधित पेशेवरों से अच्छे संबंध बनाएं रखें और अनुभवी लोगों से मार्गदर्शन प्राप्त करें। इससे आपको सफल व्यवसाय के गुण तो मिलेंगे ही, साथ ही व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिलती रहेंगी।
प्रतिस्पर्धा और सहयोग की भावना का विकास

वैज्ञानिक मानसिकता वाले उद्यमी हमेशा अपने प्रतिस्पर्धियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और सहयोग करने की भावना को प्राथमिकता प्रदान करते हैं। ऐसे में आपको भी एक एंटरप्रेन्योर के रूप में अपने प्रतिस्पर्धियों से प्रतिस्पर्धा और आवश्यकता हो़ने पर उनका सहयोग अवश्य करना चाहिए। अपने आपको सफल एंटरप्रेन्योर के रूप में स्थापित करने के लिए अपने प्रतिस्पर्धियों के निरंतर साथ बैठकें करें और सफल एंटरप्रेन्योर कैसे बना जाए, इसके लिए उनके दृष्टिकोणों को अपनाने का भी भरपूर प्रयास करें।
आगे बढ़ने से कतई न डरें
एक बेहतरीन एंटरप्रेन्योर वह व्यक्ति होता है, जो अपने व्यवसाय को नए स्तर पर पहुंचाने के लिए नए-नए विचारों को बिना किसी डर के आजमाता है। आपके विचार असफल होने की दशा में भी आगे बढ़ने से न डरें, क्योंकि हो सकता है अपने असफल प्रयास से ही आपको एक नया रास्ता मिले, जिससे आप अपने नुकसान को कम कर सकें। इसलिए आपको हमेशा ही कुछ नया करने की कोशिश करते रहना चाहिए। इससे पेशेवर वैज्ञानिक मानसिकता के साथ काम करने के लिए तथ्यों पर आधारित निर्णय लेकर आप परिणामों को और अधिक बेहतर बना सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
