
मोबाइल की लत ने महिलाओं में 15\% तक बढ़ाया मोटापा Publish Date : 17/09/2026
मोबाइल की लत ने महिलाओं में 15% तक बढ़ाया मोटापा
डॉ0 दिव्यंशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा
मोबाइल फोन की लत महिलाओं में मोटापा बढ़ा रही है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के जंतु विज्ञान विभाग के एक हालिया शोध में पता चला है कि रात 11 बजे के बाद मोबाइल फोन पर सक्रिय महिलाओं में 15 फीसदी तक मोटापा बढ़ा है। भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी की ओर से वर्ष 2024 मे यंग एसोसिएट राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित डॉ. गौरव मजुमदार और उनकी टीम की ओर से 35 महिलाओं पर रैंडम आधार पर किए गए अध्ययन में यह दावा किया गया है कि यह आदत महिलाओं में पॉलिसिटिक ओवरी सिंड्रोम (पीसीओएस), मोटापा और मानसिक तनाव का कारण बन रही है।
डॉ. गौरव यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो, यूनाइटेड किंगडम में रिसर्च एसोसिएट के रूप में इस शोध पर काम कर चुके हैं। अब इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग से बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर जुड़कर अपना शोध भारतीय महिलाओं पर अध्ययन के साथ आगे बढ़ाया है। इसकी शुरुआत उन्होंने उत्तरप्रदेश की महिलाओं से की है।डॉ. गौरव बताते हैं कि आज की भागदौड़ भरी शहरी जिंदगी में हम सूरज की रोशनी से ज्यादा मोबाइल फोन और लैपटॉप की कृत्रिम रोशनी के बीच समय बिता रहे हैं।
यह बदलाव केवल नींद की कमी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे शरीर के सर्केडियन रिदम को भीप्रभावित कर रहा है। इससे दूसरी तरह की बीमारियां भी जन्म ले रही हैं। इस शोध में मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकीय जांच में यह पाया गया कि मोबाइल की लत महिलाओं के लिए हानिकारक साबित हो रही है।
क्या है 'सर्केडियन रिदम' और क्यों है यह जरूरी
हमारे शरीर के अंदर एक प्राकृतिक घड़ी होती, जो लगभग 24 घंटे के चक्र में काम करती है। यह घड़ी तय करती है कि कब हमें नींद आनी चाहिए, कब भूख लगनी चाहिए और शरीर को कब कौन सा हार्मोन रिलीज करना है। इसी को सर्केडियन रिदम की संज्ञा दी गई है। डॉ. गौरव के अनुसार शरीर में मेलाटोनिन नामक एक नाइट हार्मोन होता है, जो केवल अंधेरे में बनता बनता है। रात में मोवाइल फोन की नीली रोशनी या टीवी चालू रखने से इस हार्मोन का बनना रुक जाता है, जिससे शरीर की पूरी लय बिगड़ जाती है और महिलाएं पीसीओएस, मोटापे व तनाव का शिकार हो जाती हैं।
क्या खाने से ज्यादा जरूरी है कब खाना: इस शोध का एक चौंकाने वाला पहलू यह है कि वजन बढ़ने का संबंध केवल आपके भोजन में मौजूद कैलोरी से नहीं, बल्कि आपके भोजन ग्रहण करने के समय से भी है। डॉ. गौरव बताते हैं कि रात 11 बजे के बाद भोजन करने या मोबाइल का अधिक उपयोग करने से महिलाओं में शरीर की चर्बी 15 फीसदी तक बढ़ जाती है।
लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।